scriptUP Assembly Election 2022: कांग्रेस का पूरा जोर बूथ मैनेजमेंट पर | UP Assembly Election 2022 Congress full emphasis on booth management | Patrika News

UP Assembly Election 2022: कांग्रेस का पूरा जोर बूथ मैनेजमेंट पर

locationवाराणसीPublished: Dec 05, 2021 03:21:05 pm

Submitted by:

Ajay Chaturvedi

-UP Assembly Election 2022 की रणनीति के तहत कांग्रेस महासचिव प्रियंका ने दिया है एक करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य-पार्टी सचिव राजेश तिवारी पहुंचे बनारस, तैयारियों की समीक्षा की

कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव की समीक्षा बैठक

कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव की समीक्षा बैठक

वाराणसी. UP Assembly Election 2022 फतह की तैयारी में जुटी कांग्रेस का पूरा जोर बेहतर बूथ मैनेजमेंट पर है। पार्टी महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी पहले ही यूपी में एक करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य दे चुकी हैं। इस लक्ष्य को कितना और किस तरह से हासिल किया जाता है ये तो भविष्य के गर्भ में है पर पार्टी पदाधिकारी इसकी तैयारी में पूरी लगन से जुट गए हैं। सदस्यता अभियान की निरंतर समीक्षा भी की जा रही है। इसी के तहत वाराणसी में चल रहे सदस्यता अभियान सहित अन्य तैयारियों की समीक्षा के लिए पार्टी के सचिव राजेश तिवारी रविवा को बनारस पहुंचे।
मैदागिन स्थित कांग्रेस भवन में हुई समीक्षा बैठक के दौरान तिवारी ने जिला व महानगर पदाधिकारियों से बिंदुवार जानकारी हासिल की। इस मौके पर उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए विभिन्न क्षेत्रों की खातिर टिकट की दावेदारी प्रस्तुत करने वाले पार्टीजनों का आह्वान किया कि वो अपने स्तर से भी ज्यादा से ज्यादा सदस्य बनाएं। इसमें किसी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी ने कहा की 2022 का विधानसभा चुनाव नजदीक है, ऐसे में संगठन निर्माण के साथ-साथ सदस्यता अभियान को बूथ स्तर तक ले जाना आवश्यक है।
इस मौके पर उन्होंने महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी के नेतृत्व में तैयार प्रतिज्ञा पत्र को जन-जन तक पहुंचाने में तजी लाने की अपील भी की। पार्टी सचिव तिवारी ने चुनाव की दृष्टि से सश्कत संगठन निर्माण पर बल दिया। कहा कि संगठन को मजबूती प्रदान करने में कोई कोर कसर नहीं रखी जानी चाहिए। कहा कि सभी वर्गों को लेकर सशक्त संगठनात्मक ढांचा तैयार किया जाए। साथ ही उन्होंने सभी नियमित तौर पर वार्डो की मॉनिटरिंग की हिदायत भी दी।
उन्होंने वाराणसी में पार्टी के जनहित के मुद्दों पर संघर्ष की सराहना की। वह हाल ही में चलाए गए महंगाई हटाओ-भाजपा भगाओ पदयात्रा अभियान की भी सराहना करने से नहीं चूके।

समीक्षा बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने की, जबकि संचालन प्रदेश सचिव व महानगर प्रभारी इमरान खान ने किया। महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र ने राष्ट्रीय सचिव को अंगवस्त्रम व पुष्प गुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो