scriptप्रियंका गांधी ने तय की जिम्मेदारों की जिम्मेदारी, अब है जवाबदेही की बारी | priyanka gandhi Canceled review Program New Date Declaration Soon | Patrika News

प्रियंका गांधी ने तय की जिम्मेदारों की जिम्मेदारी, अब है जवाबदेही की बारी

locationवाराणसीPublished: Jun 07, 2019 03:21:35 pm

Submitted by:

Ajay Chaturvedi

-ईद के चलते फिलहाल टल गया प्रियंका गांधी का प्रयागराज दौरा-जल्द ही आएंगी और इस बार बूथ स्तर से हार की करेंगी समीक्षा 15 से 19 जून के बीच बनारस आ सकती हैं कांग्रेस महासचिव

प्रियंका गांधी

प्रियंका गांधी

वाराणसी. कांग्रेस महासचिव और पूर्वांचल प्रभारी प्रियंका गांधी ने सभी जिम्मेदारों की जिम्मेदारी तय कर दी है। अब सबकी होगी जवाबदेही। उन्होंने सबको सचेत कर दिया है। अबकी नहीं चल पाएगा किसी का बहाना। सबको अपनी-अपनी रिपोर्ट देनी है। रिपोर्ट बूथ स्तर तक की चाहिए, कांग्रेस महासचिव को। वह हार की बारीक समीक्षा करेंगी। अब सारे पदाधिकारी इस प्रचंड गर्मी में पसीने-पसीने तर है। बताया जा रहा है कि इस समीक्षा के बाद पार्टी में बड़े बदलाव हो सकते हैं।
लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की यूपी में अब तक की यह सबसे शर्मनाक पराजय है। इस बार सिर्फ एक ही सीट जीत सकी है कांग्रेस। पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी को भी अमेठी सीट पर हार का सामना करना पडा है। उधर, भाजपा ने 62 जबकि बसपा जिसका खाता भी नहीं खुला था 2014 में उसने भी 10 सीटें हासिल कर ली है। सपा को भी पांच सीटें मिली हैं। ऐसे में कांग्रेस की चिंता जायज है।
कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे कर अपनी जिद पर अड़े राहुल गांधी ने फिलहाल सभी प्रदेश प्रभारियों से हार के कारणों की रिपोर्ट तलब कर ली है। भले ही इसे रूटीन माना जा रहा है। लेकिन इस बार खास बात यह है कि पार्टी हाईकमान में बूथ स्तर के लोगों से बातचीत करके रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट पार्टी प्रत्याशियों को भी देनी है और संगठन के पदाधिकारियों को भी। कहा तो यह भी जा रहा है कि पार्टी हाईकमान अपने स्तर से भी जासूसी करा रहा है। जो हो पर इसे लेकर संगठन के पदाधिकारियों के पसीने छूट रहे हैं। बहुतों का लो ब्लड प्रेसर की शिकायत हो रही है।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के रिपोर्ट मांगे जाने के बाद महासचिव प्रियंका गांधी ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के संगठन पदाधिकारियों और हारे प्रत्याशियों से हार की रिपोर्टा मांगी है। खास इस बात पर जोर है कि बूथ स्तरीय कार्यकर्ता क्या कह रहे हैं। बूथों का फीडबैक क्या है। इसे लेकर पदाधिकारियों की हालत खराब है। बता दें कि राहुल गांधी के स्तर से रिपोर्ट मांगे जाने के बाद प्रियंका गांधी ने तय किया था कि सात जून को दो दिवसीय कार्यक्रम के तहत वह प्रयागराज पहुंचेंगी। आठ जून को वह पूर्वांचल के 40 पार्टी उम्मीदवारों से मिलेंगी, जिन्हें चुनाव में हार मिली। लेकिन ईद के चलते प्रोग्राम कैंसिल हो गया है। अब 15 से 19 जून तक वह प्रयागराज या बनारस आ सकती है। इसकी पुष्टि बनारस जिला कांग्रेस के अध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा ने की।
बता दें कि राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव से पहले प्रियंका को उत्तर प्रदेश में पूर्वांचल का जिम्मा सौंपा था। अब प्रियंका इन जिलों के सभी जिला व महानगर अध्यक्षों से भी हार के कारणों को जानने की कोशिश करेंगी। माना जा रहा है कि मुलाकात और सवाल-जवाब के इस दौर के बाद पार्टी भविष्य की रणनीति और बदलावों पर फैसला लेगी।
प्रजानाथ शर्मा ने कहा कि प्रियंका गांधी की ओर से बड़ा टास्क मिला है। इसकी तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि मैने अपनी टीम लगा रखी है। खुद भी दिन-दिन भर गांव-गांव का भ्रमण कर रहा हूं। फिलहाल सात जून वाला कार्यक्रम तो कैंसिल हो गया है। इसकी सूचना बुधवार को ही मिल गई थी। बताया जा रहा है कि 15 से 19 के बीच आ सकती हैं।

ट्रेंडिंग वीडियो