script

Ravidas Jayanti: वाराणसी में सियासी जमावड़ा, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव, चंद्रशेखर और धर्मेंद्र प्रधान पहुंचे रविदास मंदिर

locationवाराणसीPublished: Feb 27, 2021 07:58:45 pm

वाराणसी के सीरगोवर्धनपुर स्थित रविदास मंदिर में रविदास जयंती पर उमड़ा आस्थावानों का रेला
कोविड प्रोटोकाॅल के मुताबिक हो रही है दर्शन, बड़ी तादाद में पंजाब आदि राज्यों से पहुंचे हैं भक्त

Political Leaders in Ravidas Mandir

रविदास मंदिर में सयिासी जमावड़ा

पत्रिका न्यूज नेटवर्क

वाराणसी. 644वीं संत रविदास जयंती के मौके पर वाराणसी के सीरगोवर्धन स्थित संत रविदास मंदिर में एक तरफ भक्तों का रेला उमड़ा था तो दूसरी आेर सियासी हस्तियां भी दरबार में मत्था टेकने और हाजिरी लगाने पहुंची थीं। रविदास जयंती पर इस बार वाराणसी में सियासी जमावड़ा भी रहा। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव, पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर ने पहुंचकर मंदिर में मत्था टेका। इसे आने वाले यूपी और पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले दलितों और पिछड़ों को साधने की सियासी पार्टियों की मुहिम से जोड़कर देखा जा रहा है।


यहां कोरोना महामारी के खौफ पर आस्था भारी दिखी। रविदास शक्ति अमर रहे, जो बोले सो निर्भय और सदगुरु महाराज की जय के जयकारे लगातार गूंजते रहे। शनिवार को सुबह रविदास जयंती के कार्यक्रमों की शुरुआत सुबह आठ बजे संत निरंजन दास ने निशान साहब का आरोहण करके किया और सत्संग मंच पर पहुंचे। दर्शन पूजन का क्रम शुरू हुआ और भक्तों को प्रसाद वितरण किया जाने लगा।


इस बीच सियासी हस्तियों की मंदिर में हाजिरी का क्रम शुरू हो गया। सबसे पहले पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान रविदास मंदिर पहुंचे और वहां मत्था टेका। उन्होंने कहा कि कहा कि हम मंदिर के विकास के बारे में भी योजना बना रहे हैं। अखिलेश यादव और प्रियंका गांधी के आने को लेकर सवाल हुुआ तो उन्होंने कहा क संत के दरबार में सबको आना चाहिये। सुबह साढ़े 11 बजे प्रियंका गांधी रविदास मंदिर पहुंचीं। उनके साथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू, समेत कई कांग्रेसी नेता भी थे। मुख्य द्वार पर ट्रस्ट की ओर से स्वागत हुआ। उन्होंने संत रविदास की प्रतिमा के सामने मत्था टेककर आशीर्वाद मांगा। संत निरंजन दास से मिलीं और मंच पर पहुंचकर संत शिरोमणि के लिये अपनी आस्था और विचार रखे। वह सत्संग में गईं, वहां चल रहा लंगर छका और प्रसाद ग्रहण किया।


प्रियंका गांधी ने कहा कि जो सच्चा धर्म होता है वह कभी बैर नहीं रख सकता, कभी लोगों को अलग नहीं कर सकता। लोगों को तोड़ नहीं सकता। उसका स्वभाव यही होता है कि आपके मन को शीतल बनाता है, मन में करुणा जगाता है और लोगों को आपस में भाइयों की तरह, बहनों की तरह जोड़ता है। कहाकि यहां आने के पीछे न कोई राजनीति है और न कोई मकसद। उन्होंने इसे लेकर ट्वीट भी किया।


भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद भी संत रविदास मंदिर पहुंचे। हाजिरी और मत्था टेकने के बाद चंद्रशेखर ने कहा कि मैं उत्तर प्रदेश में चल रही जुल्म ज्यादती को खत्म करने का संकल्प लेने आया हूं। यहां महिलाओं के अधिकार छिने जा रहे हैं उनकी सुरक्षा पर काम नहीं हो रहा, रोज बच्चियों का बलात्कार हो रहा है। रविदास जी के बेगमपुरा राज का सपना एक दिन सच होगा और तब जुल्म ज्यादती खत्म हो जाएगी। 2022 में यूपी को उत्तम प्रदेश बनाएंगे।


उधर पूर्वांचल के तीन दविसीय दौरे पर आए समामवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश भी दोपहर करीब दो बजे मर्जापुर से वाराणसी के सीरगोवर्धनपुर स्थित रविदास मंदिर पहुंचे और दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसके पहले उन्होंने मीडिया से कहा कि युनिटी हमारी पहचान रही है।एक दूसरे पर भरोसा ही अपने देश की ताकत रही है।


संत रविदास जयंती पर सभी को बधाई देते हुए कहा कि उनका जीवन त्याग का और लोगों को जोड़ने का था। उन्होंने दर्शन दिया कि समाज को एक होकर आगे बढ़ना चाहिये। अपने जीवन भर वो बुनाइयों से लड़ते रहे। मुझे उम्मीद है कि आज के समय पर उनका दिखाया हुआ रास्ता और सिद्घान्तों पर चलकर देश बहुत आगे बढ़ सकता है। इसलिये संत की जयंती पर सभी को बधाई। साथ ही जमारे देश की गंगा जमुनी तहजीब जिसकी आज हमारे समाज को सबसे अधिक जरूरत है। गंगा जमुनी तहजीब का मतलब यही है कि हम एक दूसरे का सम्मान करते हैं उनके त्योहारों में शामिल होते हैं एक दूसरे की खुशी बांटते हैं। मुझे यहां आने का मौका मिला यह मेरा सौभाग्य है।

ट्रेंडिंग वीडियो