scriptतीन वर्ष में भी पूरा नहीं हो सका पुल का निर्माण कार्य | The construction of the bridge could not be completed in three years | Patrika News
विदिशा

तीन वर्ष में भी पूरा नहीं हो सका पुल का निर्माण कार्य

उदयगिरी-ढोलखेड़ी पुल के लिए अभी तीन माह का और इंतजार

विदिशाJan 20, 2020 / 09:14 am

Bhupendra malviya

vpul.jpg
विदिशा। जिले में उदयगिरी-ढोलखेड़ी के पास बेस नदी पर बन रहा करीब 15 करोड़ की लागत का पुल 18 माह में बन जाना था लेकिन साढ़े तीन वर्ष बाद भी पुल का कार्य पूरा नहीं हुआ है। अभी पुल के शुरू होने में तीन माह का समय और लगने की संभावना जताई जा रही है।
मालूम हो कि सांची मार्ग से उदयगिरी एवं बेसनगर व ढोलखेड़ी को जोडऩे के पुल का कार्य वर्ष जून 2016 में शुरू हुआ था। कार्य की अवधि 18 माह वर्षाकाल छोड़कर तय की गई थी, लेकिन कार्य की गति धीमी रही। पिलर बनने के बाद कई माह कार्य रुका रहा। इससे पुल का यह कार्य तीन वर्ष में भी अधूरा है।
जबकि उदयगिरी से इस पुल को जोडऩे वाली सड़क एक वर्ष पहले बन चुकी लेकिन पुल नहीं बन पाने से इस सड़क का उपयोग नहीं हो पा रहा। अब आई कार्य में गति बेस नदी पर बन रहे इस 120 मीटर लंबे पुल के निर्माण कार्य में अब गति दिखाई दे रही है। वर्तमान में पुल के ऊपरी हिस्से का कार्य जारी है।
वहीं दोनों ओर एप्रोच रोड भी तैयार किए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि आगामी तीन माह में यह कार्य पूरा हो जाएगा। पुल से यह होगा फायदा मिली जानकारी के अनुसार पुल निर्माण से भोपाल-सांची से बैरसिया, बासौदा, सिरोंज, कुरवाई, अशोकनगर, मुंगावली, ललितपुर की ओर जाने वाले वाहनों को सीधा मार्ग मिल सकेगा। पर्यटक भी सांची, उदयगिरी एवं खामबाबा सीधे आ सकेंगे।
आसपास गांव के दुग्ध विक्रेता, सब्जी व अनाज बेंचने वाले किसानों को मंडी जाने का सुलभ रास्ता मिलेगा। वहीं आसपास के कई गांव के लोग लाभान्वित होंगे। अभी अशोकनगर, बासौदा के लिए शहर से होकर वाहन जाते हैं। यह वाहन शहर के बाहर से ही निकल सकेंगे।
फैक्ट फाइल

कार्य की लागत-1401.89 लाख

लंबाई- 120 मीटर

कार्यादेश- 3/6/2016

कार्यपूर्ण अवधि 18 माह (वर्षा काल छोड़कर)

बजट, बारिश व सरकार के बदलने से पुल की गति प्रभावित हुई है। इस नए पुल से शहर की सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होगा। आसपास के गांव भी लाभान्वित होंगे। यह कार्य तीन माह में पूरा हो जाएगा।
– मुकेश टंडन, नपाध्यक्ष

Home / Vidisha / तीन वर्ष में भी पूरा नहीं हो सका पुल का निर्माण कार्य

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो