वाराणसी

पोलिटिकल पार्टियों के साइबर एक्सपर्ट्स डिजिटली लड़ रहे लड़ाई

भाजपा, सपा, कांग्रेस सभी के वार रूम कंप्यूटरीकृत। आईटी स्टूडेंट्स के अलावा मास कम्यूनिकेशन के छात्र संभाल रहे कमान।

वाराणसीMay 06, 2019 / 05:15 pm

Ajay Chaturvedi

सोशल टीम

वाराणसी. लोकतंत्र का यह महापर्व सड़कों पर भले न दिख रहा हो। बैनर, पोस्टर, पैंम्फलेट वगैरह कहीं नजर आएं या न आएं। लेकिन इस लोकतंत्र के इस रण में हर पार्टी ने पूरी ताकत झोंक रखी है। ऐसा हो भी क्यों न। अब बचा ही कितना दिन है मतदान को। गिनती के 13 दिन शेष रह गए हैं। लेकिन यह जो लड़ाई चल रही है वह डिजिटली चल रही है। सोशल मीडिया पर। इसके लिए हर दल ने साइबर सेल एक्सपर्ट्स को अपनी टीम में शामिल कर रखा है। ये साइबर एक्सपर्ट ही वॉर रूम से चुनावी लड़ाई को धार देने में लगे हैं। सभी प्रमुख दलों के वॉर रूम सक्रिय हो चुके हैं। कुछ घोषित तो कुछ अघोषित।
हालांकि इस डिजिटल चुनाव प्रचार प्रक्रिया में टीम भाजपा का आईटी सेल अपना झंडा बुलंद किए है। वहीं कांग्रेस की यूथ टीम ने भी वॉर रूम से मोर्चा संभाल रखा है। सपा व बसपा की टीम भी गठबंधन को पूरा फायदा पहुंचा रही है। टीम के कुछ सदस्य प्रत्याशियों के साथ हैं तो कुछ क्षेत्र में नए वोटर्स को साधने में जुटे हैं। बनारस में भाजपा, कांग्रेस, सपा- बसपा गठबंधन से लेकर अन्य छोटे दलों के भी वॉर रूम तैयार हो गए हैं।
आलम यह है कि विभिन्न दलों के प्रत्याशी जहां नहीं पहुंच पा रहे वहां उनकी सोशल मीडिया टीम के सदस्य पहुंच जा रहे हैं। वो ही अपने उम्मीदवार और पार्टी की अपील पहुंच रहे हैं। सोशल मीडिया के जरिए कम से कम वक्त में ये वॉर रूम के मेंबर हजारों लोगों से जुड़ जा रहे हैं। ये वाट्सएप, फेसबुक, ट्विटर, वायस कॉल, एसएमस के जरिए अधिक से अधिक मतदाताओं को जोड़ने में जुटे हैं। इसमें बीएचयू आईटी स्टूडेंट्स के अलावा जर्नलिज्म एंड मास कम्यूनिकेशन के स्टूडेंट्स भी शामिल हैं।
ये सदस्य फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम, लिंकडिन, टेलीग्राम आदि पर एकाउंट रजिस्टर्ड कराकर अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। यही नहीं, प्रत्याशी को जोडते ह्वाट्सएप ग्रुप बनाए लिए गए हैं जिनसे सुबह से देर रात तक मैसेजेस भेजे जा रहे हैं। वार- रूम के जरिये बूथ लेवल पर वोटर्स का नंबर निकाल उनसे सीधा संवाद भी किया जा रहा है। टीम मेंबर प्रत्याशियों के प्रचार के दौरान के फोटोग्राफ्स से लेकर प्रेसवार्ता व विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी भी दे रहे हैं। फेसबुक पर प्रत्याशी की फोटो व स्टेटस पर लाइक बढ़ाने और शेयर करने पर अधिक काम हो रहा है।

कांग्रेस का वॉर रूम है खजुरी में
जिला और महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से सोशल मीडिया के लिए अलग से टीम बनाई गई है। पार्टी प्रवक्ता शैलेंद्र सिंह ने बताया कि केंद्रीय चुनाव कार्यालय खजुरी में जहां वाररूम बना है। वहीं डीएलडब्ल्यू में भी वाररूम के जरिए सोशल मीडिया पर विरोधियों से मोर्चा संभाला जा रहा है। यहां आईटी प्रभारी मयंक राय व ऋषि उपाध्याय, रितेश अग्रवाल के नेतृत्व में कांग्रेस की योजनाओं, घोषणापत्र, 60 साल में पार्टी के कार्यो को गिनाया जा रहा है। मेन फोकस न्याय योजना पर है।
सपा का वॉर रूम सिगरा पर
सपा- बसपा भी सोशल वॉल पर हाथी- सायकिल को काबिज कराने में युद्धस्तर से जुट चुकी है। इसकी कमान बामसेफ व विधानसभावार वालेंटियर को सौंपी गई है। पार्टी कार्यालय से कैंडीडेट्स वाररूम से चुनाव का संचालन करा रहे हैं। हाईकमान से मिले निर्देशों पर बूथ वाइज वालेंटियर अपने- अपने क्षेत्र में हाथी- सायकिल को सोशल मीडिया पर खूब दौड़ा रहे हैं। सपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल के अनुसार सिगरा में वाररूम तैयार किया गया है। सपा- बसपा गठबंधन को फतह दिलाने के लिए लखनऊ- नई दिल्ली से टीम शहर में डेरा जमा चुकी है। एक हजार से अधिक कार्यकर्ताओं की टीम सिर्फ सोशल मीडिया के लिए वर्क कर रही है। वैसे इसमें मनोज यादव गोलू, प्रदीप जायसवाल, राजू यादव, ईशान मिल्की आदि प्रमुख है।
बादशाह बाग और महमूरगंज में बीजेपी का वॉर रूम
भारतीय जनता पार्टी के सह मीडिया प्रभारी और 2014 में पार्टी का आईटी सेल देख रहे पीयूष वर्धन ने बताया कि पार्टी का वॉर रूम बादशाह बाग स्थित कार्यालय में बना है। यहां आईटी प्रभारी वैभव कपूर, संयोजक शशि कुमार व वॉर रूम प्रभारी विजय गुप्ता के नेतृत्व में क्षेत्रीय टीम वार रूम में काम कर रही है। इसके अलावा महमूरगंज स्थित कार्यालय में भी वार रूम बना है। वहां महानगर प्रभारी मधुकर चित्रांश और संयोजक कुशाग्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में 10 से 15 लोगों की टीम काम कर रही है। पार्टी का सोशल विंग सीधे राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और प्रदेश संगठन मंत्री सुनील बसंल से जुड़ी है। उन्हें अपडेट भी किया जा रहा है।
 

UP News से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Twitter पर ..

UP Lok sabha election Result 2019 से जुड़ी ताज़ा तरीन ख़बरों, LIVE अपडेट तथा चुनाव कार्यक्रम के लिए Download करें patrika Hindi News App .
 

Home / Varanasi / पोलिटिकल पार्टियों के साइबर एक्सपर्ट्स डिजिटली लड़ रहे लड़ाई

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.