इसी सिलसिले में कांग्रेस के प्रांतीय सहायक निर्वाचन अधिकारी तरूण त्यागी और जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ हमीदउल्लाह खान ने कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं की विदिशा में बैठक ली।सर्किट हाउस में आयोजित इस बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष निशंक जैन, विधायक शशांक भार्गव, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ मेहताब सिंह, कमल सिलाकारी, पूर्व जनपद अध्यक्ष रंधीर सिंह, सुभाष बोहत, हसरुददीन खान, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रियंका किरार आदि अनेक लोग मौजूद थे। बैठक को संबोधित करते हुए प्रांतीय सहायक निर्वाचन अधिकारी तरूण त्यागी ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी चुनाव प्राधिकरण के निर्देश पर मप्र में संगठन चुनाव की शुरुआत 20 मई से होगी। इससे पहले 11 मई तक सदस्यता सूची का प्रकाशन होने के बाद ब्लॉक इकाई के चुनाव होंगे। इस चुनाव में केवल 15 अप्रेल तक बनाए गए सदस्य ही हिस्सा ले सकेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ हमीदउल्लाह खान ने कहा कि संगठन के चुनाव तय समय पर ही होंगे। पूर्व में गठित ब्लॉकों पर ही चुनाव प्रक्रिया पूरी होगी। डॉ खान ने कहा कि वे शीघ्र ही विधानसभा मुख्यालयों पर जाकर कार्यकर्ताओं से संगठन चुनावों को लेकर चर्चा करेंगे। बैठक के बाद सभी ब्लाॅक अध्यक्षों और नेताओं ने बंद कमरे में चुनाव अधिकारियों से चर्चा की।
---- नए ब्लॉक, जिलाध्यक्ष चुने जाएंगे विदिशा जिले के कांग्रेस जिलाध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष और विभिन्न पदाधिकारियों को नियुक्त हुए अभी ज्यादा वक्त नहीं हुआ है। कुछ नियुक्तियां तो अप्रेल-मई में ही हुुई हैं। ऐसे में अब नए चुनाव इन पदाधिकारियों के लिए चिंता का विषय बन गए हैं। कमल सिलाकारी के बाद जिले में निशंक जैन का जिलाध्यक्ष पद पर मनोनयन हुआ था, इसके बाद जैन ने जिला और ब्लॉक कार्यकारिणी गठित की औंर अपने विवेक अनुसार जंबो कार्यकारिणी बनाते हुए सैंकड़ों कार्यकर्ताओं को विभिन्न पदों पर मनोनीत कर उन्हें सक्रिय करने में भूमिका निभाई थी। यह क्रम चंद रोज पहले तक जारी रहा है। लेकिन अब जब संगठन चुनाव हो रहे हैं तो जल्दी ही ये नवनियुक्त पदाधिकारी भी पूर्व में बदल जाएंगे, क्योंकि चुनाव प्रक्रिया में तय पदों पर निश्चित संख्या में ही पदाधिकारी चुने जा सकेंगे।