मेनोपॉज के दौरान महिलाओं को मोटापा, कब्ज, पाचन और नींद संबंधी समस्याएं, घबराहट, मूड स्विंग्स, तनाव, योनि में सूखापन तथा दर्द रहना, अधिक पसीना आना और झुर्रियों जैसी समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे में महिलाओं को चाहिए कि वह अपने खान-पान और जीवनशैली का विशेष ध्यान रखें। ताकि किसी भी शारीरिक अथवा मानसिक कष्ट से बचा जा सके। आइए जानते हैं मेनोपॉज के दौरान महिलाएं किन चीजों को अपने आहार में शामिल करें...

1. खूब फल, सब्जियां खाएं
यूं तो फल और सब्जियों का सेवन करना सभी के लिए काफी सेहतमंद होता है। क्योंकि फल और सब्जियों में कई तरह के विटामिन, खनिज, फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट जैसे पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो स्वास्थ्य को बनाए रखने में मदद करते हैं। ऐसे में मेनोपॉज के दौरान तो पाचन की समस्याओं से बचने और शरीर में आवश्यक पोषक तत्वों की कमी की पूर्ति के लिए महिलाओं को फल व सब्जियों का सेवन जरूर करना चाहिए। इससे आपके शरीर को प्राकृतिक शर्करा और कैलोरी भी मिल पाएगी।

2. डेयरी उत्पादों का सेवन
दूध, दही, पनीर जैसे डेयरी उत्पादों का सेवन भी महिलाओं को मेनोपॉज में अच्छी मात्रा में करना चाहिए। क्योंकि कैल्शियम, मैग्नीशियम, पोटेशियम, विटामिन डी जैसे पोषक तत्वों से भरपूर ये उत्पाद शारीरिक कमी को दूर करने के साथ ही हड्डियों की मजबूती के लिए फायदेमंद होते हैं। दरअसल, महिलाओं को मेनोपॉज के दौरान हड्डियों से संबंधित समस्याओं तथा फ्रैक्चर होने का खतरा अधिक रहता है। ऐसे में पनीर, दूध, दही जैसे खाद्य पदार्थों को अपने आहार में शामिल करके महिलाएं हड्डियों और मांसपेशियों को मजबूत बनाए रख सकती हैं।

3. सूखे मेवे और बीज खाएं
मूड स्विंग्स भी मेनोपॉज के दौरान दिखने वाले लक्षणों में से एक है। ऐसे में विटामिन बी युक्त खाद्य पदार्थ इस समस्या को कम करने में मदद कर सकते हैं। इसके लिए महिलाएं सूखे मेवे जैसे काजू, बादाम, अखरोट और बीज जैसे अलसी, चिया सीड्स आदि खाकर ऊर्जावान बनी रह सकती हैं। इससे ब्लड ग्लूकोस लेवल भी संतुलित रह सकता है।
