नागौर. कोतवाली थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर अलग-अलग जगह छुपाकर रखी गई कुल 19 मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं, जो आरोपियों ने पिछले छह महीने में नागौर शहर एवं आसपास के इलाकों से चोरी की थी।
नागौर वृत्ताधिकारी रामप्रताप विश्नोई ने बताया कि वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाते हुए कोतवाली थानाधिकारी वेदपाल शिवरान व थाने की टीम ने गत माह दर्ज वाहन चोरी के प्रकरण में ताऊसर के गुर्जर खेड़ा निवासी दो आरोपियों सुनिल मेघवाल एवं कुलदीप पंवार को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की बिना नम्बरी कुल 19 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
मोटरसाइकिल चोर आपस में रिश्तेदार
वृत्ताधिकारी विश्नोई ने बताया कि गत 21 फरवरी को गाजू निवासी संतोष ने कोतवाली थाने में मोटरसाइकिल चोरी की रिपोर्ट दी थी, जिस पर मामला दर्ज कर जांच थाने के हैड कांस्टेबल महावीर को सौंपी गई। साथ ही जिले में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए नागौर वृत्त स्तर पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम घटना के बाद घटनास्थल का निरीक्षण कर तकनीकी अनुसंधान तथा आसूचना संकलन के आधार पर आरोपी सुनील मेघवाल एवं कुलदीप पंवार को सरहद गुर्जरखेडा से गिरफ्तार कर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि उनके साथ और भी कुछ लोग हैं, जो मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। चार दिन पहले मूण्डवा पुलिस ने गिरोह के एक आरोपी को गिरफ्तार कर तीन मोटरसाइकिलें बरामद की थी। गिरोह में शामिल तीन चोर अभी फरार चल रहे हैं, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ में चोरी की कई वारदातें खुलने की संभावना है।
भीड़भाड़ वाले स्थानों पर करते चोरी
पुलिस ने बताया कि आरोपी शहरों व कस्बों में रेलवे स्टेशन व बस स्टैण्ड के आसपास भीड़भाड़ वाले स्थानों, होटल, कोचिंग सेन्टर, मुख्य बाजार में खडी उन मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे, जिनका लॉक पुराना होता। उस मोटरसाइकिल में मास्टर चाबी का उपयोग करके चोरी करके अपना मुंह बांधकर निकल जाते, ताकि आसानी से पहचान नहीं हो। पुलिस की ओर से बरामद की गई 19 मोटरसाइकिलों में 18 की नम्बर प्लेट हटाई हुई थी। चोर मोटरसाइकिल चोरी करते ही नम्बर प्लेट हटा देते और गांवों में जाकर बेच देते थे, ताकि पुलिस की पकड़ में नहीं आए।
गिरोह को पकडऩे इनका रहा योगदान
मोटरसाइकिल चोर गिरोह को पकडऩे में हैडकांस्टेबल महावीर व कांस्टेबल गरीबराम का विशेष योगदान रहा। इसके साथ थानाधिकारी वेदपाल शिवरान, कांस्टेबल ओमप्रकाश, राकेश, ओमप्रकाश, रिद्धकरण का भी सहयोग रहा।
इधर, नहरी पाइप लाइन से पानी की चोरी करने के आरोप में सात आरोपी गिरफ्तार
नागौर के जायल थाना क्षेत्र के तरनाऊ सरहद में जलदाय विभाग की नहरी पाइपलाइन से अवैध कनेक्शन कर खेत में डिग्गी बनाकर की पानी चोरी करने के मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जायल थानाधिकारी मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि जलदाय विभाग के एईएन जितेन्द्र कुमार की ओर से दी गई रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर पाइपलाइन से पानी चोरी कर खेती करने के आरोप में फरड़ोद निवासी श्रवणराम पुत्र भैराराम मेघवाल, दिलीप पुत्र बुधाराम बावरी, रूणिया निवासी भंवरलाल पुत्र जैनाराम जाट, फरड़ोद निवासी मुकेश पुत्र लिच्छाराम बावरी, शंकरलाल पुत्र पेमाराम बावरी, टांगला निवासी श्रवणसिंह पुत्र सम्पतसिंह राजपूत एवं फरडोद निवासी हिराराम पुत्र नारायणराम गुर्जर को गिरफ्तार किया गया है। शेष सह आरोपी मातासुख निवासी नथूराम धेडू पुत्र लिखमाराम जाट एवं फरड़ौद निवासी नथूराम बिडियासर पुत्र देवराम जाट व अन्य की तलाश जारी है।