scriptकमिश्नर के निशाने पर फिर चढ़े नगर निगम के अफसर, SO लंका को लगाई फटकार | Commissioner Again Warne Municipal Corporation Officers for Sanitation | Patrika News

कमिश्नर के निशाने पर फिर चढ़े नगर निगम के अफसर, SO लंका को लगाई फटकार

locationवाराणसीPublished: Jun 01, 2018 06:53:00 pm

Submitted by:

Ajay Chaturvedi

लगातार दूसरे दिन निकले शहर के मोहल्लों में, लोगों से जानी पीड़ा, पंचक्रोशी यात्रियों की बदहाली भी जानी।

कमिश्नर निकले शहर की बदहाली जानने, लोगों से जानी पीड़ा

कमिश्नर निकले शहर की बदहाली जानने, लोगों से जानी पीड़ा

वाराणसी. बदहाल शहर और जिम्मेदारों को सुधारने की मुहिम छेड़ रखे कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने लगातार दूसरे दिन कई मोहल्लों का निरीक्षण किया। इस दौरान लोगों से मिले, उनकी पीड़ा सुनी और नगर निगम के अफसरों को जमकर फटकार लगाई। शुक्रवार को तो उन्होंने लंका एसओ को भी निशाने पर लिया और फोन पर ही जमकर क्लास लगा दी। पत्रिका में पंचक्रोशी यात्रियों की दुर्दशा चलने के अगले दिन उन्होंने पंचक्रोशी परिक्रमा मार्ग का भी निरीक्षण किया। साथ ही ढेर सारी हिदायतें भी दीं। इस दौरान कमिश्नर नगर निगम और जिला प्रशासन के पंचक्रोशी परिक्रमा मार्ग, यात्रियों को होने वाली असुविधा से भी वाकिफ हुए।
कमिश्नर दीपक अग्रवाल शुक्रवार को जिलाधिकारी योगेश्वर राम मिश्र और नगर निगम के अफसरों के साथ निकले तो सबसे पहले पहुंच गए करौदी के आदित्य नगर। वहां स्थित तालाब के खाली भूमि पर पंचक्रोसी परिक्रमा करने वाले श्रंद्वालुओं को बैठने एवं विश्राम के लिए टेंट, कुर्सी और प्याऊ लगाने के लिए नगर निगम के जोनल अधिकारी को निर्देश दिया। इस मार्ग पर उनहोने 3-4 स्थानों पर पंचक्रोशी परिक्रमा करने वाले श्रंद्वालुओं के लिये प्याऊ की व्यवस्था करने की हिदायत भी नगर निगम के अधिकारी को दी। लंका चौराहा के पास गंदगी का अंबार देख कर वह भड़क गए। नगर निगम के जोनल अधिकारी को नियमित सफाई के साथ कूड़े की उठान सुनिश्चित कराने की सख्त हिदायत दी। नगवां लंका क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिको से वार्ता की। इस दौरान कमिश्नर को पेयजल की समस्या बताते हुए दूषित पेयजलापूर्ति होने के अलावा क्षेत्र में लगे लगभग 12 हैंडपंपों के खराब होने की जानकारी दी लोगों ने। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए नगर निगम के उप नगर आयुक्त को आज ही हैंडपंपों की बोरिंग शुरू कराने के साथ ही क्षेत्र में टैंकर से पेयजलापूर्ति सुनिश्चित कराने को कहा। साथ ही क्षेत्रीय पार्षद से कहा कि काम शुरू होने की सूचना वह व्यक्तिगत रूप से दें।
कमिश्नर जब अस्सी घाट पहुंचे तो वहां भी गंदगी का अंबार लगा मिला। इस पर उनका पारा चढ़ गया। उन्होने जोनल अधिकारी को फटकार लगाते हुए तत्काल कूड़ा हटाने और रोजाना साफ सफाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही चेताया कि दोबारा निरीक्षण के दौरान कूड़े का अंबार और गंदगी मिली तो बख्शे नहीं जाएंगे। इस दौरान कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने उप नगर आयुक्त को निर्देशित किया कि शहर के सभी वार्डो में नियमित सफाई एवं कूड़े की उठान सुनिश्चित कराएं। सफाई कर्मियों को वावर्दी सफाई कार्य किए जाने पर जोर दिया। कमिश्नर ने हर इलाके के हैंडपंपों का स्थलीय सत्यापन करने की हिदायत देते हुए कहा कि जहां जो हैंडपंप खराब मिले उसे तत्काल दुरुस्त किया जाए। कोई भी हैंडपंप बंद नही रहना चाहिए। खराब हैंडपंपों को युद्वस्तर पर अभियान चलाकर तत्काल चालू कराया जाए। पेयजल की समस्या वाले इलाकों में टैकर से पेयजलापूर्ति सुनिश्चित कराने की हिदायत दी। नगवॉ लंका क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान पार्षद व क्षेत्रीय लोगो द्वारा कमिश्नर को सीवर समस्या से अवगत कराया। लोगो ने बताया कि सीवर समस्या का समाधान नही हुआ, तो बरसात में क्षेत्र में जलभराव की स्थिति पैदा होगी। कमिश्नर ने नगर से आयुक्त से वार्ता कर सीवर समस्या का शीघ्र समाधान कराये जाने का लोगो को भरोसा दिया।
मालवीय चौराहा पर जाम पर भड़के कमिश्नर, लंका थानाध्यक्ष को लगायी फटकार
करौदी से निरीक्षण कर लंका की ओर आते समय मालवीय चौराहा के पास सड़क के दोनो तरफ पटरियों पर अतिक्रमण कर लगी दुकानों एवं टेम्पो स्टैंड के कारण लगे भीषण जाम में कमिश्नर की गाड़ी फस गई। पिकेट पर मौजूद पुलिस कर्मी टेबुल लगा अखबार पढ़ते बैठे मिले। फिर क्या था कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने थाना प्रभारी लंका की मोबाइल पर जमकर क्लास लगाई और अवैध तरीके से लगी दुकानो एवं टेम्पों स्टैंड के कारण लग रहे जाम के लिये फटकार लगाते हुए हिदायत दी कि यदि मौके से अवैध अतिक्रमण नही हटा और दोबारा जाम मिला, तो उनके विरूद्व सख्त कार्रवाई की जाएगी।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो