scriptहर्षोल्लास से मनाया कृष्ण जन्मोत्सव | Celebrated Krishna Birthday Celebrant | Patrika News

हर्षोल्लास से मनाया कृष्ण जन्मोत्सव

locationविदिशाPublished: Sep 04, 2018 12:23:37 pm

हर्षोल्लास से मनाया कृष्ण जन्मोत्सव

jaipur

विदिशा/सिरोंज. नगर से लेकर अंचल में भगवान कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कृष्ण मंदिरों में दिनभर भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठान हुए। वहीं रात 12 बजे मंदिरों में भगवान के पूजन के साथ जन्मोत्सव मना। वहीं नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भगवान की शोभायात्राएं निकालीं गईं, तो कहीं मटकियां फोड़ी गईं।

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव यादव समिति द्वारा भगवान कृष्ण की शोभायात्रा छत्री चौराहा स्थित हनुमान मंदिर से शोभायात्रा प्रारंभ हुई। जिसका जगह-जगह विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने जोरदार स्वागत किया। वहीं रथ में विराजित भगवान कृष्ण के स्वरूप का पूजन-अर्चन किया गया। इस दौरान बैंडबाजे और डीजे पर बज रहे भगवान कृष्ण के भजनों पर युवा नाचते-गाते हुए चल रहे थे। वहीं ढोलों की थाप पर भी युवा नाचते।

समाजजन लाठियां चलाने सहित अन्य करतब दिखाते हुए चल रहे थे। गोपियां नृत्य करती हुई चल रहीं थीं, जो आकृषण का केंद्र रहीं। तोप से फूलों की बारिश की जा रही थी। पूरा नगर कृष्ण की भक्ति में लीन नजर आ रहा था। चल समारोह नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए गंजबासौदा नाका चौराह पर सम्पन्न हुआ। इसके बाद प्रसादी वितरण हुआ। इस दौरान जनपद अध्यक्ष जितेन्द्र बघेल, पूर्व जनपद अध्यक्ष डॉ. संजीव माथुर, अशोक यादव, अनिल यादव, रूपेश, बृजमोहन, लेखराज और डेनी यादव के अलावा बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

जगह-जगह हुआ स्वागत
चुनाव वर्ष के चलते नेताओं ने भी जगह-जगह पर अपनी छवि बनाने के लिए चल समारोह का स्वागत किया। छत्री चौराह पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रघुवीर सिंह रघुवंशी ने, कपड़ा बाजार में पूर्व मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा, चांदनी चौक पर विधायक की अनुपस्थिति में रवि उपाध्याय, नरेन्द्र रघुवंशी, अवधनारायण श्रीवास्तव, अशोक यादव के साथ कांग्रेसियों ने स्वागत किया। जनपद कार्यालय में जनपद अध्यक्ष जितेन्द्र बघेल, नगर पालिका परिषद में नगरपालिका अध्यक्ष उर्मिला रमेश यादव, हाजीपुर में कंाग्रेस नेता नरेन्द्र रघुवंशी, गंजबासौदा नाके पर कमल सिह रघुवंशी, राजकुमार गौड़ के अलावा विभिन्न समाज सेवी संगठनों ने स्वागत किया। जहां से भी शोभायात्रा निकली मार्ग पर फूल ही फूल नजर आ रहे थे।

हैदरगढ़ में निकली शोभायात्रा
विदिशा/हैदरगढ़. स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर से दोपहर को भगवान के पूजन के साथ श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शोभायात्रा शुरु हुई, जो मुख्य मार्गों से निकाली गई। इस दौरान जगह-जगह शोभायात्रा का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। वहीं बालक-बालिकाओं द्वारा डांडिया नृत्य की प्रस्तुतियां दी गईं। डीजे पर बज रहे भगवान कृष्ण के भजनों की धुनों पर युवा नाचते-गाते हुए चल रहे थे। सभी भगवान कृष्ण के जयकारे लगा रहे थे। पूरा वातावरण भगवान कृष्णमय नजर आ रहा था। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।

पिपलधार में जगह-जगह फोड़ी मटकी
विदिशा/पिपलधार. जन्माष्टमी पर्व धूमधाम से मनाया गया। सोमवार को पिपलधार चौराहा से चल समारोह प्रारंभ हुआ, जो गांव के मुख्य मार्गों से होते हुए रामजानकी मंदिर पहुंचा। जहां भजनों का कार्यक्रम हुआ, जहां कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां दीं। चल समारोह के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भजनों की धुनों पर नाचते-गाते हुए चल रहे थे। रास्ते में जगह-जगह मटकी बांधी गईं थीं, जिन्हें युवाओं ने पिरामिड बनाकर फोड़ा। रात 12 बजते ही भगवान का जन्मोत्सव हर्षोल्लास से मनाया गया और प्रसादी वितरण हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

 

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो