script

गांव-गांव मोदी के जन्मदिन का जश्न मनाएगी भाजपा, बंटेगी मिठाइयां, बताएगी अपने काम

locationलखनऊPublished: Sep 10, 2021 05:43:32 pm

Submitted by:

Mahendra Pratap

भाजपा 17 सितबंर से यूपी में पीएम मोदी का जन्मदिन मनाएगी इस मौके पर गांव-गांव मिठाइयां बांटी जाएंगी। इसके साथ ही योगी सरकार के साढ़े चार साल पूरा होने पर सरकार का काम गिनाया जाएगा

bjp_4.jpg

BJP News

लखनऊ.(पत्रिका न्यूज नेटवर्क). प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 71 वां जन्मदिन यूपी में जश्न के रूप में मनेगा। यह महज इत्तेफाक है कि इसी बीच योगी आदित्यनाथ सरकार के 54 माह पूरे हो रहे हैं। भाजपा सरकार के साढ़े ४ साल के कार्यकाल को भी जश्न के रूप में मनाया जाएगा। इस तरह 17 सितंबर से गांव-गांव भाजपा के कार्यकर्ता दिखेंगे। सरकार की उपलब्धियां गिनायी जाएंगी और चुनावी अभियान की शुरूआत की जाएगी।
मोदी के जन्मदिन के लिए 20 दिवसीय समारोह
यूपी में भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीति में 20 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में 20 दिवसीय ‘सेवा और समर्पण अभियान’ की शुरूआत 17 सितंबर से करेगी, जो उनका 71वां जन्मदिन भी है। पार्टी 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक राज्य भर में स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर, स्वच्छता और टीकाकरण अभियान के अलावा पर्यावरण संरक्षण अभियान भी आयोजित करेगी।
1.63 लाख बूथों पर चौपाल
यह भी निर्णय लिया गया कि राज्य में योगी आदित्यनाथ सरकार के साढ़े चार साल पूरे होने के उपलक्ष्य में पार्टी 19 सितंबर को सभी 27,700 शक्ति केंद्रों में 1.63 लाख बूथों पर ‘चौपाल’ आयोजित करेगी। भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के अनुसार, इसका उद्देश्य राज्य सरकार के विभिन्न निर्णयों को जनता तक पहुंचाना है। 20 को भाजपा के सभी विधायक जनता के बीच पहुंचेंगे और उन्हें अपने विधानसभा क्षेत्रों में किए गए विकास कार्यों के बारे में बताएंगे। 26 से घर-घर जाकर प्रचार किया जाएगा। जबकि, महात्मा गांधी की जयंती पर 2 अक्टूबर को संभाग स्तर पर स्वच्छता अभियान चलेगा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 11 सितंबर को ‘बूथ विजय अभियान’ की शुरूआत करेंगे। इसके साथ ही पार्टी 11 सितंबर से 20 सितंबर तक ‘पन्ना प्रमुखों’ की नियुक्ति का काम भी पूरा करेगी।
19 को गिनाएंगे योगी सरकार की उपलब्धियां
योगी आदित्यनाथ सरकार १९ सितंबर को अपने शासन के 54 महीने पूरे कर रही है। राज्य भाजपा इस अवसर का उपयोग केंद्र और राज्य सरकारों की उपलब्धियों को बूथ स्तर पर उजागर करने के लिए करेगी। भाजपा 19 सितंबर को राज्य भर के सभी 27,700 शक्ति केंद्रों पर बूथ स्तर के कार्यक्रम आयोजित कर योगी आदित्यनाथ सरकार के साढ़े चार साल (54 महीने) का जश्न मनाएगी।
जेपी नड्डा करेंगे विजय अभियान की शुरुआत

पार्टी नेताओं ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा पार्टी के बूथ ‘विजय अभियान’ (बूथों पर जीत के लिए अभियान) का उद्घाटन करेंगे। इन कार्यक्रमों में पार्टी ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और राज्य में योगी आदित्यनाथ सरकार की उपलब्धियों को बूथ स्तर पर उजागर करने का फैसला किया है। इस अवसर पर नड्डा राज्य भर के सभी शक्ति केंद्रों पर पार्टी नेताओं को संबोधित करेंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं को मोदी और योगी सरकारों की उपलब्धियों की एक पुस्तिका दी जाएगी, जिसमें अभियान के लिए चर्चा के बिंदु होंगे।

ट्रेंडिंग वीडियो