scriptशहर में 49 करोड़ में बनेगा एक और फ्लाई ओवर | Another flyover to be built in the city for 49 crores | Patrika News

शहर में 49 करोड़ में बनेगा एक और फ्लाई ओवर

locationविदिशाPublished: Aug 06, 2022 01:05:16 pm

Submitted by:

Bhupendra malviya

बंटीनगर से अंडरब्रिज होकर अरिहंत विहार की ओर ब्रिज बनाने की तैयारी

शहर में 49 करोड़ में बनेगा एक और फ्लाई ओवर

शहर में 49 करोड़ में बनेगा एक और फ्लाई ओवर

विदिशा। प्रदेश में विभिन्न स्थानों पर 20 फ्लाई ओवर ब्रिज प्रस्तावित हुए हैं, इनमें विदिशा में भी एक फ्लाई ओवर ब्रिज शामिल है। इसका प्रस्ताव कलेक्टर ने शासन को भेजा था। इस ब्रिज की अनुमानित लागत 49 करोड़ और यह बंटीनगर से अंडरब्रिज होकर अरिहंत विहार की ओर बनाया जाना प्रस्तावित है।
मालूम हो कि बंटीनगर चौराहा का यह मार्ग विदिशा-सागर मार्ग है। इस मार्ग पर अनाज मंडी भी है। बंटीनगर चौराहे के पास रेलवे का यह अंडरब्रिज है लेकिन वह ज्यादा उपयोगी साबित नहीं हो रहा। यह ब्रिज दो पुलियानुमा है जिसमें एक पुलिया में हमेशा ही पानी रहता है तो वहीं दूसरी पुलिया में तेज बारिश के दौरान पानी भराने से यह अक्सर बंद रहती है। इससे न केवल अरिहंत विहार बल्कि मोहनगिरी, शिक्षक, कॉलोनी बरईपुरा सहित अन्य क्षेत्र व बासौदा-शमशाबाद क्षेत्र की ओर से आने वाले किसान जिन्हें ट्रालियों से अनाज लेकर मंडी पहुंचना होता है लेकिन पुलिया में पानी होने के कारण लोगों को सागर मार्ग पर जाने के लिए खरीफाटक आरओबी या रेलवे ओवर ब्रिज से निकलना पड़ रहा जिससे शहर के अंदरूनी क्षेत्रों में यातायात की भी गंभीर समस्या उत्पन्न हो रही है।

करीब 800 मीटर का होगा फ्लाई ओवर
मिली जानकारी के अनुसार विदिशा शहर में विदिशा-सागर मार्ग पर बंटीनगर चौराहा से अंडरब्रिज होकर अरिहंत विहार की ओर करीब 800 मीटर के इस ब्रिज का प्रस्ताव कलेक्टर ने 11 जुलाई 2022 को शासन को भेजा था। ब्रिज के लिए सेतु बंधन योजना के तहत फ्लाई ओवर के नवीन प्रस्ताव मांगें गए थे। इस पर 49 करोड़ का यह प्रस्ताव भेजा गया था जिसका मुख्यमंत्री ने अनुमोदन किया एवं केंद्रीय सड़क एवं परिवहन

राज्य मंत्री ने स्वीकृति दी है।
यह मिलेगा फायदा

इस फ्लाई ओवर के निर्माण से यातायात में बड़ी राहत मिलेगी। अभी रेलवे अंडरब्रिज मार्ग पर आवागमन में बारिश के दौरान काफी समस्या आती रही है। इससे शहर के कई क्षेत्रों सहित ढोलखेड़ी, बागरी, जंबार, निमखिरिया, पिपरिया, छीरखेड़ा, नीमखेड़ा, खमतला, बिलौरी, अरबरिया, बेरखेड़ी, बिलौरी, दयानंदपुर, बोरिया, खामखेड़ा सहित करीब सौ से अधिक गांव के किसानों का मंडी आना जाना आसान हो सकेगा। वहीं शहर के आरओबी एवं ओवरब्रिज पर बढ़ता यातायात का दबाव भी कम हो सकेगा। वहीं विभिन्न सड़कों पर जाम लगने की समस्या से भी कुछ हद तक राहत मिल सकेगी।
वर्जन

सेतु बंधन योजना अंतर्गत शहरी फ्लाई ओवर के लिए विभिन्न जिलों से 20 नवीन प्रस्ताव आए। इनमें विदिशा शहर का भी एक प्रस्ताव है। इनका अनुमोदन व स्वीकृति हो चुकी है।
-संजय खांडे, चीफ इंजीनियर, मप्र ब्रिज कार्पोरेशन
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो