script

आर्थिक सफलता के लिए रुकावटों को दूर करना है जरूरी

Published: Dec 06, 2017 09:38:44 am

बिजनेस की शुरुआत में आर्थिक आजादी पाने के लिए आपको कुछ रुकावटों को दूर करना होता है तभी आप आगे बढ़ते हैं और सफलता पाते हैं।

damage control

damage control

बिजनेस की शुरुआत में आर्थिक आजादी पाने के लिए आपको कुछ रुकावटों को दूर करना होता है तभी आप आगे बढ़ते हैं और सफलता पाते हैं।
दुनिया में शायद ही ऐसा कोई होगा जो जिंदगी में कामयाब न होना चाहता हो। आज अधिकतर युवा एंटरप्रेन्योर बनना चाहते हैं और सफलता की बुलंदियों को छूना चाहते हैं। इस सफलता में कहीं न कहीं आर्थिक सफलता भी शामिल होती है। और यह सही भी है क्योंकि जब आपके हाथ में पैसा होता है तो आपकी बहुत सी चिंताएं खत्म हो जाती हैं और आप अपने बिजनेस को आगे बढ़ा पाते हैं। पैसा और आर्थिक आजादी आपको आगे बढऩे, नए चीजें आजमाने और नए अनुभव हासिल करने में मदद करती है। हालांकि, अधिकतर एंटरप्रेन्योर्स को शुरुआती दौर में लाख चाहने के बाद भी आर्थिक सफलता हासिल नहीं हो पाती। बिजनेस के लिए शुरुआती दौर में पैसा कमाना वाकई चुनौतीपूर्ण होता है। इसके लिए आपको दूसरों से कुछ अलग करना होता है। आपको अपना रास्ता दूसरों की देखादेखी में नहीं बल्कि खुद बनाना होता है, तभी आप आर्थिक रूप से सक्षम हो पाते हैं। इसके लिए कुछ रुकावटों को दूर करना होता है। जानें, किन रुकावटों पर पार पाकर आप आर्थिक सफलता पा सकते हैं –
बदलाव न लाना

अपना बेस्ट देने और आर्थिक रूप से सक्षम होने के लिए आपको अपनी जिंदगी में बदलाव के लिए तैयार रहना चाहिए। अगर आप अपनी आदतों को जरूरत के हिसाब से नहीं बदलते तो यह आपके बिजनेस के विकास में रुकावट बन जाती हैं। आपको अपनी आलोचनाओं को लेकर सकारात्मक रहना चाहिए और खुद को बेहतर बनाने के लिए खुद में बदलाव लाते रहना चाहिए। बदलाव लाकर ही आप सफल हो सकते हैं।
कुछ नया न सीखना

सफल लोग हमेशा सीखना जारी रखते हैं। बिल गेट्स का कहना है कि अगर उन्हें कोई सुपरपावर मिले तो वह चाहते हैं कि वह बहुत तेजी से पढ़ सकें। इसी तरह हमेशा कुछ सीखने की भूख ही आपको सफलता तक पहुंचाती है। वहीं, अगर आप कुछ नया नहीं सीखते और जो कर रहे हैं, वही करते रहते हैं तो बंधकर रह जाते हैं और कभी आर्थिक आजादी की ओर नहीं पहुंच पाते। अत: जिंदगी में हमेशा कुछ नया सीखते रहें।
विश्वास की कमी

अधिकतर एंटरप्रेन्योर्स को लगता है कि वह अपने लक्ष्य तक कभी नहीं पहुंच सकते। उनमें आत्मविश्वास की कमी होती है। यही विश्वास की कमी उन्हें उनके लक्ष्य और आर्थिक आजादी से दूर करती है। आपको खुद पर भरोसा होना चाहिए और आपको पता होना चाहिए कि आप क्या कर सकते हैं या क्या पा सकते हैं। जिन लोगों से आप प्रेरणा लेते हैं, वह आपसे ज्यादा अलग नहीं हैं। बस वह ज्यादा मेहनती और स्मार्ट होते हैं। आप अपनी किस्मत को कंट्रोल नहीं कर सकते लेकिन लक्ष्य तक पहुंचने के लिए पूरा प्रयास तो कर ही सकते हैं। इसके लिए आत्मविश्वास बहुत जरूरी है क्योंकि यही आपको आपकी सफलता की राह पर ले जाता है।
कोशिश न करना

