बीस करोड़ के विकास कार्यों का हुआ लोकार्पण
करीब 200 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण होना था, लेकिन 24 को मुख्यमंत्री का कार्यक्रम होने के कारण ...

विदिशा. उद्यानिकी मंत्री सूर्यप्रकाश मीणा ने सोमवार को नगर पालिका सभागार में जिले भर में 2089.76 लाख की लागत से बनी 46.60 किमी सड़कों का लोकार्पण कर विकास पर्व मनाया। वहीं मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी इस दौरान लोगों को प्रोजेक्टर के माध्यम से दिखाया गया।
उद्यानिकी मंत्री ने इस दौरान कहा कि सोमवार को पूरे प्रदेश में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित कर विकास पर्व मनाया गया। उन्होंने कहा कि जिले सहित प्रदेश में विकास कार्य इतने हो रहे है कि एक-एक निर्माण कार्य का लोकार्पण या भूमि पूजन करना संभव नहीं है। इसलिए कार्यक्रम आयोजित कर एक साथ भूमि पूजन और लोकार्पण किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि करीब 200 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण होना था। लेकिन 24 को मुख्यमंत्री का कार्यक्रम होने के कारण शहर के सिर्फ 20 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में विकास की बात ही समाप्त हो गई थी।
जब से प्रदेश में भाजपा सरकार आई है हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। इस तरह मप्र लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। वहीं केंद्र की भाजपा सरकार ने गरीब के लिए भोजन से लेकर रहने के लिए पक्के मकान की तक व्यवस्था कर दी है।
हर जगह दिख रहा विकास
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश सोनी ने कहा कि नगर सहित जिला और प्रदेश में हर तरफ विकास दिख रहा है। असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के पंजीयन कर उनके कार्ड बनाए जा रहे हैं। जिससे सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उन्हें मिल सके। केंद्र और प्रदेश सरकार की मंशा है हर वर्ग को विभिन्न योजनाओं का लाभ मिले।
विधायक कल्याण सिंह दांगी ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को जन आशीर्वाद योत्रा में जनता का काफी समर्थन मिल रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री के 24 जुलाई को होने वाले कार्यक्रम के अधिक से अधिक उपस्थिति दर्ज कराकर एतिहासिक कार्यक्रम करने की बात कही। वहीं नगरपालिका अध्यक्ष मुकेश टंडन ने कहा कि पूरे प्रदेश में एक साथ आज विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन कार्यक्रम हो रहे हैं। करीब सवा चार बजे के बाद मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण हुआ, जो काफी देर तक चला।
जिले की 14 सड़कों का हुआ भूमि पूजन
इस दौरान जिलेभर में लोक निर्माण विभाग द्वारा 2089.76 लाख 46.60 किमी सड़कों का लोकार्पण हुआ। जिनमें प्रमुख रूप से अरवरिया से सेमरा तक 3.70 किमी सड़क लागत 122.56 लाख, सिरोंज से गंजबासौदा बायपास मार्ग 2 किमी लागत 94.32 लाख, बहलोट चौकी पहुंच मार्ग 2 किमी लागत 68.01 लाख, कुरवाई शासकीय चिकित्सालय से बस स्टैंड तक एक किमी सड़क 185.52 लाख, ग्रंट से बालाबरखेड़ा-सगौदा, पमारिया- 7 किमी लागत 172.42 लाख, खामखेड़ा-वामनखेड़ा पहुंच मार्ग 5 किमी 123.18 लाख, पौरूखेड़ी पहुंच मार्ग एक किमी लागत 30.19 लाख, चौमड़ी पहुंच मार्ग 1.20 किमी लाखत 29.39 लाख और मोहनपुरा पहुंचमार्ग 1.10 किमी लागत 27.09 लाख रुपए आदि शामिल हैं।
अब पाइए अपने शहर ( Vidisha News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज