नितिन गडकरी उज्जैन में गुरुवार को 11 सड़कों के शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर केंद्रीय राज्यमंत्री सड़क परिवहन एवं राजमार्ग रिटायर्ड जनरल वीके सिंह, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव, सांसद अनिल फिरोजिया समेत कई नेता मौजूद थे। गटकरी ने उज्जैन में 534 किमी लंबी सड़कों का शिलान्यास किया। इसकी लागत 5722 करोड़ रुपए है। गडकरी ने कहा कि पांच वर्षों में मध्यप्रदेश की सड़कें अमेरिका जैसी होंगी।
महाकाल बाबा के किए दर्शन
नितिन गडकरी ने महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के भी दर्शन किए। गडकरी के साथ ही केंद्रीय मंत्री वीके सिंह, शिवराज सिंह चौहान आदि ने महाकाल पहुंचकर भगवान के दर्शन किए। गडकरी ने बाबा महाकाल का अभिषेक भी किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने गडकरी को स्मृति चिन्ह भी भेंट किया। इस मौके पर वीके सिंह ने महाकाल मंदिर परिसर के विस्तारीकरण के लिए 11 करोड़ रुपए देने की घोषणा की। वीके सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश में 2014 तक 5 हजार किमी राष्ट्रीय राजमार्ग थे। अब बढ़कर 9 हजार किमी हो गए।

गडकरी बोले- एयरटैक्सी चलाई जाएगी
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान गडकरी ने कहा कि पांच साल में मध्यप्रदेश की सड़कें अमेरिका जैसी हो जाएंगी। महाकाल की नगरी उज्जैन में एयर टैक्सी चलेंगी। 30-40 किलोमीटर तक श्रद्धालु एयर टैक्सी के माध्यम से मंदिर आ-जा सकेंगे। चंबल नदी में भी फ्लाइंग बोट चलाई जाएगी।
हवा में बस चलाना असंभव नहींगडकरी ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री जी ने हवा में बस चलने की बात कही, वह असंभव नहीं है। उत्तराखंड में 16, हिमाचल में 15 रोप-वे बना रहे हैं। उज्जैन में फ्लाईओवर के स्थान पर लाइट रेल और एयरपोर्ट की तरह बस पोर्ट भी बनाए जा सकते हैं। आप मुझे प्रस्ताव भेजें। दिल्ली से मुंबई एक्सप्रेस-वे का निर्माण कर रहे हैं। मुझे खुशी है कि मध्यप्रदेश में हम 12 हजार करोड़ रुपए का एक्सप्रेस हाईवे बना रहे हैं। यह हाईवे उज्जैन से मिलने के बाद उज्जैन से मुंबई 8 घंटे में, उज्जैन से दिल्ली 6 घंटे में पहुंच सकेंगे।
सीएम बोले अद्भुत नगरी है अवंतिका
सीएम शिवराज सिंह ने भी अपने संबोधन में अवंतिका को अद्भुत नगरी बताया। महाकाल की कृपया यहां बरसती है, इसलिए महाशिवरात्रि पर 21 लाख दीप जलाए जाएंगे। मैं भी आऊंगा।