scriptहोलिका दहन के बाद शहर में मची रंगों की धमाल | Color will emerge today, glee | Patrika News

होलिका दहन के बाद शहर में मची रंगों की धमाल

locationउज्जैनPublished: Mar 21, 2019 11:17:47 am

Submitted by:

Gopal Bajpai

150 स्थानों पर हुआ होलिका दहन

patrika

Ujjain,Holi,Holi festival,nagda,Glee,

नागदा. होली पर्व गुरुवार को शहर में धूमधाम से मनाया जाएगा। शहर में करीब 150 से अधिक स्थानों पर रात्रि में होलिका दहन पारंपरिक रूप से आयोजित हुए। गुरुवार सुबह शहरवासी एक-दूसरे को रंग गुलाल लगाकर पर्व की बधाई देंगे। पर्व को लेकर बुधवार शाम से देर रात तक बाजार में चहल-पहल देखी गई। बुधवार को शहर के प्रमुख बाजारों में होली की खरीददारी करते लोग देखे गए। युवा वर्ग में होली पर्व का काफी उत्साह हैं। विभिन्न स्थानों पर युवा व बच्चों की टोलियों द्वारा होली उत्सव का आयोजन गुरुवार को किया जाएगा।
इन स्थानों होलिका दहन
शहर मे विभिन्न स्थानों पर होलिका दहन कार्यक्रम हुआ। विभिन्न संगठनों की अगुवाई में देर रात से अल सुबह तक होलिका दहन किया गया। यह सिलसिला रात 11 बजे से अल्प सुबह 4 बजे तक जारी रहा। कंडे, लकड़ी, नारियल,खजूर से होली को सजाया गया। शहर के ग्रेसिम क्लब में रात करीब 9 बजे होलिका दहन किया गया। इसके अलावा एमजी रोड, भैरु चौक, थाना चौराहा, दशहरा मैदान स्थित हनुमान मंदिर, चेतनपुरा, जूना नागदा, लक्कड़दास मंदिर, चंबल मार्ग, महावीर मार्ग, गुलाबबाई कॉलोनी, ओझा कॉलोनी, पाड्ल्या रोड चौराहा, चंद्रशेखर आजाद मार्ग, पाड्ल्या गांव, इंदिरा चौक, बिरलाग्राम, मेहतवास, चंद्रशेखर मार्ग आदि स्थानों पर दहन कार्यक्रम हुआ।
टेपा सम्मेलन निरस्त : महात्मा गांधी मार्ग स्थित भैरू चौक समिति द्वारा परंपरागत रूप से रंगपंचमी पर्व पर आयोजित होने वाला हास्य टेपा सम्मेलन का आयोजन इस बार आचार संहिता के चलते निरस्त कर दिया गया है। यह आयोजन कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्यारेलाल पोरवाल के नेतृत्व में 29 साल पहले प्रारंभ किया गया था। जिसमें अभी तक देश के कई जाने मानें कवियों अपना काव्य पाठ कर चुके है। लेकिन इस बार आचार संहिता प्रभावी होने के कारण रात 10 बजे बाद आयोजन की अनुमति प्रशासन ने नहीं दी। जिसके कारण यह टेपा सम्मेलन को निरस्त करना पड़ा है। वैसे यह दूसरा मौका है जब आचार संहिता के कारण यह आयोजन निरस्त किया गया है।
आज चूल का आयोजन
धुलेंडी के अवसर पर गुरुवार को पाड़ल्या कलां स्थित नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर पर चूल का आयोजन होगा। यहां पर 9 फीट लंबी चूल के अंदर धधकते अंगारों के ऊपर से सैकड़ों श्रद्धालु नंगे पांव गुजरकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे। यहां पर श्रद्धालु भगवान नीलकंठेश्वर महादेव से मांगी गई मन्नत पूर्ण होने पर चूल में चलते हैं। इसे देखने गांव सहित आसपास के क्षेत्र के कई लोग यहां देखने पहुंचे। चूल का आयोजन मंदिर के महंत रमेश पर्वत की अगुवाई में शाम 4 बजे से होगा। गांव स्थित अति प्राचीन श्री नवकली नाग महाराज श्री वीर तेजाजी महाराज मंदिर प्रांगण में चूल में चलने वाले श्रद्धालु एकत्र होंगे।
संस्था स्नेह में हर्षोल्लास से मनाई होली
लायन्स क्लब नागदा ग्रेटर की स्थाई परियोजना एवं बौद्धिक दिव्यांगों के पुनर्वास हेतु कार्यरत संस्था ने दिव्यांगों के जीवन में रंग भरकर होली के पर्व को सार्थक किया। स्नेह संस्थापक पंकज मारू ने बताया कि शहर के कर्तव्य निष्ठ दृष्टिबाधित दिव्यांग केशुराम एवं उनकी अस्थिबाधित पत्नी जो आत्मविश्वास के साथ अपना व्यवसाय करते है को व्यवसाय के लिए पांच हजार रुपए की आर्थिक सहायता संस्था स्नेह द्वारा प्रदान करने के बाद बच्चों के साथ होली का त्योहार उल्लास से सूरज स्नेह परिसर में मनाया गया। इस अवसर पर सामाजिक न्याय विभाग के आरके जोशी, प्रबंधन समिति के पंकज पावेचा संसथान की निदेशक डॉ. नैना क्रिश्चयन मचार, सुनील गौतम, जीवेन्द्र बिसेन, रंजीता तंवर, मनीष जोनवाल, चन्दनसिंह शर्मा, देव कुंवर, प्रमोद धर दुबे, सरस्वती पाटीदार आदि मौजूद थे।
होली की मस्ती पर आचार संहिता की बंदिश
चुनावी आचार संहिता ने इस बार होली की मस्ती में खलल डाला है। प्रतिवर्षानुसार इस बार होली के हुड़दंगों को रात 10 बजे बाद लाउड स्पीकर और डीजे बजाने की अनुमति नहीं मिली। जिसके कारण होलिका दहन के कार्यक्रम के आयोजकों को बिना किसी शोर गुल के ही होलिका का दहन करना पड़ा। रंग एवं मस्ती के इस त्योहार में किसी प्रकार का भंग नही पड़े। इसलिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मंडी पुलिस थाने में जहां 15 स्थानों पर पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं 5 मोबाइलों को मंडी थाना क्षेत्र में 24 घंटे गश्त करेगी। वहीं त्योहार के मद्देनजर मंडी क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल भी बुला लिया गया है। बिरलाग्राम थाने क्षेत्र की सुरक्षा की कमान थाना प्रभारी एवं प्रशिक्षु आइपीएस रजत सकलेचा के हाथ में होगी। थाने की 5 मोबाइलों में से 3 मोबाइल बिरलाग्राम क्षेत्र में गश्त के लिए लगाया गया है। वहीं 2 मोबाइल देहात की सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया हैं। इसके अलावा दो स्थानों पर पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से पाइंट बनाए है जहां बुधवार शाम से ही पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगा दी गई थी।
अपराधियों पर पुलिस ने कसी नकेल : लोकसभा चुनाव एवं होली पर्व को देखते हुए पुलिस ने शहर के दोनों थानों क्षेत्र के अपराधियों पर भी नकेल कसी हैं। अभी तक मंडी थाना क्षेत्र के करीब 26 अपराधिक प्रवृति के लोगों को पुलिस ने थाने में बुलाकर उनसे अपराध नहीं करने के बांड भरवाए गए है। वहीं करीब 40 आदतन अपराधियों को जिला बदर की कार्रवाई की गई है। इसी प्रकार बिरलाग्राम थाने में आधा दर्जन लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और 2 बदमाशों के खिलाफ जिलाबदर की कार्रवाई एवं एक बदमाश को पकड़ कर जेल भेजा गया हैं। पुलिस प्रशासन की ओर से चेतावनी दी गई है कि त्योहार के दौरान कोई भी व्यक्ति हुडदंग करता, शराब पीकर वाहन चलाता या फिर किसी को जबरजस्ती रंग लगाते पाया गया या शिकायत मिली तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
होली के पर्व को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए है। किसी भी प्रकार की हुड़दंग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके लिए पूरे शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस के पाइंट बनाकर वहां पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
मनोज रत्नाकर, सीएसपी

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो