बारिश के बीच करीब तीन लाख लोगों ने किए जगदीश दर्शन
मानोरा में दर्शनार्थियों का सैलाब, दो घंटे जाम में फंसे रहे लोग
विदिशा
Published: July 01, 2022 04:25:31 pm
विदिशा. शुक्रवार को मानोरा में जब जगदीश रथयात्रा निकली तो जैसे श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह 7 बजे रथ यात्रा शुरू होने से लेकर शाम 5 बजे भगवान के जनकपुरी पहुंचने तक तीन लाख से ज्यादा लोगों ने जगदीश स्वामी के दर्शन किए। दोपहर 3 बजे भी करीब डेढ़ लाख लोग मानोरा में मौजूद थे। उधर भारी जनसैलाब और अपेक्षाकृत ढीली व्यवस्थाओं के कारण दोपहर करीब एक बजे से अटारीखेजड़ा के पास भारी जाम लग गया, जिससे करीब दो घंटे तक वाहन और मानोरा से लौटने वाले श्रद्धालु फंसे रहे।
जगदीश रथयात्रा में शामिल होने और भगवान जगदीश के दर्शन करने के लिए दो दिन से श्रद्धालु मानोरा पहुंच रहे थे। सुबह 5 बजे से मंदिर परिसर के सामने भारी भीड़ जुट गई थी। मंदिर में प्रात: आरती और भोग के बाद भगवान की प्रतिमाएं रथ में 6.30 बजे विराजित की गईं, फिर जय जगदीश की गूंज के बीच सुबह 7 बजे रथ रवाना हुआ। बस यहीं से आने-जाने वालों की रेलमपेल शुरू हो गई। मंदिर से गांव की संकरी गलियों से होकर जब रथ निकला तो भगवान की एक झलक पाने के लिए हजारों आंखें लालायित हो उठीं। चबूतरों, छतों, छज्जों जिसे जहां जगह मिली वहीं खड़े होकर हाथ जोड़े देखते रहे। लोग अपने घरों के आगे रंगोली, चौक बनाकर उस पर कलश और दीपक रखे, सिर पर प्रसादी की थाली लिए भगवान के आने का इंतजार करते रहे। जगह-जगह बंदनवार बांधी गई थी। गाजे बाजे के साथ यह रथयात्रा गलियों में ग्रामीणों को दर्शन देते हुए, पूजा स्वीकार करते हुए गांव के चौक में आकर रुकी। लोग रथ की दंडवत परिक्रमा करते जा रहे थे। हमेशा की तरह रथयात्रा के अवसर पर बारिश हुई। सुबह और दोपहर दो बार पानी गिरा।
उधर भारी जनसैलाब के बीच अटारीखेजड़ा के पास भारी जाम लग गया। दोनों ओर से सैंकड़ों वाहन जैसे थम से गए। करीब दो घंटे तक यह जाम लगा रहा, जिससे हजारों लोग परेशान हुए। ट्रेक्टर ट्राली, कार-जीप और बाइक तक फंसे रह गए। पैदल लोग भी बमुश्किल निकल पा रहे थे। ट्रेफिक इंचार्ज आशीष राय ने बताया कि बहुत ज्यादा लोगों के आ जाने से यह हालात बने हैं, व्यवस्था बनाई जा रही है।
---
वर्जन...
सभी के सहयोग से मेला और रथयात्रा संपन्न हुई है। सुबह से शाम तक करीब तीन लाख से ज्यादा लोगों ने रथयात्रा के दर्शन किए। दोपहर 3 बजे भी करीब डेढं़ लाख श्रद्धालु मानोरा में मौजूद हैं।
-तन्मय वर्मा, एसडीएम ग्यारसपुर

विदिशा. मानोरा की रथयात्रा देखने उमड़ पड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब।
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
