scriptSalman Khan: सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग के दो आरोपी गुजरात से पकड़े, बिश्नोई गैंग से जुड़े, बिहार कनेक्शन | Patrika News
अहमदाबाद

Salman Khan: सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग के दो आरोपी गुजरात से पकड़े, बिश्नोई गैंग से जुड़े, बिहार कनेक्शन

सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग के मामले में दो आरोपियों को गुजरात के कच्छ से पकड़ा, दोनों बिश्नोई गैंग से जुड़े, आरोपी बिहार के

अहमदाबादApr 17, 2024 / 05:15 pm

Uday Kumar Patel

बॉलीवुड अभिनेता Salman Khan के मुंबई स्थित घर के बाहर फायरिंग (Firing) के मामले में दो आरोपियों को गुजरात में कच्छ से पकड़ा गया। पश्चिम कच्छ पुलिस ने सोमवार देर रात दो आरोपियों -विकी गुप्ता (24) व सागर पाल (21) को भुज के पास माताना मढ़ से गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी बिहार के पश्चिम चंपारण जिले की नरकटियागंज तहसील के मसही गांव के रहने वाले हैं। दोनों लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हैं।

मुंबई पुलिस ने कच्छ पुलिस को संपर्क किया

भुज स्थित कच्छ पुलिस मुख्यालय के पुलिस उपाधीक्षक ए आर झनकाट ने बताया कि सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग के आरोपियों के कच्छ जिले में होने की बात की जानकारी मिली थी। इसे लेकर मुंबई पुलिस ने कच्छ पुलिस को संपर्क किया था। मुंबई पुलिस ने बताया था कि दोनों आरोपी फरार हैं और इनके फिलहाल कच्छ जिले में होने की आशंका है।

आरोपियों को पकड़ने के लिए एलसीबी की अलग-अलग टीमें गठित

इसके आधार पर भुज रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) चिराग कोरडिया और पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) महेन्द्र बगडि़या के निर्देश पर इन आरोपियों को पकड़ने के लिए एलसीबी की अलग-अलग टीमें गठित की गई थीं।पश्चिम कच्छ -भुज के लोकल क्राइम ब्रांच (एलसीबी) के पुलिस निरीक्षक एस एन चुडास्मा के नेतृत्व में एक टीम नखत्राणा तहसील इलाके में गश्त पर थी। टेक्निकल सर्विलांस व ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर यह पता चला कि दोनों आरोपी माता ना मढ़ मंदिर परिसर में हैं।

इन्हें मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंपा गया

इस सूचना के आधार पर दोनों आरोपी- विकी गुप्ता तथा सागर पाल-वहां मिले और उन्हें पकड़ा गया। पूछताछ में इन्होंने अपराध की बात कबूली। दोनों आरोपियों को दयापुर थाने लाया गया जहां कानूनी कार्रवाई की गई। इसके बाद इन्हें मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंपा गया। ये दोनों आरोपी बिहार के पश्चिम चंपारण जिले की नरकटियागंज तहसील के गोहाना थाना के मसही गांव के रहने वाले हैं। पुलिस उपाधीक्षक झनकाट के मुताबिक दोनों आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे मुंबई के पनवेल के होटल में रूके हुए थे और दोनों ने सलमान खान के घर की रेकी भी की थी।उल्लेखनीय है कि 14 अप्रेल को मुंबई के बांद्रा स्थित सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग की घटना घटी थी। तब सलमान अपने घर पर ही मौजूद थे।

Hindi News/ Ahmedabad / Salman Khan: सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग के दो आरोपी गुजरात से पकड़े, बिश्नोई गैंग से जुड़े, बिहार कनेक्शन

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो