दूसरे चरण अंतर्गत मानपुर जनपद पंचायत में विभिन्न पदों के लिए मतदान
उमरिया
Published: July 02, 2022 08:50:03 pm
उमरिया. त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में शुक्रवार को जिले के मानपुर जनपद पंचायत में विभिन्न पदों के लिए मतदान शांति पूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। मतदाताओं में मतदान के लिए काफी उत्साह दिखा। दोपहर 3 बजे तक ही 72.5 फीसदी मतदान हो चुका था। वहीं 3 बजे के बाद अधिकतर मतदान केन्द्रों में मतदान के लिए लंबी लंबी लाइनें लगी हुई थीं।
जानकारी के अनुसार सुबह 6 बजे से ही मतदान केंद्रों में लंबी-लंबी कतारें लग गयी थी। लोग वोटिंग के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। निर्धारित समय सुबह 7 बजे मतदान शुरू हुआ। प्रथम दो घण्टे में ही 15 प्रतिशत पुरुष एवं 16 प्रतिशत महिलाओं ने मतदान कर लिया था। सुबह 11 बजे तक 32 प्रतिशत पुरुष तथा 39 प्रतिशत महिलाओं ने मतदान कर लिया था। वहीं दोपहर 3 बजे तक 67 प्रतिशत पुरुष और 78 प्रतिशत महिलाओं ने मतदान किया।
अधिकारियों ने किया मतदान केन्द्रों का निरीक्षण
मानपुर जनपद में शांति पूर्ण तरीके से मतदान कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्था की गई थी। कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव तथा पुलिस अधीक्षक प्रमोद सिन्हा अपने दल के साथ पूरे जनपद में भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। एसडीएम मानपुर सिद्धार्थ पटेल तथा सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं जोनल अधिकारी मतदान केंद्रों पर नजर रखे हुए थे। कलेक्टर एवं एसपी ने मतदान केंद्र बरबसपुर, धमोखर, परासी, इन्दवार, भरेवा, चिल्हारी, सुखदास, मझखेता, पनपथा सहित अन्य केंद्रों का भ्रमण किया। अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अशोक ओहरी ने धमोखर, माला आदि का भ्रमण किया। जोनल अधिकारी एसके गढपाले भी साथ थे। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत इला तिवारी ने भी विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया।
निर्वाचन प्रेक्षक भी भ्रमण पर रहे
जिले के मानपुर जनपद पंचायत में द्वितीय चरण के मतदान में राज्य निर्वाचन आयोग के प्रेक्षक आर आर वामनकर ने मतदान केंद्र रंछा, बिजौरी आदि का भ्रमण किया। इधर जिले में शांति पूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान संपन्न होने पर जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक प्रमोद सिन्हा तथा प्रेक्षक आरआर वामनकर ने आभार व्यक्त किया। कलेक्टर ने जिले के मतदाताओं तथा मतदान कर्मियों सहित निर्वाचन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया है।
सबसे लोकप्रिय
शानदार खबरें
मल्टीमीडिया
Newsletters
Follow Us
Download Partika Apps
Group Sites
Top Categories
Trending Topics
Trending Stories
बड़ी खबरें