चॉकलेट डिप कुकीज
Published: Aug 17, 2016 12:57:00 pm
इन कुकीज को एयरटाइट जार में बंद कर के करीब एक महीने तक रखा जा सकता है
त्योहार हो या बर्थडे पार्टी आप इन कुकीज को पहले से ही तैयार कर के रख सकते हैं और जरूरत पडऩे पर सर्व कर सकते हैं।
आवश्यक सामग्री
मैदा – 200 ग्राम (2 कप लेवल करके भरी हुई)
मक्खन – 150 ग्राम (3/4 कप )
चीनी – 100 ग्राम ( आधा कप)
नमक – एक चौथाई चम्मच
चौकलेट – एक चौथाई कप
विधि
किसी बर्तन में मक्खन को पिघला लीजिए, चीनी डालिये और फैट कर मक्खन चीनी को अच्छी तरह मिला लीजिए।
मक्खन चीनी के मिश्रण में मैदा और नमक डालिए और हाथ से अच्छी तरह मिला लीजिए, मिश्रण को ढककर आधा घंटे के लिये रख दीजिए।
आधा घंटे बाद मिश्रण से थोड़ा थोड़ा मिश्रण उठाइए, गोल कीजिए, हाथ से थोड़ा दबा कर चपटा कीजिए और किसी चिकनी की गई ट्रे या थाली में रखिए, सारे मिश्रण से गोले बनाकर आधा इंच की दूरी छोड़ते हुए ट्रे में लगा दीजिए। अब इन सारी कुकीज पर फोर्क से दबा कर डिजायन बनाइए।
ओवन को पहले से 200 सेग्रे. पर गरम कीजिए, कुकीज की ट्रे ओवन में रखिए और ओवन को 180 सेग्रे. तापमान पर सैट करके 10 मिनिट के लिए कुकीज को बेक होने लगा दीजिए। 10 मिनिट बाद कुकीज चैक कीजिए और फिर से ओवन को इसी तापमान पर 5 मिनिट के लिए सैट करके कुकीज को बेक कीजिए। इतने समय में कुकीज अच्छी तरह बेक हो जाती है, अगर आपको कुकीज अभी अच्छी बेक न दिखे तो आप फिर से 160 सेगे.पर 5 मिनिट के लिए कुकीज बेक कर सकते हैं। कुकीज को ओवन से निकाल कर ठंडा होने के लिए रख दीजिए।
किसी बड़े बर्तन में आधा बर्तन पानी भरकर, गरम करने रखिए। चौकलेट के लिए कोई एसा बर्तन लीजिए जो इस पानी भरे बर्तन के अन्दर रखा जा सके, इस बर्तन में चौकलेट डालिए और बर्तन को गरम पानी में रख दीजिए, 10-15 मिनिट में चौकलेट पिघलने लगती है, सारी चौकलेट पिघलने तक इसे गरम होने दीजिए।
पिघली चौकलेट के बर्तन को कुकीज के पास रखिए, एक कुकीज हाथ से उठाइए और आधा डुबने तक चौकलेट में डुबाइए। चौकलेट में डिप की गई कुकीज को किसी दूसरी प्लेट में रखिए, सारी कुकीज को एक एक करके इसी तरह चौकलेट में डिप करके दूसरी प्लेट में रख लीजिए। चौकलेट की परत ठंडा पर कुकीज खाने के लिए तैयार है।