scriptमानोरा में रसोई गैस सिलेंंडर फटा, दो गंभीर | LPG cylinder cracked, two people seriously injured | Patrika News

मानोरा में रसोई गैस सिलेंंडर फटा, दो गंभीर

locationविदिशाPublished: Mar 18, 2019 07:42:19 pm

Submitted by:

Krishna singh

धमाके से गिरी पक्के मकान की दीवार, पूरा घर दरक गया

patrika news

LPG cylinder cracked, two people seriously injured

विदिशा/ग्यारसपुर. जिला मुख्यालय से 30 किमी दूर मानोरा गांव के एक घर में सुबह 8.30 बजे रसोई गैस सिलेंडर फटने से हड़कम्प मच गया। हादसे में मकान की दीवार गिर गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए। इनमें से एक को भोपाल रैफर किया गया है।
घायलों को जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे मानोरा के राजेश रघुवंशी ने बताया कि भगवान सिंह के घर में घटना सुबह करीब 8.30 बजे की है। प्रधानमंत्री आवास योजना के मकान में भगवान सिंह की भाभी चाय बना रहीं थीं। इस दौरान गैस में कुछ खराबी आई तो वह जलना बंद हो गया। उसे बंद करके फिर चालू किया तो आग लग गई। आग देखकर हड़कम्प मच गया। घर में मौजूद शुभम प्रजापति ने घर के सब लोगों को तत्काल बाहर निकलने को कहा। भगवान सिंह बाहर थे, उसने भी जब हंगामा देखा तो वह छत पर देखने गया कि वहां कोई रह तो नहीं गया। इस बीच आग बढ़ती जा रही थी। शुभम ने आग बुझाने का प्रयास किया। ऊपरी तौर पर सिलेंंडर की आग बुझ भी गई थी। इस दौरान शुभम अंदर ही थे। आग बुझने के बाद सब सामान्य होने का अंदाज लगा ही रहे थे कि तेज धमाके के साथ गैस सिलेंडर फट गया और घबराकर उतरने में मौजूद भगवान सिंह नीचे आ गिरे। इस धमाके में पक्के मकान की एक दीवार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर टूट गई। हादसे के कारण कमरे में रखा काफी सामान जल गया।
ग्राम के राजेश रघुवंशी बताते हैं खबर मिलते ही फायर बिग्रेड मौके पर पहुंची और आग बुझाई गई। उधर हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए 22 वर्षीय शुभम और 25 वर्षीय भगवान सिंह को जिला अस्पताल लाया गया। शुभम की गंभीर हालत देखकर प्राथमिक उपचार के बाद उसे भोपाल रैफर कर दिया गया, जबकि छत से गिरे भगवान सिंह का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
घर में 12 मार्च को ही हुई थी शादी
जिला चिकित्सालय में दाखिल भगवान सिंह बताते हैं कि अभी 12 मार्च को ही उनका विवाह हुआ था और घर में शादी का काफी सामान रखा था, जो आग और दीवार गिरने से बर्बाद हो गया। इस हादसे में करीब 2-3 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। पक्का मकान भी प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनना बताया गया है, जो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है।
एजेंसी पर आरोप, पहले से था सिलेंडर में लीकेज
पीडि़त परिवार के लक्ष्मीनारायण प्रजापति ने गैस एजेंसी पर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि शनिवार को ही हमने सिलेंडर उठाया था। एजेंसी पर उसी समय कहा था कि सिलेंडर लीक कर रहा है, हमने पानी डालकर भी देखा था, लेकिन उन्होंने मना कर दिया कि कोई लीकेज नहीं है। पानी डालकर चेक नहीं करते। इसके दो दिन बाद ही ये हादसा हो गया।
गैस सिलेंडर में कोई लीकेज नहीं था। सिलेंडर पानी डालकर चेक नहीं किया जाता, फिर भी उन्होंने चेक किया था, बुलबुले नहीं आ रहे थे। उनका घर पूरी तरह बंद था, चूल्हा भी स्टैंड पर नहीं था। फिर जैसे ही आग लगी उन्होंने सिलेंडर पर रजाई लपेट दी, इससे ये हादसा हुआ। हम क्लेम बनाकर भेज रहे हैं। पीडि़त परिवार को क्लेम की राशि नियमानुसार मिलेगी।
-अभिषेक सुगंधी, डीलर, इंडेन गैस एजेंसी ग्यारसपुर
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो