scriptबैंक की कमान महेन्द्र को | Bank of command Mahendra | Patrika News

बैंक की कमान महेन्द्र को

locationजयपुरPublished: Oct 28, 2015 07:50:00 pm

Submitted by:

jainarayan purohit

हनुमानगढ़ केन्द्रीय सहकारी बैंक के प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव में बुधवार को महेन्द्र पूनियां अध्यक्ष चुन लिए गए।

हनुमानगढ़. हनुमानगढ़ केन्द्रीय सहकारी बैंक के प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव में बुधवार को महेन्द्र पूनियां अध्यक्ष चुन लिए गए। अध्यक्ष का चुनाव एकतरफा रहा। इसमें निर्वाचित पूनियां ने अपने प्रतिद्वन्द्वी कृष्ण जाखड़ को छह मतों के अंतर से हराया। विजयी रहे पूनियां को नौ तथा पराजित कृष्ण जाखड़ को मात्र तीन ही मत मिले। इस प्रकार अध्यक्ष का चुनाव एकतरफा रहा। इससे पहले सुबह एकमात्र नामांकन के कारण राजेन्द्र न्यौल बैंक के निर्विरोध उपाध्यक्ष चुने गए। इस कारण केवल अध्यक्ष पद के लिए मतदान कराया गया। दोपहर तीन बजे मतदान का समय शुरू होने के 20 मिनट बाद ही संचालक मंडल के सभी 12 सदस्यों के वोट डाल देने के बाद जंक्शन में बैंक के प्रधान कार्यालय मेंं मतगणना की गई। गणना के बाद चुनाव अधिकारी राजेश टाक ने परिणाम की घोषणा की तो समर्थक सदस्यों ने गले मिलकर अध्यक्ष पद पर निर्वाचित महेन्द्र पूनियां को बधाई दी। दोपहर तीन बजे के कुछ देर बाद ही अध्यक्ष पद के प्रत्याशी कृष्ण जाखड़ तथा पूर्व अध्यक्ष संदीप डूडी व एक अन्य सदस्य ने मतदान किया तथा सवा तीन बजे महेन्द्र पूनियां ने अपने आठ समर्थक सदस्योंं के साथ वोट डाले। इसके तत्काल बाद गणना की गई। परिणाम की घोषणा के बाद बैंक के प्रधान कार्यालय के बाहर पूनियां समर्थकों ने ढोल बजाकर खुशी मनाई। इसके बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष पूनियां व अन्य समर्थक जल संसाधन मंत्री डॉ. रामप्रताप के निवास पर पहुंचे तथा वहां मिठाई बांटकर खुशी मनाई गई। महेन्द्र पूनियां बैंक के दूसरे अध्यक्ष बने हैं जो पूरबसर जिप्सम श्रमिक समिति के प्रतिनिधि हैं। उनको नोहर के विधायक अभिषेक मटोरिया का करीबी माना जाता है। परिणाम के बाद चुनाव अधिकारी राजेश टाक ने पूनियां को प्रमाण पत्र सौंपा तथा बधाई दी तथा बैंक के प्रबंध संचालक रविन्द्र राजपुरोहित ने उनको बैंक व रिजर्व बैंक की गाइड लाइन की पालना करने की शपथ दिलाई। निर्वाचन के बाद बैंक के अधिकारियों व कर्मचारियों ने अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इससे पहले सुबह नौ से दस बजे तक नामांकन की अवधि में बैंक के उपाध्यक्ष के लिए केवल राजेन्द्र न्योल देइदास का ही नामांकन जमा कराया गया। इस प्रकार उनका निर्विरोध चुना जाना तय हो गया। चुनाव अधिकारी ने अध्यक्ष के साथ ही न्योल के निर्विरोध उपाध्यक्ष चुने जाने की घोषणा की। इसके साथ ही बैंक के संचालक मंडल तथा अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया बुधवार को संपन्न हो गई। बैंक की चुनाव प्रक्रिया बीते माह 22 सितम्बर से शुरू हुई तथा छह अक्टूबर को संचालक मंडल के 12 सदस्यों का चुनाव हुआ। इसके बाद बुधवार को संचालकों में से अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चुनाव कराया गया।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो