scriptकांग्रेस नेता का PM मोदी पर बड़ा हमला, बोले… | Congress leader Ajay Rai big attack on PM Narendra Modi | Patrika News
वाराणसी

कांग्रेस नेता का PM मोदी पर बड़ा हमला, बोले…

12 दिन पहले जिस पंचक्रोशी मार्ग का PM ने किया लोकार्पण वह अब फिर से बनेगी, लगाया आरोप, पीएम के संसदीय क्षेत्र में भ्रष्टाचार का बोलबाला।

वाराणसीMar 02, 2019 / 03:41 pm

Ajay Chaturvedi

congress

congress

वाराणसी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गत 19 फरवरी को औढे गांव से जिस पंचक्रोशी मार्ग का लोकार्पण किया था, वह मार्ग अब फिर से बनेगी। उसके लिए धनराशि भी स्वीकृत कर दी गई है। ये कैसी अंधेरगर्दी है। अगर वह सड़क बनी नहीं थी तो लोकार्पण क्यों किया। इस तरह की राजनीति तो हम लोगों ने कभी नहीं की। मैं खुद क्या मेरी पार्टी ने भी ऐसा नहीं किया कभी। यह कहना है वरिष्ठ कांग्रेस नेता और 2014 में नरेंद्र मोदी को कांग्रेस के टिकट पर टक्कर देने वाले अजय राय का।
अजय राय शनिवार को मीडिया से मुखातिब थे। उन्होंने पंचक्रोशी मार्ग का मुद्दा उठाया और कहा कि प्रधानमंत्री ने गत 19 फरवरी को वाराणसी के विकास के लिए करीब 34 सौ करोड़ रुपये की लागत वाली योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया था। उसी में पंचक्रोशी मार्ग भी है। वह पंचक्रोशी मार्ग जिस पर हम कांग्रेसजनों ने सावन में नंगे पांव परिक्रमा की थी जिसके बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महज सात घंटे में मोटर गाड़ी से परिक्रमा की औपचारिकता निभाई थी। उसके बाद लगा कि यह मार्ग दुरुस्त होगा। आश्रय स्थलों का जीर्णोद्धार होगा। फिर जब प्रधानमंत्री लोकार्पण कर दिया तो लगा कि अब सावन नहीं तो कम से कम महाशिवरात्रि पर शिवभक्तों को कंकड़-पत्थर वाला मार्ग नहीं मिलेगा। सीवर के गंदे पानी से नहीं गुजरना होगा। काश ऐसा हो पाता।
उन्होंने कहा कि वह सड़क आज भी उसी हालत में है। जब पत्रिका ने राय को बताया कि उस मार्ग की खबर तो पत्रिका ने हाल ही में दो दिन चलाई तो उनका जवाब था कि तभी तो आज ही समाचार पत्रों में खबर है कि उस सड़क को फिर से बनाया जाएगा। कांग्रेस नेता ने सवाल किया कि जब एक सड़क का लोकार्पण हो गया तो फिर दोबारा क्यों? अगर निर्माण पूरा नहीं था तो लोकार्पण होना ही नहीं चाहिए था।
उन्होंने कहा भाजपा के लिए धर्म आस्था नहीं बल्कि महज ब्रांडिंग है। कहा कि कांग्रेसजनों के पंचक्रोशी परिक्रमा के बाद जब सीएम ने उस मार्ग का निरीक्षण किया तब उन्होंने बहुत बड़ी-बड़ी घोषणाएं की थीं। लेकिन उसके 10 महीने बाद भी उसमें एक भी मूर्त रूप नहीं ले सकी। उन्होंने कहा कि हाल यह है इस बनारस का कि अस्सी से नगवां के बीच गंदगी का अंबार है। नरिया से कंदवां के बीच जगह-जगह सड़कों पर गड्ढे हैं। उसके आगे भी उखड़ी गिट्टियां मिलेंगी। लठिया में तो सड़क के गड्ढों के साथ जलजमाव भी है। औठे के आगे अर्द्ध निर्मित सड़क की दयनीय दशा है, गिट्टी बिखरी पड़ी है। मातलदेई से काशीपुर के बीच और भीमचंडी में भी क्षतिग्रस्त सड़क है।
कहा कि ये सभी यह दर्शाने के लिए पर्याप्त है कि भाजपा की नीति काम की बजाय दिखावे पर ज्यादा है। ब्रांडिंग की राजनीति ही इनकी असलियत है। पूरे वाराणसी के विकास के सवाल पर उसके देशव्यापी प्राचर का यही यथार्थ मर्म है। हमारी मांग है कि कम से कम लोगों की धर्म-आस्था से जुड़ी भावना के साथ इस तरह खिलवाड़ न हो। पंचक्रोशी मार्ग जल्द से जल्द दुरुस्त हो और गुणवत्तापूर्ण तरीके से। कहा कि शिवरात्रि से पहले युद्ध स्तर पर काम करा कर कम से कम सड़क को समतल तो करा ही दिया जाए।
Ajay Ray
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो