script

कांग्रेस में जिला व महानगर अध्यक्षों की घोषणा के बाद शुरू हुआ घमासान

locationवाराणसीPublished: Dec 26, 2019 05:16:43 pm

Submitted by:

Ajay Chaturvedi

-पार्टी के पुरनियों ने सोशल मीडिया पर मचाया हंगामा-शीर्ष नेतृत्व को बताया धृतराष्ट्र-समानांतर संगठन बनाने की तैयारी

कांग्रेस फ्लैग

कांग्रेस फ्लैग

वाराणसी. कांग्रेस में करीब 6 महीने बाद जिला व महानगर अध्यक्ष मिले। गत बुधवार को इसकी घोषणा की गई। लेकिन इस घोषणा के बाद से ही पार्टी के भीतर जबरदस्त घमासान छिड़ गया है। पार्टी के पुरनियों ने नए अध्यक्षों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोशल मीडिया पर जंग सी छिड़ गई है। पार्टी में घोषित कमेटी के समानांतर कमेटी गठन की चर्चा शुरू हो गई है। पुराने नेताओं ने शीर्ष नेतृत्व को धृतराष्ट्र तक घोषित कर दिया है। वरिष्ठ कांग्रेसियों का सवाल है कि जब इसी तरह मनोनयन करना था तो साक्षात्कार की लंबी जद्दोजहद का क्या मतलब था। वो नाटक क्यों किया गया।
बनारस के जिला व महानगर कांग्रेस अध्यक्ष के नाम की घोषणा के बाद से फेसबुक और व्हाट्सएप पर घमासान मचा है। युवाओं से लेकर तमाम वरिष्ठ नेता इस मनोनयन से बेहद खफा हैं। बुधवार की रात से ही सोशल मीडिया पर नेतृत्व के खिलाफ बगावती तेवर नजर दिखने लगे हैं। वहीं रसूखदारों ने चुप्पी साध रखी है। केवल पूर्व मंत्री अजय राय ने ही फेसबुक पर नवोदित अध्यक्षों की तस्वीर के साथ इनके मनोनयन का स्वागत किया है।
यह विरोध ठीक उसी तरह से है जैसे शीर्ष नेतृत्व द्वारा अजय कुमार लल्लू को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने जाने के बाद शुरू हुआ था। तमाम वरिष्ठ नेताओं ने परोक्ष या अपरोक्ष रूप से अजय लल्लू के अध्यक्ष बनाए जाने का विरोध किया था। प्रदेश कमेटी घोषित होने के बाद भी पूर्वांचल सहित पूरे प्रदेश में घमासान मचा था। गोरखपुर में कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओँ ने शीर्ष नेतृत्व के निर्णय के खिलाफ जबरदस्त आक्रोश व्यक्त किया था।
इस विरोध पर पार्टी ने कड़ा रुख अपनाया और कई वरिष्ठों को पार्टी से 6 साल के लिए निकाल दिया था। यह कार्रवाई अनुशासन समिति ने की थी। लेकिन उन विरोधियों पर इसका कोई फर्क नहीं पड़ा। तब यह कहा गया कि 14 दिसंबर की पार्टी के दिल्ली सम्मेलन के बाद लखनऊ में बड़ी बैठक होगी और उस बैठक में प्रस्ताव पारित कर वरिष्ठ कांग्रेसी कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी से मिल कर अपनी बात रखेंगे।
इस बीच गत बुधवार को पार्टी ने यूपी के शेष बचे जिला व महानगर अध्यक्षों के नाम की घोषणा कर दी। इस घोषणा के बाद से बनारस के वरिष्ठ कांग्रेसी लामबंद होने लगे हैं। पुरनिए सीधे-सीधे प्रियंका गांधी के निजी सचिव संदीप सिंह पर निशाना साध रहे हैं। बताया यह भी जा रहा है कि संदीप ने ही अजय लल्लू को प्रदेश अध्यक्ष बनवाया। तर्क यह दिया जा रहा है कि संदीप सिंह यह जानते हैं कि पुराने कांग्रेसी उन्हें पचा नहीं पाएंगे, लिहाजा उन्होंने नवोदितों को संगठन के प्रमुख पदो पर बिठा रहे हैं। पुराने कांग्रेसियों का आरोप है कि संदीप ने ही प्रियंका गांधी के पूर्व धीरज श्रीवास्तव को हटवा कर यह पद हासिल किया। वह आइसा से जुड़े रहे। उनका यह भी आरोप है कि संदीप का भाजपा से भी बेहतर ताल्लुकात हैं और वह परोक्ष रूप से भाजपा को ही फायदा पहुंचाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने पत्रिका को बताया कि ये संदीप ही हैं जिन्होंने राहुल गांधी को चौकीदार चोर है का नारा भी दिया था।
वरिष्ठ कांग्रेसियों ने बताया कि विरोध सिर्फ बनारस को लेकर नहीं है यह संदीप सिंह पूरे प्रदेश में कांग्रेस को कमजोर करने में जुटे हैं। इसी के तहत पार्टी के संविधान की अवहेलना कर वरिष्ठ कांग्रेसियों को 24 घंटे के नोटिस पर पार्टी से निकाल बाहर किया। इस मुद्दे पर अब वरिष्ठ कांग्रेसी 28 दिसंबर को लखनऊ में बड़ी बैठक भी करने जा रहे हैं। उनका तर्क है कि पार्टी के संविधान के तहत न्यूनतम 7 दिन का नोटिस दिया जाता है पर इस बार 24 घंटे के नोटिस पर ही सारी कार्रवाई कर दी गई। ऐसे वरिष्ठों का आरोप है कि है कि संदीप सिंह पार्टी संगठन के महत्वपूर्ण पदों पर भाजपा और शिवसेना से आए लोगों को ही प्रमुखता दे रहे हैं।
बनारस के सोशेल मीडिया पर सीनियर कांग्रेसियों के कुछ चुनिंदा पोस्ट

