script

शहीदों के परिजन का मान कर सैनिकों का बढ़ाया सम्मान

locationउज्जैनPublished: Dec 17, 2019 11:38:24 am

Submitted by:

rishi jaiswal

विजय दिवस: विक्रम कीर्ति मंदिर में शहीद स्मारक की प्रतिकृति बनाई, प्रभारी मंत्री ने पुष्पचक्र अर्पित किया

शहीदों के परिजन का मान कर सैनिकों का बढ़ाया सम्मान

विजय दिवस: विक्रम कीर्ति मंदिर में शहीद स्मारक की प्रतिकृति बनाई, प्रभारी मंत्री ने पुष्पचक्र अर्पित किया

उज्जैन. भारत-पाकिस्तान के बीच वर्ष १९७१ में हुए युद्ध और इसमें देश की जीत पर सोमवार को विजय दिवस मनाया गया। प्रभारी मंत्री सज्जनसिंह वर्मा ने कार्यक्रम में १९७१ के युद्ध के शहीदों के परिजन और सैनिकों का शॉल-श्रीफल से सम्मान किया। इससे पूर्व उन्होंने मुख्यमंत्री कमलनाथ के संदेश का वाचन किया।
सुबह ११ बजे विक्रम कीर्ति मंदिर में आयोजित विजय दिवस कार्यक्रम अंतर्गत परिसर में शहीद स्मारक की प्रतिकृति स्थापित की गई थी। प्रभारी मंत्री ने यहां पहुंचकर स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित किया। उनके बाद संभागायुक्त अजीत कुमार, आइजी राकेश गुप्ता, डीआइजी अनिल शर्मा, कलेक्टर शशांक मिश्र, प्रभारी एसपी रूपेश द्विवेदी आदि ने भी पुष्पचक्र अर्पित किए। कार्यक्रम के प्रारंभ में सशस्त्र पुलिस बल द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री द्वारा मंच पर सेवानिवृत्त कमोडोर सीएल जैन, कर्नल डॉ गोवर्धन व्यास, लेफ्टीनेंट कर्नल एसके शर्मा व अन्य सैनिकों और शहीदों के परिजनों का सम्मान किया गया। इस दौरान मंत्री वर्मा ने वयोवृद्ध सैनिकों और उनके परिजनों का उनकी सीट पर पहुंचकर सम्मान किया।
कार्यक्रम के दौरान कला पथक दल के कलाकारों के साथ शैलेन्द्र भट्ट ने देशभक्ति के गीत प्रस्तुत किए वहीं 1971 के भारत-पाक युद्ध पर सूबेदार कमलकान्त सोनी ने महत्वपूर्ण जानकारी दी। माधव संगीत महाविद्यालय के कलाकारों के साथ छात्र जितेन्द्र त्रिपाठी ने देशभक्ति के गीत प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का संचालन ज्योति जैन ने किया। आभार जिला सैनिक कल्याण अधिकारी सेवानिवृत्त ग्रुप कैप्टन मनोज गर्ग ने माना।
दौड़ से दिया सद्भावना का संदेश
विजय दिवस पर सुबह 9 बजे से दशहरा मैदान से सद्भावना दौड़ आयोजित की गई। इसमें कलेक्टर शशांक मिश्र, अतिरिक्त कलेक्टर अभिषेक चौधरी सहित अन्य अधिकारी व आमजन शामिल हुए। सद्भावना दौड़ दशहरा मैदान से कोठी पैलेस तक निकाली गई।

ट्रेंडिंग वीडियो