UP Special

भाजपा का युवाओं पर दांव, प्रियंका ने महिलाओं पर चला ट्रंपकार्ड

यूपी में समीकरण साधने की कवायद तेज हो गयी है। विधानसभा चुनाव 2022 के लिए सभी दलों ने कमर कस ली है। सपा प्रमुख अखिलेश रथ यात्रा पर हैं। इस बीच प्रियंका गांधी ने महिलाओं को 40 प्रतिशत टिकट देने का ट्रंप कार्ड चल दिया है।

Oct 20, 2021 / 02:10 pm

Mahendra Pratap

UP Election

Uttar Pradesh Assembly elections 2022 लखनऊ. महेंद्र प्रताप सिंह (पत्रिका न्यूज नेटवर्क). उत्तर प्रदेश में जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे समीकरण साधने की कोशिशें भी तेज होती जा रही हैं। योगी आदित्यनाथ युवाओं को साधने के लिए रोजगार का दांव चल रहे हैं तो प्रियंका गांधी ने कांग्रेस का नया नारा दिया है- लड़की हूं, लड़ सकती हूं। उन्होंने ४० प्रतिशत महिलाओं को विधानसभा चुनाव में टिकट देने का घोषणा की है। उधर, २२ में बाइसकिल के नारे के साथ अखिलेश यादव का रथ शहर-शहर घूम रहा है। मायावती भी ब्राह्मणों के साथ ही एक बार फिर मुस्लिम वोटों के लिए सक्रिय हो गयी हैं। उन्होंने बूथ पर अल्पसंख्यकों की नियुक्ति की योजना बनायी है। इस बीच धर्म नगरी अयोध्या में अखिल भारतीय शारीरिक वर्ग कार्यक्रम हो रहा है। इसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत पहुंचे हैं। इससे यूपी में राजनीतिक up politics सरगर्मी और तेज हो गयी है।
प्रियंका का ट्रंप कार्ड
यूपी में कांग्रेस ने साइलेंट वोटर मानी जानी महिलाओं का विश्वास जीतने के लिए बड़ी लकीर खींच दी है। चुनाव में 40 फीसदी टिकट महिलाओं को देने का ऐलान कर उन्होंने बड़ा सियासी दांव चल दिया है। यूपी में कुल 14 करोड़ 40 लाख मतदाता हैं। इसमें 7 करोड़ 79 लाख पुरुष और 6 करोड़ 61 लाख महिलाएं हैं। यानी 45 फीसदी महिला वोटर हैं। कांग्रेस यदि 40 फीसदी महिलाओं को टिकट देती है तो सूबे की 403 सीटों में से करीब 160 महिला कैंडिडेट मैदान में होंगी। जाहिर कांग्रेस का यह कार्ड सत्ताधारी भाजपा समेत अन्य विपक्षी दलों के लिए भी परेशानी खड़ी कर सकता है।
संघ की बैठक के सियासी मायने
चुनाव के ठीक पहले संघ ने अपने शारीरिक शिक्षा वर्ग सम्मेलन का कार्यक्रम स्थल नागपुर से बदलकर अयोध्या कर दिया है। अखिल भारतीय शारीरिक वर्ग कार्यक्रम के जरिए देश के नए युवाओं को संघ से जोड़ा जाता है। अयोध्या में इस कार्यक्रम को करने के पीछे माना जा रहा है कि भाजपा नए और युवा मतदाताओं को अपनी ओर जोडऩा चाहती है।

मुलायम की भीष्म प्रतिज्ञा
भाजपा और कांग्रेस की सक्रियता के साथ ही सपा ने भी अपने कील कांटे दुरुस्त करने शुरू कर दिए हैं। पिछले बार के चुनाव में बुरी तरह पराजित सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने भीष्म प्रतिज्ञा ली है। वे इस बार सपा और प्रसपा के बीच वोटों को बंटवारा नहीं होने देंगे। 22 नवंबर को मुलायम के जन्मदिन पर दोनों के बीच गठबंधन का एलान होगा। मुलायम ने बेटे अखिलेश यादव को भरोसा दिया है कि वे न तो अब कोई बयान देंगे न ही शिवपाल को कोई आर्शीवाद। अखिलेश पिता के राजनीतिक आर्शीवाद के बाद रथयात्रा पर निकल गए हैं।
मुस्लिम वोटों के लिए सक्रिय हुईं मायावती
बीएसपी ने 403 विधानसभा क्षेत्रों में एक प्रभारी के साथ सह प्रभारी और बूथ अध्यक्ष पर अल्पसंख्यकों की नियुक्ति की है। ये सभी मुस्लिम समुदाय के बीच जाकर बसपा की नीतियों के बारे में बताएंगे।
भाजपा को युवाओं पर भरोसा
सोच ईमानदार, काम दमदार के नए नारे के साथ योगी आदित्यनाथ हर जनसभा में युवाओं का नाम ले रहे हैं। वे कह रहे हैं २०१७ में जब हम सरकार में आए थे तब १७-१८ फीसदी बेरोजगारी थी जो अब घटकर सिर्फ ५ फीसदी रह गयी है। नौकरियों में पारदर्शी तरीके से भर्तियों का हवाला दे रहे हैं। विकास के साथ हिंदुत्व की चाशनी घोलने का प्रयास तो है ही। यूपी में चुनावी बयार चल पड़ी है। लेकिन मतदाता अभी खामोश है।

Home / UP Special / भाजपा का युवाओं पर दांव, प्रियंका ने महिलाओं पर चला ट्रंपकार्ड

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.