सामान्य से 6 डिग्री ऊपर है तापमान जिले का तापमान अब सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। तापमान की मौजूदा स्थिति के मद्देनजर मौसम विभाग ने हीट वेव का अलर्ट जारी कर दिया है। इसके मुताबिक अगले तीन दिनों तक तेज गर्म हवाएं चलेंगी, जो शरीर को और झुलसाएंगी। हालात बद से बदतर होते नजर आ रहे हैं।
20-22 किलोमीटर प्रति घंटे की रफतार से चल रही हवा गर्मी का आलम ये है कि रविवार सुबह से ही तेज गर्म हवा चल रही है। धूप भी इतनी तल्ख है कि हवा थपेड़े झुलसा रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार सुबह 5 बजे तक छह किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही थी। सात बजते-बजते हवा की रफ्तार बढ़कर 20-22 किलोमीटर प्रति घंटे हो गई।
अभी गर्मी से छुटकारा नहीं गर्मी के चलते सबका हाल बुरा है। ऐसा लग रहा मानों आसमान से अंगारे बरस रहे हों। दरोदीवार तो ऐसे तप रहे हैं कि पूछें नहीं। मौसम विज्ञान विभाग ने अभी तक बारिश या बादल घेरने को लेकर कोई भविष्यवाणी नहीं की है। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो मनोज कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि गर्मी से अभी जल्दी छुटकारा नहीं मिलने वाला।
हीट स्ट्रोक से चार की मौत बनारस में शनिवार को हीट स्ट्रोक के चलते चार लोगों की मौत हो गई। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन जिस तरह से लोगों की मौत हुई उससे यही कयास लगाया जा रहा है मौत का कारण भीषण गर्मी ही है। इन चार लोगों में से एक ने तो श्री काशी विश्वनाथ धाम के द्वार पर ही दम तोड़ दिया। हुआ यू कि आंध्र प्रदेश के अलपर्ती चंद्रबोस धाम के पश्चिमी द्वार से बाहर निकलते समय अचान अचेत हो कर गिर पड़े। आनन-फानन में उन्हें कबीरचौर स्थित श्री शिवप्रसाद गुप्त मंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसी तरह भेलूपुर क्षेत्र में एक 55 वर्षीय अधेड़ का शव मिला। रेवड़ी तालाब पुलिस चौकी प्रभारी के अनुसार तलाशी के दौरान अधेड़ की जेब से मंडलीय अस्पताल की पर्ची मिली। अधेड़ की शिनाख्त पहड़िया निवासी विनोद के रूप में की गई है। परिवारजनों को इत्तिला कर दिया गया। वहीं खोजवां के दशमी इलाके में बनारसी शर्मा नामक 72 वर्षीय रिक्शा चालक का शव मिला। उधर चौबेपुर के सरसौल प्राथमिक विद्यालय के करीब एक अधेड़ का शव मिला।
हफ्ते भर का तापमान
दिन-तापमान
शनिवार-45.0 डिग्री सेल्सियस
शुक्रवार-43.4 डिग्री सेल्सियस
गुरुवार- 45.8 डिग्री सेल्सियस
बुधवार-44.4 डिग्री सेल्सियस
मंगलवार- 43.4 डिग्री सेल्सियस
सोमवार-44.8 डिग्री सेल्सियस "मौजूदा हालात में गंभीर बीमारी भी मौत का कारण बनती है। लेकिन तापमान में लगातार बढोत्तरी से हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ा जरूर है। लिहाजा सचेत रहने, सावधानी बरतने की जरूरत है।"- डॉ संदीप चौधरी, जिला चिकित्सा अधिकारी