scriptआवारा मवेशियों से शहर को नहीं मिल रही निजात | The city can not get rid of stray cattle | Patrika News

आवारा मवेशियों से शहर को नहीं मिल रही निजात

locationउज्जैनPublished: Aug 05, 2018 08:51:23 pm

Submitted by:

Gopal Bajpai

चंबल तट स्थित भूमि पर जल्द बनेगी गोशाला

patrika

आवारा मवेशियों से शहर को नहीं मिल रही निजात

नागदा। सिविल अस्पताल स्थित सार्वजनिक सुलभ कॉम्पलेक्स इन दिनों उपकर्ताओं के लिए परेशानी का सबब बन रहा है। कारण शहर में घूम रहे आवारा मवेशियों का समूह है। मवेशियों का आंतक इस कदर बढ़ गया है, कि कॉम्पलेक्स पर कार्यरत कर्मी को दरवाजा बंद करना पड़ रहा है। बीते दिनों ही मवेशियों के एक समूह ने कॉम्पेलक्स में घुसकर शौच के लिए जा रही एक महिला पर हमला कर दिया। गनीमत रही, कि महिला को किसी प्रकार की कोई गंभीर चोट नहीं आई। मवेशियों के कॉम्पेलक्स परिसर में पहुंचने का दूसरा कारण गेट पर रखा कूड़ादान है। रहवासियों द्वार उक्त कूड़ेदान में गंदगी डाली जाती है। जिसे खाने के लिए मवेशियों का समूह कूड़ेदान पर पहुंचता है। इस दौरान कॉम्पेलक्स पर पहुंचने वाले लोग मवेशियों के आक्रोश का शिकार हो जाते है। परेशानी यही समाप्त नहीं हो जाती, शहर के प्रमुख मार्गों पर भी मवेशियों का आंतक व्याप्त है। मवेशियों का समूह सड़कों पर कब्जा जमाए बैठा है। बता दें, कि बीते दिनों मवेशियों के आंतक से परेशान ग्राम पारदी के सैकड़ों किसान उज्जैन कलेक्टर ऑफिस पहुंचे। जहां पर परेशानी से निजात दिलाने के लिए एक शिकायती पत्र सौंपा था।
क्या है परेशानी की जड़
शहर में घुम रहे आवारा मवेशियों से चोटिल होना शहरवासियों के लिए आम बात हो गई। शहर का एक कौना भी ऐसा नहीं है, जहां पर आवारा मवेशियों का बसेरा नहीं हो। मवेशियों की एकाएक तादात बढ़ जाने में शहर के पशुपालक भी कुछ हद तक जिम्मेदार है। सूत्रों का तर्क है, कि कई पशुपालक मवेशियों को सुबह के समय घरों के बाहर खुला छोड़ देते है। वरन रात्रि होते ही उन्हें दोबारा घरों में बांध लेते है। उक्त मवेशियों का समूह सबसे अधिक परेशानी सब्जी मंडी क्षेत्र, जवाहर मार्ग, रेलवे स्टेशन चौराहा, पुराना बस स्टैंड चौराहा, महिदपुर रोड पर डेरा जमाए बैठे रहते हैं।
चंबल तट पर बनेगी गोशाला
नगर पालिका अध्यक्ष अशोक मालवीय के अनुसार शहर में आवारा मवेशियों की तादात दिनों दिन बढ़ती देखी जा रही है। वर्तमान में नगर पालिका के पास कोई पर्याप्त स्थान या गोशाला उपलब्ध नहीं होने के कारण किसी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। हालांकि सड़कों पर जमे मवेशियों को नगर पालिका कर्मचारियों द्वारा सड़कों से उठाकर रहवासी क्षेत्रों से खदेड़ा जा रहा है। नगर पालिका द्वारा पूर्व में चंबल तट के समीप गोशाला निर्माण के लिए भूमि देखी गई है। भूमि के दस्तावेजों का निरीक्षण कर कार्रवाई शुरु किए जाने की योजना है।
बिरलाग्राम में सबसे अधिक जमावड़ा
प्रतिदिन सैकड़ों की तादात में बढ़ रहे मवेशियों का जमावड़ा बिरलाग्राम रहवासी क्षेत्र में अधिक देखने को मिल रहा है। कारण मवेशियों को पर्याप्त मात्रा में घरेलु भोजन मिल पाना है। बिरलाग्राम, गवर्नमेंट कॉलोनी क्षेत्र में मवेशियों के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। इतना ही नहीं इतनी तादात में मवेशियों द्वारा किए गए गोबर को साफ करने में लोगों के पसीने छुट जाते हैं। परेशानी से निजात के लिए लोगों ने नपा में शिकायत दी है। इतना ही नहीं खाचरौद जावरा स्टेट हाइवे को जोडऩे वाले महिदपुर नाके पर सुबह हो या रात सैकड़ों मवेशियों की संख्या दिखना आम बात है। लिहाजा मार्ग से गुजरने वाले लोगों को वाहनों से निकलने में परेशान होना पड़ता है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो