scriptसीएम बोले-राहुल को अब भगवान नजर आ रहे हैं, जनता की सेवा करने से मिलते हैं वोट | CM Shivraj says- Rahul is now seeing God | Patrika News
विदिशा

सीएम बोले-राहुल को अब भगवान नजर आ रहे हैं, जनता की सेवा करने से मिलते हैं वोट

जन आशीर्वाद यात्रा : सिरोंज, कुरवाई और गंजबासौदा में हुईं जन सभाएं

विदिशाOct 17, 2018 / 12:22 am

Krishna singh

patrika news

cm shivraj singh

सिरोंज/कुरवाई/ गंजबासौदा. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जन आशीर्वाद यात्रा मंगलवार सिरोंज, कुरवाई और गंजबासौदा पहुंची। सिरोंज में सीएम ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि हमने प्रदेश में सेवा करते हुऐ निरंतर विकास कार्य कराए हैं, जिसे कांग्रेस पचा नहीं पा रही है। राहुल बाबा को अब भगवान नजर आ रहे हैैं वे मंदिर-मंदिर जा रहे हैं। दिग्विजय सिंह पर कटाक्ष करते हुऐ कहा कि वह अब खुद बोल रहे हैं कि जनता से वोट मांगने के लिऐ उन्हें मत भेजो नहीं तो वोट कट जाएंगे। वहीं सभा में पूर्व मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सूरत बदलने का काम किया है। विकास के क्षेत्र में चारो तरफ काम किए हैं। जातपात की राजनीति नहीं की। सिरोंज-लटेरी का विकास हुआ है वह सब मुख्यमंत्री के कारण हुआ है। बता दें कि सीएम की यात्रा का सिरोंज में जगह-जगह स्वागत करने के लिए भारी भीड़ थी। पूर्व मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा ने व्यापाम घोटाले के बाद पहली बार सीएम संग मंच साझा किया ।
लक्ष्मीकांत पैदल और सीएम खुली जीप में
हेलीकॉप्टर से सीएम अपनी धर्मपत्नी साधना सिंह के साथ सिरोंज पहुंचे। यहां पूर्व मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा ने उनका स्वागत किया और फिर साधना सिंह और लक्ष्मीकांत एक ही कार से सभास्थल आए। यहां लक्ष्मीकांत शर्मा ने सीएम संग मंच साझा किया। इस दौरान सीएम, साधना सिंह और लक्ष्मीकांत आपस में कई बार बातचीत करते नजर आए, लेकिन सीएम ने अपने भाषण में लक्ष्मीकांत शर्मा का नाम नहीं लिया। उन्होंने उमाकांत शर्मा की प्रशंसा करते हुए कहा कि इतने लोग आए हैं कि पांडाल छोटा पड़ गया।
कुरवाई: कांग्रेस शिवराज हटाओ में जुटी
कुरवाई में हेलीकॉप्टर से पहुंचे सीएम शिवराज सिंह चौहान ने आमसभा को संबोधित किया। उनके साथ पूर्व प्रदेशाध्यक्ष प्रभात झा और सांसद लक्ष्मीनारायण यादव भी थे। सीएम ने कहा कि कांग्रेस का इस वक्त एक ही मिशन है कि शिवराज को हटाओ। उन्होंने तीर्थ दर्शन, संबल योजना, सड़क, स्टॉपडेम निर्माण, बिजली बिल माफी आदि का जिक्र किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ राकेश जादौन, विधायक वीरसिंह पवार सहित अनेक स्थानीय नेताभी उनके साथ थे। मुख्यमंत्री सभा के बाद जनआशीर्वाद यात्रा रथ से गंजबासौदा की ओर रवाना हो गए। जगह-जगह सीएम की जनआशीर्वाद यात्रा का स्वागत किया गया।
गंजबासौदा: झांकी में आरती, लिया आशीर्वाद
गंजबासौदा. सीएम की जन आशीर्वाद यात्रा मंगलवार को जैसे ही गंजबासौदा पहुंची तो लोगों ने उनका फूलों से स्वागत किया। नेहरू चौक पर आमसभा का आयोजन किया गया था। उसी स्थान पर मां दुर्गा की एक आकर्षक झांकी कार्यकर्ताओं द्वारा लगाई गई थी। आरती का समय हो चुका था तो मुख्यमंत्री शिवराज ने मंच पर से भाषणों को रुकवाते हुए मंच से ही मां दुर्गा की आरती गाने लगे। वहीं साधना सिंह चौहान झांकी स्थल पर पहुंची और मां दुर्गा की आरती कर आशीर्वाद ग्रहण किया। इस दौरान सीएम व उनकी पत्नी साधना सिंह ने मंच पर सबसे पहले कन्याओं का पूजन किया। इस दौरान उन्होंने एक बार फिर सरकार बनाने की बात कही और कांग्रेस पर निशाना साधा।
सपाक्स के लोगों को पुलिस ने पकड़ा
सिरोंज में सपाक्स के कुछ नेता-कार्यकर्ता सीएम का विरोध करने के लिए काले गुब्बारे उड़ाने की योजना बना रहे थे, जिसे देखते हुए पुलिस ने सपाक्स संगठन के तहसील अध्यक्ष राकेश कुशवाह और करणीसेना अध्यक्ष गोविन्द सिंह को सुबह 11 बजे ही थाने में बैठा लिया था। सीएम के जाने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। वहीं गंजबासौदा में जैसे ही यात्रा पहुंची तो त्योंदा रोड पर आर्य समाज मंदिर के पास कुछ लोगों ने काले झंडे दिखाने का प्रयास किया। झण्डाधारियों पर जैसे ही सुरक्षा गार्डों की नजर पड़ी तो उन्होंने युवकों के हाथों से काले झण्डे छुड़ा लिया।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो