भारतीय संस्कृति में गुड़ी पड़वा अर्थात चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से भारतीय परम्परा के अनुरूप नव सम्वत्सर की शुरूआत होती है। शनिवार को नववर्ष की शुरुआत उज्जैन से हो रही है। इसके लिए विशेष रूप से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान यहां उपस्थित होंगे। उनकी संकल्पना के अनुरूप 2 अप्रैल को गुड़ी पड़वा का दिन Óउज्जैन गौरव दिवसÓ के रूप में मनाया जाएगा। इस मौके पर शाम 7 बजे प्रसिद्ध गायक पद्मश्री कैलाश खेर अपने बैंड 'कैलासाÓ के साथ लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देंगे। दत्त अखाड़ा, रामघाट पर होने वाले इस सांगीतिक समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री चौहान, उषा ठाकुर, मंत्री संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व, डॉ. मोहन यादव, उच्च शिक्षा मंत्री, अनिल फिरोजिया, पूर्व मंत्री एवं विधायक पारस जैन उपस्थित रहेंगे। इस मौके पर मुख्यमंत्री चौहान महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ द्वारा प्रकाशित 'विक्रम पंचांगÓ व 'भारत विक्रमÓ यू-ट्यूब चैनल का लोकार्पण करेंगे।
हिंदू नववर्ष की पूर्व संध्या पर निकाली नगर गौरव यात्रा
हिंदू नववर्ष की पूर्व संध्या पर महाकाल मंदिर से शाम 6 बजे नगर गौरव यात्रा निकाली गई, जिसमें मुंबई की ढोल पार्टी और इंदौर के राजकमल बैंड ने मनोहारी प्रस्तुति दी। धार्मिक व पर्यावरण पर आधारित झांकियां थीं। साथ ही मंदिर से जुड़े पुजारी-पुरोहित तथा कर्मचारी भी शामिल रहे। चल समारोह में झांझ व डमरू पार्टी भी शामिल हुई। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव तथा प्रदेश के मठ मंदिर समिति के अध्यक्ष माखनसिंह आदि ने यात्रा का पूजन कर नगर भ्रमण की ओर रवाना किया। महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा टॉवर चौक तक नगर गौरव यात्रा निकाली गई। गुड़ीपड़वा 2 अप्रैल को उज्जैन का गौरव दिवस मनाया जाएगा। प्रशासक गणेश धाकड़ ने बताया यात्रा में विक्रमादित्य व नवरत्नों की झांकी, भर्तृहरि के कृतित्व एवं व्यक्तित्व पर आधारित झांकी, भस्म आरती की झांकी, भगवान श्री कृष्ण की शिक्षा स्थली सांदीपनि आश्रम की झांकी, अमरनाथ की गुफा, मादुस्कर मित्र मंडल द्वारा झांझ-मंजीरा-डमरू की प्रस्तुति दी गई।