वाराणसी

रेप व महिला हिंसा के खिलाफ पुलिस थाने पर बेटियों का प्रदर्शन

-महिला हिंसा के खिलाफ बेटियों के पदयात्रा का तीसरा दिन

वाराणसीDec 14, 2019 / 08:45 pm

Ajay Chaturvedi

दुराचार के खिलाफ पुलिस थाने पर महिलाओं, बेटियों का प्रदर्शऩ

मिर्जामुराद/वाराणसी. महिला हिंसा विरोधी पदयात्रा तीसरे दिन करीब 25 गाँवो से होते हुए शनिवार को मिर्जामुराद थाने पहुंची। थाने के सामने सभी पदयात्रियों ने दुष्कर्म के खिलाफ खड़े होकर प्रदर्शन किया। सभी पदयात्री थाने के मुख्यद्वार पर पहुंच कर दुष्कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर जमकर नारेबाजी की। बता दें कि दो दिन पहले ही मिर्जामुराद थाने के अंतर्गत ही तीन साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया था। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने दुष्कर्म मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की।
लोक समिति, एशियन ब्रीज इंडिया,ग्राम्या संस्थान, मैसवा,एक साथ अभियान और ग्रामीण पुनर्निर्माण संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में महिला हिंसा के खिलाफ निकाली गई 5 दिवसीय पदयात्रा के माध्यम से जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पदयात्रा के तीसरे दिन कल्लीपुर, गनेशपुर, करधना,अमीनी, अदमा, मिर्जामुराद, चक्रपानपुर,आदि गांवों में पहुंचा जहां लोगों ने सभी पदयात्रियों का जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान गांव में नुक्कड़ सभा, रैली, हस्ताक्षर अभियान आदि के माध्यम से महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ हो रही हिंसा, छेड़खानी, दुष्कर्म को रोकने के लिए लोगों को जागरूक किया।
लोक समिति संयोजक नन्दलाल मास्टर ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराध की खबरें रोजाना सुर्खियों में आती रहती हैं। महिलाओं के साथ-साथ बच्चियों और बुजुर्ग महिलाओं के साथ बलात्कार की खबरें मानवता को शर्मसार करती हैं। महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न और हिंसा कई तरह के रूपों में मौजूद हैं जिनमें हाथापाई, गाली-गलौच, तेजाब छिड़कना, शारीरिक-मानसिक शोषण, बाल विवाह, दहेज हत्या, मानव तस्करी और बलात्कार तक शामिल हैं। स्कूल, सड़क, दफ्तर, होटल, पार्क, खेत, कारखाना, बाजार, बाथरूम, भीड़, एकांत, शायद ही ऐसी कोई जगह बची हो जहां महिलाएं हिंसा का शिकार नहीं हुई हों। जिसे रोकने की जरूरत है।
लोक समिति संयोजक नन्दलाल मास्टर ने बताया कि घरेलू हिंसा के खिलाफ अगले 3 दिन तक पदयात्रा आराजी लाईन के विभिन्न गांवो से होते हुए 16 दिसम्बर निर्भया दिवस के अवसर पर तहसील राजातालाब पहुंचेगी, जहां पर उपजिलाधिकारी को ज्ञापन दिया जायेगा।
कार्यक्रम में मुख्यरूप से नन्दलाल मास्टर,सोनी, सीमा,शमाबानों,सरिता, राजकुमारी, आशा,रणविजय,चन्दू, अनीता,रामबचन,अमित,श्यामसुन्दर, पंचमुखी,आदि लोग लोग शामिल रहे।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.