उमंग, उल्लास और मस्ती के त्योहार होली की मध्यप्रदेश में तैयारियां हो गई हैं।
गुरुवार को शुक्ल पूर्णिमा तिथि पर होलिका दहन होगा और शुक्रवार को धुलेंडी पर रंगोत्सव मनेगा।
मध्यप्रदेश के ग्वालियर सराफा बाजार में करीब 20 हजार कंडों वाली सबसे बड़ी होली सहित करीब एक हजार स्थानों पर होलिका दहन होगा, इसके लिए इस बार एक दिन पूर्व बुधवार को ही सराफा बाजार की होलिका सजाकर तैयार कर ली गई।
इस बार होलिका दहन पर भद्रा का साया पड़ रहा है, इसलिए देर रात को ही होली जलाई जाएगी।
मध्यप्रदेश के ज्योतिषाचार्य डॉ.हुकुमचंद जैन ने बताया कि पूर्णिमा तिथि की शुरूआत होते ही सुबह 10.35 बजे से भद्रा प्रारंभ हो जाएगी। भद्रा का असर रात 11.26 बजे तक रहेगा। इसके बाद ही होलिका दहन करना शुभ रहेगा।
गुरुवार को रात 11.26 से रात 12.26 बजे तक होलिका दहन (Holika Dahan 2025) के लिए श्रेष्ठ समय बताया गया है। हालांकि कई लोग भद्रा की समाप्ति से पूर्व भी होलिका दहन करेंगे।