scriptvideo : सर्वार्थ सिद्धि योग में सोमवती अमावस्या : विशेष इंतजाम के साथ रामघाट और सोमकुंड में होगा पावन स्नान | Somvati Amavasya will be in Ramghat and Som Kund in Ujjain | Patrika News
उज्जैन

video : सर्वार्थ सिद्धि योग में सोमवती अमावस्या : विशेष इंतजाम के साथ रामघाट और सोमकुंड में होगा पावन स्नान

इस दिन प्राचीन सोमकुंड और मोक्षदायिनी शिप्रा में स्नान होगा। इसे लेकर प्रशासन द्वारा तैयारी की जा रही है।

उज्जैनFeb 03, 2019 / 01:55 pm

Lalit Saxena

patrika

administration,Makar Sankranti,authority,somvati amavasya,shipra river,narmada water,

उज्जैन. माघ मास के कृष्ण पक्ष की सोमवती मौनी अमावस्या 4 फरवरी सोमवार के दिन सर्वार्थसिद्धि, महोदय योग के संयोग में है। इस दिन प्राचीन सोमकुंड और मोक्षदायिनी शिप्रा में स्नान होगा। इसे लेकर प्रशासन द्वारा तैयारी की जा रही है। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार 4 फरवरी सोमवार के दिन सर्वार्थसिद्धि, महोदय दो विशिष्ट योगों के साथ अर्दोदय योग का महायोग भी बन रहा है। इन योगों में शिप्रा व सोमतीर्थ में स्नान तथा दान-पुण्य से आम अमावस्या से एक करोड़ गुना अधिक शुभफल प्राप्त होता है। सोमवती मौनी अमावस्या पर श्रवण नक्षत्र की साक्षी से सर्वार्थ सिद्धि योग बन रहा है। इसके साथ व्यतिपात योग के होने से यह महोदय नामक योग बना रहा है। ग्रह गोचर के अनुसार सोमवती मौनी अमावस्या पर सूर्य, चंद्र, बुध, केतु मकर राशि में गोचरस्थ रहेंगे। चर्तुग्रही युति में महोदय योग का बहुत कम संयोग बनता है। यह योग सूर्य चंद्र की मकर राशि में मौजूद स्थिति पर केंद्रित है।

 

patrika

सोमतीर्थ में स्नान व सोमेश्वर के दर्शन का महत्व
स्कंद पुराण के अवंति खंड में 84 महादेव की उल्लेख है। इनमें से एक सोमेश्वर महादेव भी हैं। सोमवती अमावस्या पर सोमश्वर महादेव मंदिर परिसर में स्थित सोमकुंड में स्नान तथा सोमेश्वर महादेव के दर्शन से जातक की जन्म पत्रिका में पापाक्रांत चंद्रमा का दोष खत्म होता है।

श्रद्धालुओं को सोमती कुंड और रामघाट पर मिलेगी जरूरी सुविधा, होंगे सुरक्षा के इंतजाम
सोमवती अमावस्या पर्व स्नान 4 फरवरी को सोमती कुंड के साथ ही रामघाट पर श्रद्धालुओं के लिए जरूरी सभी सुविधाओं मुहैया रहेंगी। स्नान के लिए साफ व पर्याप्त पानी के साथ पेयजल, सुविधाघर, चेंजिंग रूम और सुरक्षा व्यवस्था के भी इंतजाम रहेंगे। इसके अलावा कुंड के नजदीक गायों को रखा जाएगा, जहां श्रद्धालु उन्हें चारा दान कर सकेंगे।

 

patrika

पर्याप्त संख्या में फव्वारे लगाने के निर्देश दिए

सोमवती पर्व स्नान को लेकर संभागायुक्त अजीतकुमार व कलेक्टर शशांक मिश्र ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ रामघाट व सोमतीकुंड क्षेत्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लेने के साथ ही पर्याप्त सफाई और सुरक्षा के निर्देश दिए। निरीक्षण के अलावा कलेक्टर मिश्र ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की। उन्होंने कुंड के आसपास स्नान के लिए पर्याप्त संख्या में फव्वारे लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने सोमतीर्थ कुंड, रामघाट, त्रिवेणी आदि स्थानों पर साफ.-सफाई प्रकाश की व्यवस्था, विद्युत प्रवाह में निरन्तरता, चेंजिंग रूम, पेयजल व्यवस्था व शॉवर की व्यवस्था करने का कहा। रामघाट पर होमगाड्र्स के जवानों की तैनाती, बोट्स की तैनाती व अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं करने कहा। बैठक में बताया गया कि इस अवसर पर सोमतीर्थ कुंड व राणौजी की छत्री पर कंट्रोल रूम बनाए जाएंगे। पेयजल व्यवस्था के लिए नगर निगम पीएचइ द्वारा आठ टैंकर्स लगाए जा रहे हैं। व्यवस्था पर निगरानी के लिए 16 स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को सोमतीर्थ कुण्ड के पास अस्थाई स्वास्थ्य कैम्प स्थापित करने का कहा है। सोमवती अमावस्या पर गाय को चारा डालने के लिए शंकराचार्य चौराहा व कालिदास उद्यान के पास बैरिकेट लगाकर स्थान नियत करने के निर्देश दिए। इसके लिए नगर निगम को इन स्थानों के बारे में व्यापक प्रचार प्रसार करने के लिए नगर निगम को होर्डिंग लगाने के निर्देश दिए हैं।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो