रंगई के बेतवा घाट की बदलेगी सूरत, पर्यटन निगम करा रहा काम
काम मप्र पर्यटन विकास निगम करा रहा है
विदिशा
Published: April 20, 2022 09:00:23 pm
विदिशा. बेतवा के रंगई घाट पर बाढ़ वाले गणेश मंदिर के पास वाला हिस्सा और विस्तारित और सुंदर बनाया जा रहा है। पिछले कुछ समय से यहां घाट को विस्तारित करने का काम चल रहा है। घाट विस्तार के साथ ही यहां का सौंदर्यीकरण भी कराया जाएगा। यह सब काम मप्र पर्यटन विकास निगम करा रहा है। बाढ़ वाले गणेश जी का मंदिर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और उनकी धर्मपत्नी साधना सिंह की आस्था से जुड़ा है। साधना सिंह की पहल पर ही इस मंदिर का निर्माण हुआ था। मंदिर के साथ ही यहां स्टॉपडेम बनाया गया था और स्टॉपडेम तथा बेतवा के रंगई पुल के बीच गहरीकरण की योजना थी, लेकिन नदी में पत्थर होने से यह काम ब्लास्टिंग के बिना नही हो सकता था, ऐसे में यह बात सामने आई कि यदि ब्लास्टिंग होती है तो उससे रंगई के पुल को खतरा हो सकता है, इसलिए इस बात को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। अब यहां के घाट को मंदिर के पीछे की ओर विस्तारित करने का काम चल रहा है। पिछले दिनों मुख्यमंी चौहान ने नारियल फोड़कर इस काम की शुरुआत की थी। इसके बाद से यह काम तेजी से चल रहा है। मंदिर के पीछे की ओर यह घाट करीब 15 मीटर लंबा किया जा रहा है। इसके साथ ही मौजूदा घाट और निर्माणाधीन घाट का सौँदर्यीकरण किया जाएगा। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री चौहान इस मंदिर और बेतवा के घाट को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना चाहते हैं। इसी दिशा में यह काम हो रहा है। मप्र पर्यटन निगम द्वारा इस काम को कराया जा रहा है। यहां बता दें कि नया रेलवे ब्रिज बनने के बाद अब यहां मंदिर और नदी तट पर पहुंचने का रास्ता भी अपेक्षाकृत ज्यादा चौड़ा किया गया है, इसके लिए यहां बीच में आ रहे कुछ मकानों को भी तोड़ा गया था। लेकिन अब रास्ता काफी चौडु़ा और सुंदर हो गया है। वहीं नए पुल की दीवारोंं, पिलर आदि पर गणेश जी और शिवजी की तस्वीरें, श्लोक आदि लिखकर धार्मिक माहौल बनाने का प्रयास किया है। बाढ़ वाले गणेंश मंदिर का भी तीन ओर से दस-दस फीट तक विस्तार किया जा रहा है। उम्मीद है कि जल्दी ही इस कार्य के पूरा हो जाने के बाद रंगई घाट विदिशा के एक नए पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगा।

रंगई के बेतवा घाट की बदलेगी सूरत, पर्यटन निगम करा रहा काम
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
