scriptइंदौर रोड पर हादसा : महाकाल आ रहे कावड़ यात्री को वाहन ने कुचला, मौत | Kawad yatri coming to Mahakal, death in accident | Patrika News

इंदौर रोड पर हादसा : महाकाल आ रहे कावड़ यात्री को वाहन ने कुचला, मौत

locationउज्जैनPublished: Aug 20, 2018 08:22:17 pm

Submitted by:

Lalit Saxena

सावन माह में महाकाल को नर्मदा जल चढ़ाने आ रहे कावड़ यात्री को वाहन ने कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

patrika

accident,death,Mahakal Temple,Narmda river,kawad yatra,mahakal sawari,savan somvar,

उज्जैन। सावन माह में बाबा महाकाल को नर्मदा जल चढ़ाने आ रहे कावड़ यात्री को शहर के पास अज्ञात वाहन ने कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। नानाखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल पहुुंचाया गया। यहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस वाहन की तलाश कर रही है।

धार का निवासी था संतोष राव
धार निवासी 40 वर्षीय संतोष पिता सुदामा राव शुक्रवार को ओंकारेश्वर से कावड़ में नर्मदा जल भरकर महाकाल मंदिर के लिए निकले थे। सोमवार सुबह ६ बजे इंदौर फोरलेन पर रामवासा के पास अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। संतोष अपने 10 साथियों के साथ कावड़ यात्रा के लिए निकला था। इसी दौरान सुबह अन्य साथी आगे निकल गए और वह पीछे अकेला रह गया। तभी अज्ञात वाहन उसे टक्कर मारकर निकल गया। घटना की सूचना पर नानाखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से संतोष को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। नानाखेड़ा थाना पुलिस ने बताया कि जेब में रखे आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान की गई। टक्कर पीछे की तरफ से मारी गई है। मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। वाहन की पहचान के लिए निनौरा टोल टैक्स नाके से सीसीटीवी फुटेज भी मंगवाए गए हैं।

आधे घंटे पहले ही दी थी कावड़
साथी अजय राठौड़ ने बताया कि संतोष को आधे घंटे पहले ही कावड़ दी थी। इसके पहले वह कावड़ लेकर चल रहा था। ज्यादा थकान की वजह से संतोष धीरे-धीरे चल रहा था। वह करीब आधा किलोमीटर पीछे चल रहा था। वह ड्राइवर था। उसके दो बच्चे हैं।

सोमवार को आने के पहले आई मौत की खबर
संतोष के पिता सुदामा ने बताया कि सोमवार को वह घर वापस आने वाला था। लेकिन इसके पहले ही थाने से उसकी मौत की खबर आ गई। उन्होंने अब तक घर पर उसकी मौत के बारे में नहीं बताया है। सिर्फ दुर्घटना में घायल होने की जानकारी दी है।

ट्रेंडिंग वीडियो