बनारस कांग्रेस दोहराएगा इतिहास, समानांतर संगठन बनेगा।
घोषित कमेटी से सभी परंपरागत कांग्रेसी हुए नाराज
सुनील राय बनेंगे जिलाध्यक्ष
महानगर अध्यक्ष होंगे कमलाकांत पांडेय पिंटू
नागेंद्र पाठक, नृपेंद्र एन सिंह
काशी राजनैतिक कर्मभूमि है, भाजपा और संघ की विचारधारा से लड़ना है जो भी नियुक्तियां हुई हैं किसके कहने पर संदीप सिंह ने प्रियंका गांघी को गुमराह करके बनवाया है
संदीप सिंह प्रियंका गांधी को प्रदेश की परिस्थिति पर गुमराह कर रहा व सभी वरिष्ठ कांग्रेसजनों को अपमानित कर दल से दूर कर रहा,चेतो, कार्यकर्ताओं यह कांग्रेस मुक्त प्रदेश करने आया है
आप वरिष्ठ कांग्रेस पार्टी में आपने संगठन के लिए बड़ा संघर्ष किया है
जी जो बन पड़ा वह सब किया
आपको अब तक मिला क्या संगठन द्वारा
जी कुछ नहीं
कुछ मिलनेकी उम्मीद
जी कोई उम्मीद नही
किसके इशारे पर यह व्यक्ति कांग्रेस में अपना गिरोह बना रहा
संदीप सिंह हटाओ कांग्रेस बचाओ, नहीं तो यह खा जाएगा कांग्रेस को उत्तर प्रदेश में
जब राजा धृतराष्ट्र बन जाता है तो जनता कौरवों जैसी हरकत करने लगती है कुछ ऐसे ही हालात आज पार्टी के अंदर हो रहा है
मैं पार्टी में हमेशा कार्यकर्ताओं की बात करी कार्यकर्ताओं के हक के लिए लड़ी पर आज पार्टी के अंदर खुद को देखती हूं सोच रही हूं कि मैं कहां खड़ी हूं
एक कांग्रेसी होने के नाते मुझे इस बात का बेहत कष्ट है कि आज मेरी पार्टी के अंदर का लोकतंत्र खत्म हो गया है
इंतजार करते करते कार्यकर्ताओं का उत्साह ही खत्म हो गया, अध्यक्षों की घोषणा पर मरघट सा सन्नाटा, यह है बनारस कांग्रेस का नजारा
सुना है संगठन बनाने में आपने न दिन देखा न रात, परिवार तकको समय नहीं दिया
जी सही सुनाहै
तब भी आज तक आप हाशिये पर हैं
पूनम कुंडू

ट्रेंडिंग वीडियो