विदिशा

किसान समस्याओं पर भाजपा ने धरना देकर MP सरकार को कोसा

लटेरी में विधायक उमाकांत शर्मा के नेतृत्व में हुआ प्रदर्शन…

विदिशाDec 09, 2019 / 12:48 pm

govind saxena

लटेरी. विधायक उमाकांत शर्मा खुद तख्ती लेकर नारे लगाते हुए।

लटेरी. प्रदेश सरकार पर किसान विरोधी नीति अपनाने का आरोप और यूरिया की उपलब्धता पर सवाल खड़े करते हुए भाजपा ने विधायक उमाकांत शर्मा के नेतृत्व में जयस्तंभ चौक पर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने प्रदेश सरकार को जमकर कोसा और फिर राज्यपाल के नाम ज्ञापन प्रशासन को दिया गया।
दोपहर 1 बजे से शुरू हुआ धरना प्रदर्शन तीन घंटे चला। इसमें भाजपा नेताओं ने किसानों को आ रही समस्याओं, खासकर यूरिया और मुआवजा राशि न मिलने को मुद्दा बनाकर अपनी बात कही। वक्ताओं ने कहा कि यूरिया के लिए घंटों लाइन में लगने के बाद भी किसानों को यूरिया नहीं मिल पा रहा है।
विधायक उमाकांत शर्मा ने कहा कि कमलनाथ सरकार को सिर्फ अधिकारियों-कर्मचारियों के तबादलों की चिंता है। लटेरी के वरिष्ठ कांग्रेस नेता का लड़का रात में चोरी से यूरिया बेच रहा है जब कि सरकारी कीमत 266 रुपये है और 500 रुपये से लेकर 600 रुपये तक यूरिया बाजार में बेचा जा रहा है। लेकिन प्रशासन मौन है। उन्होंने कहा कि सिरोंज-लटेरी की जनता के साथ यदि किसी अधिकारी ने कोई अभद्रता की तो ये अच्छा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार 15 साल रही, लेनिक यूरिया की कमी कभी नहीं आई, लेकिन अब बोरी-बोरी के लिए किसान भटक रहा है। विधायक ने लटेरी प्रशासन को कोसते हुए कहा कि रात के अंधेरे में वार्डो का सीमांकन किया जा रहा है, जब भाजपा नेता पूछते हंैं तो उनसे अभद्रता की जाती है। लटेरी मेन रोड का एक करोड़ रुपया पड़ा हुआ है, इसके बावजूद डीपीआर का बहाना लेकर निर्माण नहीं किया जा रहा है। यदि १५ दिन में लटेरी मेन रोड की डीपीआर बनकर नहीं आई तो लटेरी में प्रदर्शन कर भोपाल में भी प्रदर्शन करुंगा।

धरने के समापन पर भाजपा नेताओं ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। ज्ञापन में यूरिया और किसानों को मुआवजा के साथ ही किसानों से संबंधित पांच सूत्रीय मांगें रखी गईं थीं। धरने के दौरान विधायक ने भी खूब नारेबाजी की। इस दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष भैरू सिंह जादौन, लक्ष्मण सिंह बघेल, स्वदेश जैन, भारत सिंह राजपूत,मंडल अध्यक्ष राजकुमार बघेल, युवा मोर्चा अध्यक्ष विनोद बघेल, डॉ आमिर, पवन शर्मा सहित कई नेता-कार्यकर्ता मौजूद थे।

Home / Vidisha / किसान समस्याओं पर भाजपा ने धरना देकर MP सरकार को कोसा

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.