खास खबर

राजस्थान में है सबसे डरावनी जगह, रात में जाना है सख्त मना


Supriya Rani

26 September 2024

भानगढ़ किला- किले को दिन में देखने में कोई मनाही नहीं है, लेकिन रात में यहां आने पर बैन लगा हुआ है। कहा जाता है कि सालों पहले एक जादूगर ने इस जगह को श्राप दिया था जिसके बाद यह जगह खंडर होती चली गई थी। यह भी कहा जाता है कि रात में इस किले में भूतों का साया रहता है।

इसलिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने सूर्यास्त के बाद इस किले में प्रवेश पर आधिकारिक तौर पर प्रतिबंध लगा रखा है। यह भी कहा जाता है कि रात में यहां चिल्लाने और रोने की आवाजें भी सुनाई देती हैं। इस किले का निर्माण 17वीं शताब्दी में मुगल साम्राज्य के एक सेनापति, अंबर के मान सिंह के भाई राजा माधो सिंह द्वारा किया गया था।

कुलधरा गांव- कहानियों में कहा गया है कि एक अन्यायी मंत्री सलीम सिंह गांव के मुखिया की बेटी से शादी करना चाहता था। हालांकि, मुखिया इसके लिए राजी नहीं था। ऐसे में ग्राम प्रधान और 84 पड़ोसी गांव के लोगों ने कुलधरा छोडऩे का फैसला किया।

कहा जाता है कि जैसे ही लोगों ने इस जगह को छोड़ा, यह श्रापित हो गई। उसके बाद से आज तक इस गांव में कोई नहीं रहता।

यहां बिना छतों के घर, खाली पड़ी सड़कें और मुट्ठी भर मंदिर इस जगह की गवाही देते हैं।

राणा कुम्भा महल- चित्तौडग़ढ़ किले के अंदर स्थित, राणा कुंभा पैलेस का अतीत डरावना है। इसका इतिहास 14वीं सदी में दिल्ली के सुल्तान अलाउद्दीन खिलजी और मेवाड़ साम्राज्य के महाराजा राणा रतन सिंह के बीच हुए युद्ध से जुड़ा है।

जब अलाउद्दीन खिलजी ने राणा रतन सिंह को युद्ध के मैदान में हराया और महल पर हमला किया, तो रानी पद्मिनी और 700 महिला अनुयायियों ने अपने सम्मान की रक्षा के लिए जौहर (आत्मदाह) किया।

सदियों बाद भी इस महल में आने वाले पर्यटकों ने महिलाओं की चीखें सुनी हैं। लोगों ने जले हुए चेहरे वाली पारंपरिक शाही पोशाक में एक महिला को देखने की भी चर्चा की है। आगंतुकों ने मदद के लिए पुकारने वाली आवाजें भी सुनी हैं। (सभी फोटो राजस्थान टूरिज्म वेबसाइट से ली गई हैं)