उज्जैन

आरएसएस के महानगर संघचालक पर छह माह बाद दर्ज हो गया प्रकरण

मोबाइल टावर लगाने के विवाद में जोड़ा नाम, न्यायालय में पेश किया चालान

उज्जैनDec 16, 2019 / 11:51 am

anil mukati

उज्जैन. पुलिस ने करीब 6 माह पहले हुए एक विवाद और मारपीट के मामले में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के महानगर संघचालक को आरोपी बनाने के साथ न्यायालय में चालान पेश किया है। इस प्रकरण में एक पार्षद के खिलाफ पूर्व में प्रकरण दर्ज किया गया था।
मोबाइल टॉवर लगाने को लेकर करीब ६ माह पहले ऋषिनगर में विवाद हो गया था। इसमें दो पक्षों पर पुलिस नानाखेड़ा मामला दर्ज किया था। इसमें से एक फरियादी की शिकायत के आधार पर नानाखेड़ा पुलिस ने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के महानगर संघचालक श्रीपाद जोशी का नाम भी आरोपी के तौर पर शामिल कर न्यायालय में चालान पेश किया है। मामले के अनुसार जून 2019 के प्रथम सप्ताह में ऋषिनगर क्षेत्र में अशोक जायसवाल के यहां मोबाइल कंपनी का टावर लगाया जा रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर पार्षद संतोष व्यास और क्षेत्र के अन्य लोगों ने मौके पर पहुंचे कर आपत्ति ली। इसे पर काफी विवाद हुआ। पार्षद व्यास ने आरोप लगाया था कि जायसवाल ने उनसे अपशब्द कहते हुए मारपीट की। व्यास की रिपोर्ट पर नानाखेड़ा पुलिस ने अशोक जायसवाल और उसके बेटे राहुल के खिलाफ मारपीट का प्रकरण दर्ज किया था। दूसरे पक्ष ने भी अपनी ओर से कार्रवाई के लिए थाने में आवेदन दिया था। इसके कुछ दिन बाद ही नानाखेड़ा पुलिस ने अशोक जायसवाल की पत्नी लक्ष्मी जायसवाल की रिपोर्ट पर पार्षद व्यास समेत दो-तीन अन्य साथियों के खिलाफ मारपीट की क्रॉस कायमी की थी।
मारपीट की और अपशब्द कहे
महिला ने पुलिस को शिकायत में बताया था कि व्यास ने साथियों के साथ घर आकर पति व बेटे से अपशब्द कहे और मारपीट करने लगे। बीच-बचाव करने पर मुझे भी धक्का दिया। बताया जाता है कि मामले के जांच अधिकारी विकास देवड़ा द्वारा विवेचना में लक्ष्मी जायसवाल को तलब किया था। महिला ने प्रकरण में ऋषिनगर निवासी श्रीपाद जोशी का नाम लिखवा दिया। इस पर नानाखेड़ा पुलिस ने श्रीपाद जोशी को भी प्रकरण में आरोपी बनाकर चालान पेश किया है। इस संबंध में जांच अधिकारी देवड़ा का कहना है कि मामले में दोनों पक्ष की क्रॉस रिपोर्ट दर्ज है। महिला फरियादी लक्ष्मी जायसवाल के बताए अनुसार जोशी का नाम जोड़ा है। जमानती अपराध होने पर गिरफ्तारी नहीं ली गई हैं। न्यायालय में चालान पेश किया गया है। इधर आरएसएस के महानगर संघचालक श्रीपाद जोशी ने कहा कि अव्वल तो घटना के समय मैं मौजूद ही नहीं था। कोई किसी का नाम किसी भी घटना मे लिखवा दें,तो क्या कर सकते हैं। मुझे इससे अधिक कुछ भी नहीं कहना हैं।

Home / Ujjain / आरएसएस के महानगर संघचालक पर छह माह बाद दर्ज हो गया प्रकरण

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.