वाराणसी

आप नेता संजय सिंह पर मुकदमा, दी चेतावनी नहीं हटा मुकदमा तो समर्थकों संग देंगे गिरफ्तारी

शासन-प्रशासन को दी 23 जनवरी तक की मोहलत। जानें क्या है मामला।

वाराणसीJan 18, 2019 / 12:54 pm

Ajay Chaturvedi

aap leader Sanjay Singh

वाराणसी. अयोध्या और वाराणसी में विकास के नाम पर तोड़े जा रहे मंदिरों को बचाने के लिए अयोध्या से काशी तक भाजपा भगाओ, भगवान बचाओ यात्रा निकालने के आरोप में दर्ज मुकदमा अब तूल पकडता जा रहा है। अभी तीन दिन पहले ही आप नेता संजय सिंह ने उत्तर प्रदेश शासन और स्थानीय प्रशासन को सख्त लहजे में मुकदमा वापस लेने की चेतावनी दी थी। अब उन्होंने मुकदमा वापसी के लिए 23 जनवरी तक की मोहलत दी है। साथ ही चेताया है कि निर्धारित तिथि तक मुकदमा वापस न हुआ तो वह समर्थकों संग गांधी पार्क में गिरफ्तारी देंगे।
बता दें कि आम आदमी पार्टी ने 12 जनवरी को अयोध्या से काशी तक की भाजपा भगाओ, भगवान बचाओ यात्रा निकाली थी। इसके बाद जिला प्रशासन ने आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह सहित पार्टी के नेताओं पर धारा 144 के उल्लंघन के आरोप में मुकदमा दर्ज कर दिया। इसकी जानकारी होते ही आप नेता ने जिला प्रशासन को एक सप्ताह की मोहलत दी है। कहा है कि अगर मुकदमा वापस नहीं होता तो सुभाष चंद्र बोस की जयंती 23 जनवरी को आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह अयोध्या में सिविल लाइन स्थित गांधी प्रतिमा के समक्ष साथियों सहित 11 बजे से धरना व गिरफ्तारी देंगे।
जिला अध्यक्ष मुकेश सिंह जी ने यह जानकारी देते हुए प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर काशी की धार्मिक नगरी वाली पहचान को विश्वनाथ कॉरिडोर के नाम पर मिटाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विश्वनाथ कॉरिडोर के नाम पर कई प्राचीन मंदिर तोड़े जा रहे हैं। हिन्दुओं के ठेकेदार वाली भाजपा सरकार विश्वनाथ कॉरिडोर के नाम पर पुरातत्व विभाग में दर्ज काशी के प्राचीन मंदिरों को तोड़ रही है। जो काशी की असली पहचान हैं।
उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर आप सांसद संजय सिह ने प्रधानमंत्री मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है और मंदिरों को तोड़ने पर रोक लगाने तथा टूटे मंदिरों की फिर से बनवाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जब पार्टी द्वारा मंदिर तोड़े जाने के खिलाफ अभियान चलाया गया तो योगी सरकार के इशारे पर सांसद व 250 कार्यकर्ताओ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
जिला अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश सरकार से यह पूछा कि, क्या यह मुकदमे मंदिरों को बचाने की मांग करने पर दर्ज कराए गए हैं? क्या योगी राज में मंदिर बचाना गुनाह है ? जिला अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी की तरफ से लिखित तौर पर जिला प्रशासन को सूचना दी गई थी और यात्रा का पूरा रूट बताया गया था। प्रशासन ने पहले यात्रा को रोकने की कोशिश की, फिर उसके बाद मुकदमा पंजीकृत किया। उन्होंने कहा कि मंदिर और ऐतिहासिक धरोहर बचाने के लिए हर कुर्बानी देने को पार्टी तैयार है।
मुकेश ने कहा कि जिस बनारस से प्रधानमंत्री मोदी चुनाव लड़ते हैं और जो भाजपा हिंदूवादी होने का बात करती है, वह मंदिरों को तोड़ रही है। 5000 साल पुरानी भारत माता की प्रतिमा को तोड़ दिया। उन्होंने कहा कि अगर तोड़े गए मंदिरों को फिर से नहीं बनवाया गया तो वो अगले माह से आम आदमी पार्टी सांसद सिह के नेतृत्व में पूरे उत्तर प्रदेश में यात्रा निकालेंगे। कहा कि भाजपाई अयोध्या में कहते है राम लला हम आयेंगे मंदिर वहीं बनायेंगे लेकिन काशी में कहते है भोले बाबा हम आयेंगे मंदिर सभी तुडवाएंगे। अयोध्या में 176 मंदिरों को भी तोड़ने का नोटिस भाजपा सरकार ने दिया है और ये अंतिम नोटिस है इसके बाद अयोध्या में भी प्राचीन मंदिरों को तोड़ने की प्रकिया शुरू हो जाएगी।

जिलाध्यक्ष मुकेश सिंह जी ने बताया कि सांसद संजय सिंह सहित प्रदेश सचिव सुधीर भारद्वाज अवध प्रांत की अध्यक्षा बृज कुमारी सिंह प्रदेश प्रवक्ता सभाजीत सिंह पश्चिम प्रांत की महिला अध्यक्ष सभी यादव पूर्वांचल प्रांत की सूची सत्येंद्र तिवारी निर्मल मिश्रा सहित 200 से अधिक अन्य कार्यकर्ताओं पर मुकदमा दर्ज किया गया है इसके अलावा पूर्वांचल अध्यक्ष संजीव सिंह को प्रशासन ने रासुका लगाने की धमकी दी है।

Home / Varanasi / आप नेता संजय सिंह पर मुकदमा, दी चेतावनी नहीं हटा मुकदमा तो समर्थकों संग देंगे गिरफ्तारी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.