scriptढाई वर्ष बाद भी शुरू नहीं हो पाया सोठिया मार्ग पर पुल का कार्य | Even after two and a half years, the work of the bridge on Sothia Marg | Patrika News
विदिशा

ढाई वर्ष बाद भी शुरू नहीं हो पाया सोठिया मार्ग पर पुल का कार्य

तेज बारिश में नाले का पानी भरा जाता है बस्ती के घरों में, रायसेन का रास्ता हो जाता बंद

विदिशाJul 06, 2022 / 12:53 am

Bhupendra malviya

ढाई वर्ष बाद भी शुरू नहीं हो पाया सोठिया मार्ग पर पुल का कार्य

ढाई वर्ष बाद भी शुरू नहीं हो पाया सोठिया मार्ग पर पुल का कार्य

विदिशा। नगरपालिका ने करीब ढाई वर्ष पूर्व विदिशा-सोठिया मार्ग पर पुलिया के स्थान पर पुल बनाने का प्रस्ताव पास किया था। इस कार्य की प्रशासनिक स्वीकृति भी हो चुकी थी, लेकिन डेढ़ करोड़ की लागत के इस पुल का कार्य अब तक शुरू नहीं हो पाया है। इस पुल की मांग वर्षों पुरानी है। जरूरत इसलिए महसूस की गई कि हरिपुरा वात्सल्य स्कूल के पास स्थित दो पुलियाओं पर बारिश का पानी आ जाता है और नाले का यह पानी आसपास की बस्तियों के घरों में भराता है। वहीं अधिक बारिश के के दौरान मार्ग बंद होने पर करीब दर्जनभर गांव के लोगों का रास्ता अवरुद्ध होता है।
मालूम हो कि यह मार्ग विदिशा से रायसेन जाने का आसान एवं प्रमुख मार्ग है, लेकिन हर वर्ष तेज बारिश के दौरान यहां िस्थत नाला उफान मारता है। पुलिया के ऊपर काफी अधिक पानी आ जाने से नाले का यह पानी हरिपुरा, खिरिया क्षेत्र के घरों में भरा जाता है और इन क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति बनती आई है। पुलिया के ऊपर कई फीट पानी आ जाने पर रायसेन जाने का यह मार्ग अवरुद्ध हो जाता है। पिछले कई वर्षों से रहवासी इस समस्या को हल करने की मांग करते आए हैं। पिछली परिषद ने इस समस्या को गंभीरता से लिया और यहां पुलिया के स्थान पर डेढ़ करोड़ का पुल निर्माण करने का प्रस्ताव तैयार किया था। इसकी प्रशासनिक स्वीकृति भी हो चुकी थी। क्षेत्र के रहवासियों को उम्मीद बंधी थी कि पुल बनने से उनकी बारिश की समस्या हल हो सकेगी वहीं बारिश में आवागमन सुलभ रहेगा, लेकिन इंतजार में ढाई वर्ष गुजर गए और अभी तक पुल के निर्माण का कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
जागकर काटना पड़ती बारिश की रात

हरिपुरा गली नंबर-7 निवासी कन्हैया यादव का कहना है कि यहां दोनों पुलियाओं को जोड़ते हुए बड़े पुल की बहुत जरूरत है। हर बारिश में लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। बारिश की रात जागकर काटना पड़ती है। नाले का पानी रात में कभी भी घरों में भराना शुरू हो जाता है और बस्ती के करीब 30 घर प्रभावित होते हैं। पुलियाओं पर आवागमन रोकने के लिए पुलिस बल तैनात रहता है। क्षेत्र के रहवासी गजेंद्र बघेल, अमित दंडोतिया, तोफानसिंह आदि का भी ऐसा ही कहना है और रहवासियों ने यहां पुल का निर्माण कार्य एवं नाले की समस्या को हल किए जाने की बात कहीं।
बारिश में यह क्षेत्र होते हैं प्रभावित
क्षेत्र के रहवासियों के मुताबिक इस पुलिया के कारण ग्राम सोठिया, मुरवारा, झिरनिया, उमरिया, मेहगांव, चौपड़ा, कौड़ी, देहगांव, गेहूंखेड़ी, चिड़ौरिया, आलमखेड़ा, सैजाखेड़ी, परवरिया आदि गांव का रास्ता बंद हो जाता है और ग्रामीणों को रास्ता बदलकर जाना होता है और वे परेशान होते हैं। वहीं शहर के खिरिया हरिपुरा क्षेत्र में जल भराव की स्थिति बनती है। इसी के साथ ही नपा ने यहां पुलिया के समीप एक सीवेज प्लांट नाले के किनारे बना दिया है। अगर बारिश अधिक हुई तो यह सीवेज प्लांट को भी बारिश से नुकसान पहुंचने की आशंका हैँ।
अभी इस हाल में पुलिया व नाला

रहवासियों का कहना है कि बारिश पूर्व नाले की जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की जा सकी है। पुलिया नाले से कुछ ही फीट ऊंची रह गई है। नाले में काफी कचरा भरा हुआ है। सड़क भी उखड़ी व व्यविस्थत नहीं है। पुलिया के आसपास की सड़क दुरुस्त करने के साथ नाले में रास्तों के अवरोध हटाने एवं नाले की गहराई से सफाई की जरूरत है।

———————–
वर्जन

सोठिया मार्ग पर पुल का प्रस्ताव पास है। करीब डेढ़ करोड़ के पुल का निर्माण कार्य होना है। नपा की वित्तीय िस्थति ठीक नहीं होने से यह कार्य शुरू नहीं हो पाया।
-वायएस भदौरिया, सब इंजीनियर नपा

—————–

Home / Vidisha / ढाई वर्ष बाद भी शुरू नहीं हो पाया सोठिया मार्ग पर पुल का कार्य

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो