उमरियाPublished: Feb 20, 2023 11:57:35 am
shubham singh
जन सहयोग से उमरार नदी के पुनर्जीवन के लिए चलाया अभियान
उमरिया. नगर की जीवन रेखा उमरार नदी के पुर्नजीवन अभियान में रविवार को सुबह से कलेक्टर डॉ के डी त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक प्रमोद सिन्हा की अगुवाई में नगर के लोग, स्वयं सेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, जिला प्रशासन एवं नगर पालिका उमरिया तथा घाट के आसपास रहने वाले लोग हाथों में फावड़ा तथा तगाडी लेकर खलेसर घाट की सफाई करते नजर आए। जिला प्रशासन के आव्हान पर यह श्रमदान का अभियान शुरू हुआ। कलेक्टर डॉ के डी त्रिपाठी ने कहा कि जिले की पहचान प्राकृतिक सुन्दरता, स्वच्छ पर्यावरण तथा वन्य जीवों से होती है। जिला मुख्यालय में उमरार नदी की गंदगी इस छवि के विपरीत है, हम सबको मिलकर इसका निराकरण करना चाहिए। इसी उद्देश्य से उमरार नदी पुर्न जीवन का अभियान शुरू किया गया है। प्रतिदिन एक संस्था श्रमदान के लिए आगे आए, जिला प्रशासन एवं नगरपालिका उमरिया हर संभव सहयोग देगी। इसके साथ ही नदी में गंदगी को रोकने के लिए जागरुकता अभियान, कचरे के निदान के विकल्प तथा ट्रीटमेंट का कार्य किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक प्रमोद सिन्हा ने कहा कि उमरिया नगर के लिए यह महत्वपूर्ण अभियान है, जो स्वच्छता के क्षेत्र में नगर के लिए मील का पत्थर साबित होगा। यह अभियान लगातार जारी रहे, इसके लिए लोग आगे आएं तथा अपने नगर को स्वच्छ एवं सुन्दर बनाने में सहयोगी बनें। सफाई अभियान के दूसरे दिन कीर्ति सोनी के मार्ग दर्शन में उडान संस्था श्रमदान में भाग लेगी, जो संस्थाएं या सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक अथवा नगर, मोहल्ला के दल श्रमदान के इच्छुक है वे अपना पंजीयन जन अभियान के जिला समन्यवयक या नगरपालिका उमरिया में करा सकते हैं। श्रमदान के प्रथम दिन जिला प्रशासन के अधिकारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, कार्यपालन यंत्री जल संसाधन, आर ई एस, जिला शिक्षा अधिकारी, एनआरएलएम, जन अभियान, एनसीसी, एनएसएस, स्वयं सेवी कीर्ति सोनी, हरी दीन, मुख्य नगरपालिका अधिकारी उमरिया ज्योति सिंह तथा उनकी नगरपालिका की टीम एवं सुशील मिश्रा सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भाग लिया। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक तथा नगरपालिका की टीम उमरार नदी के बहाव वाले क्षेत्र का ज्वालामुखी घाट, हनुमान घाट स्थल का निरीक्षण भी किया।