आजमगढ़

फोटो-पंचायत चुनाव में खलल डालने के लिए अराजकतत्वों ने तोड़ी अंबेडकर प्रतिमा

-प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने से नाराज लोगों ने किया प्रदर्शन
-पड़ोस के लोगों पर ही प्रतिम क्षतिग्रस्त करने का आरोप
-पुलिस के समझाने पर शांत हुए लोग, 24 घंटे में गिरफ्तारी न होने पर जाम की चेतावनी

आजमगढ़Apr 10, 2021 / 05:43 pm

रफतउद्दीन फरीद

प्रदर्शन करते ग्रामीण,प्रदर्शन करते ग्रामीण,प्रदर्शन करते ग्रामीण

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
आजमगढ़. जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अजमतगढ़ नगर पंचायत तिराहे पर स्थापित डा. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा को अराजकतत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे मौके पर तनाव बढ़ गया। सैकड़ों की संख्या में दलित मौके पर पहुंच सड़क जाम करने का प्रयास किये लेकिन पुलिस ने आरोपियों के तत्काल गिरफ्तारी का आश्वासन देकर मामला शांत करा दिया। स्थानीय लोगों ने 24 घंटे में गिरफ्तारी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।

बतातें हैं कि अंबेडकर जयंती को देखते हुए प्रतिमा के रंग रोगन, साफाई व पीलर पर पत्थर लगाने का काम चल रहा है। शुक्रवार की रात काम करा रहे लोगों की कुछ युवकों से झड़प हो गयी। लोगों के बीच बचाव के बाद मामला शांत हो गया। इसके बाद उक्त युवक घर चले गए। प्रतिमा की रंगाई करा रहे लोगों का आरोप है कि विवाद करने वाले कुछ लोग अपने साथियों के साथ लौटे और डा. अंबेडकर की प्रतिमा पर ईट पत्थर फेकने लगे। प्रतिमा पर कई जगह ईंट लगने से क्षतिग्रस्त भी हो गयी।

शनिवार की सुबह जब गांव के लोगों को यह बात पता चली तो वे आक्रोशित हो उठे और सैकड़ों की संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। जानकारी होने पर कोतवाली प्रभारी जीयनपुर हेंमेंद्र सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे लोगों को प्रतिमा पर पथराव करने वालों को तत्काल गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया इसके बाद लोग शांत हुए। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत द्वारा लगाए गए सीसीटीवी कैमरे की फुटेज निकालकर उनकी पहचान कर उन्हें जेल भेजा जाएगा। कोतवाल ने क्षतिग्रस्त प्रतिमा को भी ठीक करा दिया।

स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि पास में ही शराब की दुकान है जिसके कारण यहां अक्सर विवाद होता है। उक्त दुकान को तत्काल हटाया जाय ताकि कभी विवाद की नौबत न आए। इस मामले में भी पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। बसपा सगड़ी विधानसभा अध्यक्ष चंद्रप्रकाश विमल ने कहा कि पुलिस के आश्वासन पर लोग शांत हुए हैं। अगर आरोपियों की 24 घंटे में गिरफ्तारी नहीं होती है तो हम सड़क जाम कर प्रदर्शन करेंगे।

BY Ran vijay singh

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.