Nagar Palika ने निकाली स्वच्छता संकल्प रैली, यहां फैलता रहा कचरा
शहर में निकली स्वच्छता संदेश रैली
विदिशा
Updated: April 27, 2022 03:02:31 am
विदिशा। नगरपालिका ने शहर में स्वच्छता महासंकल्प रैली का आयोजन किया। इसमें नागरिकों के साथ ही नपा के कर्मचारी व स्वच्छता कार्य में लगे वाहन भी शामिल रहे। रैली का उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित करना था। वहीं दूसरी ओर कई स्थानों पर सफाई नहीं होने से सड़कों पर कचरा फैला हुआ एवं कचरा पेटियां कचरे से ठसाठस दिखाई दी। नपा कर्मचारियों के मुताबिक सर्वेक्षण 2022 में शहर को नंबर-1 बनाने के प्रयासों के तहत यह रैली आयोजित की गई। इसमें कलेक्टर उमाशंकर भार्गव, एसपी मोनिका शुक्ला सहित प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, नपा सीएमओ सुधीरसिंह, पूर्व नपाध्यक्ष मुकेश टंडन व विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी सदस्य शामिल रहे। रैली नीमताल गांधी चौक से प्रारंभ हुई जो विभिन्न मार्गों पर स्वच्छता का संदेश देते हुए निकली। रैली में स्वच्छता कार्य से जुड़े घर-घर से कचरा लेने वाले 36 वाहनों के अलावा अन्य वाहन भी शामिल रहे। इस दौरान चलो आज कुछ अच्छा करते हैं ग्रुप के द्वारा पुष्प वर्षा कर रैली का स्वागत किया गया। वही संस्कार भारती महिला मंडल द्वारा नीम ताल पर स्वच्छता के संदेश की एक बहुत ही सुंदर रंगोली भी बनाई गई थी। विदिशा को स्वच्छता में नंबर-वन बनाने के उद्देश्य से चलो आज कुछ अच्छा करते हैं ग्रुप के सदस्यों का कहना है कि स्वच्छता को लेकर ग्रुप द्वारा कई तरह की प्रतियोगिताएं आयोजित कराएगा। यह रैली प्रमुख मार्गाें से होकर नीमताल पहुंची जहां समापन हुआ। ---- इधर सड़क पर फैला रहा कचरा एक तरफ जहां स्वछता संकल्प रैली निकली वहीं दूसरी ओर अहमदपुर चौराहा के पास सफाई नहीं होने से रोड किनारे बड़ी मात्रा में कचरा फैला रहा। यहां लगाई गई कचरा पेटियां भी कचरे से ठसाठस रहने से नागरिकों में नाराजी रही। स्वर्णकार कॉलोनी क्षेत्र की कुछ सड़कें सहित दुर्गानगर रोड किनारे भी कई जगह कंचरे का अंबार लगा रहा।

Nagar Palika ने निकाली स्वच्छता संकल्प रैली, यहां फैलता रहा कचरा
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
