विदिशा

विदिशा अनाज मंडी में 16 मई तक नीलामी न करने का ऐलान

करीब एक माह से बंद मंडी के कारण टूटने लगी अनाज व्यापार की कमर

विदिशाMay 07, 2021 / 10:19 pm

govind saxena

विदिशा अनाज मंडी में 16 मई तक नीलामी न करने का ऐलान

विदिशा. कोरोना संक्रमण और चालू कोरोना कफ्र्यू के लगातार बढऩे से विदिशा अनाज मंडी भी करीब एक माह से बंद है। अब अनाज तिलहन व्यापार संघ ने अनाज मंडी को 16 मई तक बंद रखने का ऐलान किया है। संघ अध्यक्ष ने कहा है कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए मंडी में नीलामी 16 मई के बाद ही शुरु की जा सकेगी।

विदिशा अनाज तिलहन व्यापार संघ के अध्यक्ष राधेश्याम माहेश्वरी ने बताया कि इस बार कई अनाज व्यापारियों और मंडी समिति के कर्मचारियों के कोरोना संक्रमण की चपेट में आ जाने के कारण सबके हित में 19 अप्रेल को मंडी में नीलामी बंद करने का निर्णय लिया था, लेकिन हालात सामान्य न होने के कारण तब से अब तक मंडी में नीलामी शुरु नहीं हो सकी है। अब यह नीलामी 16 मई तक के लिए बंद की गई है। इसके बाद जैसे हालात होंगे वैसा निर्णय लिया जाएगा।
रोजाना 7-8 करोड़ का हो रहा नुकसान
माहेश्वरी की मानें तो ये मंडी में खरीदी का सबसे खास समय था। लेकिन इसी समय करीब एक माह के लिए मंडी बंद रहने से अनाज व्यापार की जैसे कमर ही टूट गई है। रोजाना करीब 7-8 करोड़ रुपए का व्यापार प्रभावित हो रहा है। व्यापारियों का व्यापार बंद है और किसानों का अनाज भी जाम होकर पड़ा है। जिनके पास रखने का इंतजाम नहीं है, उन्हें खास परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात सामान्य होने तक अनाज को अवेरना भी किसानों के लिए बड़ी मुश्किल चुनौती है।
समर्थन पर दाम नहीं मिलने से रोका अनाज
माहेश्वरी ने बताया कि सामान्य किस्म और गुणवत्ता का अनाज समर्थन मूल्य केंद्रों पर बिक रहा है या बिक गया होगा। लेकिन मसूर, चना और अच्छी किस्म का गेंहू मंडी में ही बेचने की उम्मीद से किसानों ने मंडी बंद होने से रोक रखा है। ये किसानों की भी मजबूरी है। क्योंकि अच्छी किस्म की शरबती या अच्छा गेंहू 2500 से 3500 रुपए क्विंटल तक मंडी में बिक जाता है। इसी तरह समर्थन मूल्य पर मसूर और चने का दाम 5100 रुपए क्विंटल निर्धारित है, जबकि मंडी में इस बार मसूर 5900-6200 रुपए तथा चना 5200 से 5500 रुपए प्रति क्विंटल तक बिका है। मंडी में अच्छे माल के दाम भी अच्छे मिलते हैं, इसलिए किसान मंंडी खुलने के इंतजार में अपना माल रोकने पर मजबूर है।

Hindi News / Vidisha / विदिशा अनाज मंडी में 16 मई तक नीलामी न करने का ऐलान

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.