script

उन्नाव में भी हैदराबाद जैसी हैवानियत, दुष्कर्म पीड़िता को आरोपियों ने केरोसिन छिड़क जिंदा जलाया

locationउन्नावPublished: Dec 05, 2019 04:33:53 pm

Submitted by:

Hariom Dwivedi

-सुनवाई के लिए कोर्ट जा रही थी रेप पीडि़ता-सुबह 4 बजे पांच दरिंदों ने मिलकर दिया घटना को अंजाम-जमानत पर छूटे थे गैंगरेप के आरोपी -सभी आरोपी गिरफ्तार, पीडि़ता की हालत नाजुक-90 प्रतिशत से अधिक जल चुकी है युवती

दुष्कर्म पीड़िता को आरोपियों ने केरोसिन छिड़क जिंदा जलाया

दुष्कर्म पीड़िता को आरोपियों ने केरोसिन छिड़क जिंदा जलाया

पत्रिका लाइव
उन्नाव. हैदराबाद में महिला डॉक्टर के साथ रेप और जिंदा जलाने की घटना के बाद अब उन्नाव में एक रेप पीडि़ता को दुष्कर्म के आरोपियों ने जिंदा जलाकर मारने की कोशिश की। 90 प्रतिशत से ज्यादा बर्न लडक़ी की हालत गंभीर है। उसका लखनऊ में इलाज जारी है। पीडि़ता ने पांच आरोपियों के नाम बताए। इनमें से पहले 3 को और बाद में दो को गिरफ्तार कर लिया गया। पूर्व भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर मामले में बदनाम उन्नाव में एक और रेप विक्टिम को जान से मारने की घटना के बाद पूरे क्षेत्र में गुस्सा है। विपक्ष योगी सरकार पर हमलावर है। संसद में भी हंगामा हुआ।
उन्नाव के बिहार थाना क्षेत्र के हिंदू नगर पाटन खेड़ा गांव की 23 साल की पीडि़ता ने इसी साल मार्च में दो लोगों पर रेप का मामला दर्ज करवाया था। इसी मामले की पैरवी के लिए वह शुक्रवार की सुबह चार बजे ट्रेन पकडऩे के लिए बैसवारा बिहार रेलवे स्टेशन जा रही थी। तभी गौरा मोड़ के पास गांव के हरिशंकर त्रिवेदी, रामकिशोर त्रिवेदी, उमेश बाजपेयी व रेप के आरोपित शिवम त्रिवेदी व शुभम त्रिवेदी ने उसे घेर लिया और सिर पर डंडे से व गले पर चाकू से वार किया। जब वह गिर गयी तब केरोसिन डालकर आग लगा दी। ग्रामीणों के शोर मचाने और पिता की सूचना पर पुलिस पहुंची। पीडि़ता को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया।
कोर्ट की दखल पर दर्ज हुई थी रिपोर्ट
डीजीपी ओपी सिंह ने बताया कि पीडि़ता ने बयान में दो आरोपियों का नाम लिया था। उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद तीन और की गिरफ्तारी की गयी। गौरतलब है कि महिला ने आरोप लगाया था कि उसके साथ रेप करके वीडियो बनाया गया था। लेकिन इसकी रिपोर्ट नहीं लिखी जा रही थी। तब स्थानीय कोर्ट की दखल के बाद मामला रायबरेली जिले में दर्ज किया गया था। इस मामले में नामजद आरोपी को गिरफ़्तार किया गया था। लेकिन वह बाद में जमानत पर रिहा हो गया था।
यह भी पढ़ें

सरकारी खर्च पर होगा उन्नाव पीड़िता का इलाज, सीएम योगी ने तलब की रिपोर्ट, सख्त कार्रवाई के दिये निर्देश



दुष्कर्म आरोपित ने बुलाया था बात करने
युवती के मुताबिक शिवम त्रिवेदी पुत्र रामकिशोर ने पहले उस पर दुष्कर्म का मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया। शिवम के साथ उसके पिता रामकिशोर, शुभम और उसके पिता हरिशंकर के साथ उमेश बाजपेई भी थे। इंकार करने पर केरोसिन छिडक़ कर आग लगा दी।
90 प्रतिशत जल चुकी है पीड़िता
लखनऊ के सिविल अस्पताल में पीडि़ता को गुरुवार की सुबह 10.30 बजे लाया गया। निदेशक डॉ डीएस नेगी के मुताबिक वह 90 फीसद बर्न है। हालत गंभीर है। एडीजी जोन एसएन सावंत ने बताया कि सिविल अस्पताल के प्लास्टिक सर्जन डॉ. प्रदीप तिवारी पीडि़ता का इलाज कर रहे हैं।
रायबरेली में दर्ज है सामूहिक दुष्कर्म का मामला
पीडि़ता के नाम बताने पर तीन को पुलिस ने कुछ ही देर में उनके घरों से गिरफ्तार कर लिया। बाकी दो की गिरफ्तारी बाद में हुई। मुख्य आरोपी शिवम द्विवेदी है। पीडि़ता ने बिहार और लालगंज कोतवाली में सामूहिक दुष्कर्म के दो मुकदमे दर्ज कराए थे। जिनकी विवेचना लालगंज पुलिस कर रही है। पहला मुकदमा बिहार थाने में 12 दिसंबर को उसी क्षेत्र के हिंदू नगर निवासी शिवम त्रिवेदी और शुभम त्रिवेदी के खिलाफ लिखा गया। दूसरा मुकदमा 19 जनवरी को लालगंज कोतवाली में लिखा गया। जिसमें इन्हीं दोनों को आरोपित बनाया गया है। दोनों मुकदमों में सामूहिक दुष्कर्म की धाराएं लगाई गई हैं। इस मामले में जेल भेजा गया एक आरोपित एक हफ्ते पहले जमानत पर छूटा है।
यह भी पढ़ें

उन्नाव में दुष्कर्म पीड़िता को जिंदा जलाने पर बोले अखिलेश- सामूहिक इस्तीफा दे योगी सरकार



प्रियंका गांधी का फूटा गुस्सा
घटना पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर हमला बोलते हुए कहा कि देश के गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनता से झूठ बोल रहे हंै। यूपी की कानून व्यवस्था ठीक नहीं है। यहां हर रोज ऐसी घटनाएं हो रही हैं। इससे मन में रोष होता है। भाजपा नेताओं को भी अब फर्जी प्रचार से बाहर निकलना चाहिए। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने भी बीजेपी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, यूपी में जंगलराज है। जो अपराधी जेल में थे वे छूट कर आये हैं। अब बेटियों को जलाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल उन्नाव जाएगा और पीडि़त बेटी को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस सडक़ से सदन तक लड़ेगा।
अखिलेश ने इस्तीफा मांगा
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्नाव घटना पर भाजपा सरकार का इस्तीफा मांगा है। उन्होंने पीडि़ता के समुचित उपचार व सुरक्षा की तत्काल व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है।

ट्रेंडिंग वीडियो