scriptकांग्रेस से बुरी दुर्गति हमारी होने वाली है…भाजपा नेता के बयान पर रार | BJP-CONGRESS | Patrika News

कांग्रेस से बुरी दुर्गति हमारी होने वाली है…भाजपा नेता के बयान पर रार

locationविदिशाPublished: Jul 07, 2020 04:35:27 pm

Submitted by:

govind saxena

सोशल मीडिया पर पोस्ट से बवाल, भाजपा नेताओं ने पत्रिका से कही मन की बात

कांग्रेस से बुरी दुर्गति हमारी होने वाली है...भाजपा नेता के बयान पर रार

कांग्रेस से बुरी दुर्गति हमारी होने वाली है…भाजपा नेता के बयान पर रार

विदिशा. सिरोंज के एक भाजपा नेता और जनपद अध्यक्ष की सोशल मीडिया पर पोस्ट ने बवाल मचा रखा है। उन्होंने लिखा है कि भाजपा प्रदेश संगठन से आव्हान है कि समय रहते भाजपा को कांगे्रस होने से बचा लिया जाए, अन्यथा कांग्रेस से बुरी दुर्गति हमारी होने वाली है। इस पर भाजपा जिलाध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा है कि नेता अपनी सीमाएं न लांघें। कांगे्रस से भाजपा में आए नेताओं को प्रशिक्षण देने की बात भी उठ रही है। देखें जनपद अध्यक्ष के बयान और मंत्री को प्रशिक्षण देने की सलाह पर क्या कहते हैं जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता।

विरोध हुआ तो बैकफुट पर आए बघेल
कांग्रेस से ज्यादा दुर्गति वाली पोस्ट पर सिरोंज जनपद अध्यक्ष जितेन्द्र बघेल ने एक कमेंट के जवाब में लिखा है कि मंैं हमारी पार्टी के मंत्री से कहना चाहता हूं कि भाजपा में किसी और विधानसभा क्षेत्र में रुकने से पहले जिलाध्यक्ष, स्थानीय विधायक यहां तक कि मंडल अध्यक्ष तक को सूचना दी जाती है। मंत्री अलग संस्कृति में रहे हैं, इसलिए इन्हें पता नहीं है, इसलिए प्रदेश संगठन से इनके प्रशिक्षण का निवेदन किया है। इस पोस्ट का जब विरोध हुआ तो मंगलवार को बघेल ने पत्रिका से चर्चा कर कहा कि मैंने सामान्य पोस्ट डाली थी लेकिन तिल का ताड़ बना दिया गया। फिर भी मेरी गलती को मैंने स्वीकार कर लिया है। प्रशिक्षण देना या न देना संगठन को तय करना है, मैंने तो साधारण कार्यकर्ता के रूप में अपनी भावनाएं व्यक्त की थीं, लेकिन इससे किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो मैं क्षमा चाहता हूं।
ये अनुशासनहीनता क्यों-डॉ जादौन
प्रशिक्षण देना या न देना प्रदेश नेतृत्व का काम है। यह विचार भी प्रदेश नेतृत्व को करना है। मैं पूछता हूं कि ये अनुशासनहीनता क्यों? नेता और कार्यकर्ता अपनी सीमाएं न लांघें। इस बारे में जितेन्द्र बघेल से पूछा जाएगा और प्रदेश संगठन को भी अवगत कराया जाएगा।
डॉ राकेश सिंह जादौन, जिलाध्यक्ष भाजपा

प्रशिक्षण तो बहुत जरूरी है-रघुवंशी
भाजपा और कांगे्रस की रीति नीति में काफी अंतर है। कांग्रेस से भाजपा में आए लोगों को प्रशिक्षण बहुत आवश्यक है, तभी वे भाजपा में समाहित हो सकेंगे अन्यथा आउट हो जाएंगे। भाजपा और उसकी विचारधारा को समझने के लिए प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए। वैसे भी भाजपा में प्रशिक्षण की परंपरा है।
-हरिसिंह रघुवंशी, पूर्व विधायक गंजबासौदा

ये अपनी-अपनी सोच-हरि सप्रे
कांग्रेस से भाजपा में आकर मंत्री बने नेता कोई नए नहीं हैं। वे काफी समय से राजनीति में हैं और उन्हें सबकी विचारधारा और राजनीति का तरीका मालूम है। ये नेता परिपक्व हैं। फिर भी कोई प्रशिक्षण की बात कहता है तो ये उसका अपना सोच है। प्रशिक्षण होना न होना हम लोग तय नहीं करेंगे।
-हरिसिंह सप्रे, विधायक कुरवाई
प्रशिक्षण जरूरी है-थावरानी
कांग्रेस से भाजपा में प्रवेश करने वालों के लिए भाजपा का प्रशिक्षण जरूरी है। जब तक वे प्रशिक्षण नहीं लेंगे तब तक भाजपा की रीति नीति से परिचित कैसे होंग। फिर इस प्रशिक्षण का लाभ उनके राजनैतिक भविष्य को संवारने और सुचिता की राजनीति करने में भी बहुत काम आएगा।
-मुरलीधर थावरानी, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा
पार्टी एक परिवार, संतुलन बनाना जरूरी-शर्मा
कांग्रेस और भाजपा में विचारधारा का अंतर तो है ही। पार्टी एक परिवार की तरह है, जिसमें संतुलन बनाना बहुत जरूरी है। कांग्रेस से आए लोग समझदार हैं, प्रशिक्षण लेना चाहें तो भाजपा में इसकी पुरानी परंपरा है जो पुराने और नए सभी कार्यकर्ताओं पर लागू होती है।
-श्यामसुंदर शर्मा, वरिष्ठ नेता
पार्टी चाहे तो प्रशिक्षण में कोई बुराई नहीं-कटारे
भाजपा में कार्यकर्ता को संघ की शाखा और अभ्यासवर्ग से प्रशिक्षण मिलता है। कांग्रेस से भाजपा मेें आए नेता किसी बड़ेे नेता के साथ ही आए हैं, उम्मीद है वे खुद संस्कारित हो जाएंगे। फिर भी पार्टी को लगे तो प्रशिक्षण में कोई बुराई नहीं है।
-मनोज कटारे, वरिष्ठ नेता
विचारधारा को जानने प्रशिक्षण जरूरी-अरविंद
भाजपा सांस्कृतिक, राष्ट्रवाद और एकात्म मानववाद पर आधारित संगठन है। नए लोगों को इसको जानना तो होगा। भाजपा की विचारधारा को समझना और आत्मसात करने के लिए प्रशिक्षण आवश्यक है। लेकिन पार्टी को लगता है कि किसी को प्रशिक्षण देना है तो देगी अन्यथा काम करते करते सीख जाएंगे नए लोग।
-अरविंद श्रीवास्तव, जिला महामंत्री भाजपा
मैंने तो पहले ही कहा था, ये तो होना ही है-सिलाकारी
भाजपा में जिस तरह कांगे्रसियों का प्रवेश हुआ है, उससे कांग्रेस को दिक्कत नहीं बल्कि भाजपाईयों को ही दिक्कत होना है। यह बात मैं पहले ही कह चुका हूं और यह शुरू भी हो गया। भाजपाईयों का हक तो मारा जाएगा। फिर इससे कांग्रे्रसियों को भी समझ लेना चाहिए कि भाजपा में उनका क्या हाल होना है।
-कमल सिलाकारी, जिलाध्यक्ष कांग्रेस

ट्रेंडिंग वीडियो