यह बात सच है कि अपने रूटीन में बदलाव करना बहुत मुश्किल होता है। खासकर अगर आपका परिवार है या आप पर दूसरी बड़ी जिम्मेदारियां भी हैं। हालांकि, इस तरह रूटीन से चलते रहने की वजह से आपकी सफलता में रुकावट आती है और आप कभी एक सीमा से ज्यादा सफल नहीं हो पाते। जब आप चांस लेते हैं और खुद को चुनौती देते हैं, तब आप आर्थिक आजादी की राह पर आगे बढऩे लगते हैं।
दूसरों की सोच की चिंता

बिजनेस के दौरान जरूरी नहीं है कि सभी आपको हमेशा पसंद करें या हमेशा आपके निर्णयों से सहमत हों। माना कि सभी यह चाहते हैं कि दूसरे उन्हें पसंद करें और उनसे सहमत हों लेकिन यह इस हद तक नहीं होना चाहिए कि आपको नुकसान होने लगे। बिजनेस में आर्थिक रूप से सफल होने के लिए कई बार आपको दूसरों की चिंता छोडक़र अपने हिसाब से आगे बढऩा होता है। आपको उन लोगों को ना कहना पड़ता है जो आपको पसंद करते हैं। सफलता पाने के लिए यह गलत नहीं है। बस आपको दूसरों के साथ अपनी भी चिंता करनी होती है।
गलत लोगों का साथ

जिस तरह के लोगों के साथ आप समय बिताते हैं, आप भी काफी हद तक उनके जैसे बन जाते हैं। इसका मतलब यह नहीं है कि आप अपने दोस्तों के साथ समय न बिताएं लेकिन कोशिश करें कि एक एंटरप्रेन्योर के तौर पर ऐसे लोगों के साथ ज्यादा समय बिताएं जो आपको प्रेरित करें और आपको बेहतर करने के लिए ऊर्जा दें। जिनके साथ समय बिताकर आप सकारात्मक रहना सीखें। इससे आप ना केवल खुश रहेंगे बल्कि आर्थिक सफलता की ओर भी बढ़ेंगे।
बिजनेस के शुरुआती दौर में आर्थिक रूप से सक्षम बनकर और रुकावटों को दूर करने के बाद ही कामयाबी मिलती है। अगर आप आर्थिक सफलता की राह में आने वाली रुकावटों से हार मान लेते हैं तो बिजनेस को कभी सफलता की ओर नहीं ले जा पाते।
आर्थिक सफलता हासिल करने के लिए आपको बिजनेस करते समय अपना रास्ता खुद बनाना होता है।

दूसरों को जिम्मेदार ठहराना

बिजनेस के दौरान बहुत बार ऐसा होता है कि परिस्थितियां आपके विपरीत होती हैं और आप पर बिल्कुल रहम नहीं करतीं। आप हर चीज पर अपना कंट्रोल नहीं रख सकते और जब चीजें आपके हिसाब से नहीं होतीं तो इस बात के बहुत अवसर होते हैं कि आप इन विपरीत परिस्थितियों के लिए दूसरों को जिम्मेदार ठहराएं। जब चीजें आपके बस से बाहर निकल जाती हैं तो अक्सर लोग दूसरों को जिम्मेदार ठहराते हैं क्योंकि इससे आपका ध्यान इस बात से हट जाता है कि आपको उस स्थिति को सुधारने के लिए क्या करना चाहिए। हालांकि, याद रखें कि विपरीत परिस्थिति में दूसरों पर दोष डालना आपके बिजनेस के लिए खतरनाक हो सकता है। इस तरह से आप कभी खुद को बेहतर बनाने की कोशिश नहीं करते और दूसरों पर दोषारोपण करते रहते हैं। इससे आप कभी आर्थिक आजादी नहीं पा सकते बल्कि ऐसा करने से आप अपने लक्ष्य से भटक सकते हैं और बिजनेस विफल हो सकता है।
कुछ अलग न सोचना

बिजनेस में सफल होने और आर्थिक रूप से सक्षम होने के लिए आपको दूसरों से अलग बनना होता है। इसके लिए आपको दूसरों से हटकर सोचना होता है। अगर आप दूसरों की तरह ही सोचते हैं तो कभी आर्थिक सफलता की ओर नहीं बढ़ पाते और दूसरों की तरह ही सीमित सफलता हासिल कर पाते हैं। अत: सफल होने के लिए आपको कुछ अलग सोचना जरूरी है।

ट्रेंडिंग वीडियो