scriptसीएम अखिलेश ने दिए निर्देश, 13 दिसंबर तक चयनित अभ्यर्थियों को दें नियुक्ति पत्र | Akhilesh Yadav instructed chief secretary for new appointments in UP | Patrika News
लखनऊ

सीएम अखिलेश ने दिए निर्देश, 13 दिसंबर तक चयनित अभ्यर्थियों को दें नियुक्ति पत्र

विधानसभा चुनाव की संभावनाओं को देखते हुए सीएम अखिलेश यादव फ्रंट फुट पर आ गए हैं।

लखनऊDec 10, 2016 / 01:03 pm

नितिन श्रीवास्तव

akhilesh yadav

akhilesh yadav

लखनऊ. विधानसभा चुनाव की संभावनाओं को देखते हुए सीएम अखिलेश यादव फ्रंट फुट पर आ गए हैं। अखिलेश चुनाव से पहले किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतना चाहते हैं। विधानसभा चुनाव की आहट महसूस कर रही अखिलेश सरकार लोक सेवा आयोग, अधीनस्थ चयन सेवा आयोग व अन्य भर्ती बोर्ड के जरिये चयनित अभ्यर्थियों को जल्द से जल्द नियुक्ति पत्र दिलाने में जुट गई है। मुख्य सचिव राहुल भटनागर ने नियुक्ति पत्र जारी कर 13 दिसंबर तक ब्योरा प्रमुख सचिव नियुक्ति को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। साथ ही अड़ंगेबाज अफसरों को कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। प्रदेश सरकार ने समूह ख, ग और घ के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए अधीनस्थ चयन सेवा आयोग का गठन किया था। नगर विकास, भूतत्व एवं खनिकर्म समेत कई महकमों ने अपने विभागों की भर्ती आयोग से मुक्त करा लीं। मगर आयोग ने जिन विभागों के लिए प्रक्रिया पूरी कर संस्तुतियां भेजी, वे भी आदेश जारी करने में लापरवाही बरत रहे थे।

यह भी पढ़ें


चुनाव को देखते हुए अखिलेश ने दिए निर्देश
विधानसभा चुनाव जल्द होने की संभावनाएं मजबूत हो रही हैं। चुनाव से पहले आदर्श आचार संहिता कभी भी लग सकती है। आचार संहिता लगने के बाद नियुक्तियों का मामला फंस सकता है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने चुनाव को देखते हुए अपने सचिव को इस दिशा में कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री के सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने मुख्य सचिव राहुल भटनागर को मुख्यमंत्री की मंशा बताई है। जिसके बाद शुक्रवार को मुख्य सचिव ने प्रमुख सचिव कार्मिक, विभिन्न महकमों के अधिकारियों को तलब कर लोक सेवा आयोग, अधीनस्थ चयन सेवा आयोग, पुलिस भर्ती बोर्ड व अन्य चयन बोडरे द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति की औपचारिकता पूरी कराने के लिए वांछित पत्र की प्रति फौरन उपलब्ध करायी जाए। संबंधित विभागों को आयोगों द्वारा प्राप्त चयन संस्तुति सूची के अनुसार निर्गत किये गये नियुक्ति पत्र की ब्योरा पद वार 13 दिसंबर को प्रमुख सचिव, नियुक्ति एवं कार्मिक को भेज दिया जाए। चयनित सूची प्राप्त होने के बाद नियुक्ति पत्र जारी करने में देरी करने वाले अधिकारियों को चिन्हित कर कार्रवाई करने का प्रस्ताव भी मुख्य सचिव ने मांगा है।

पांच साल में हुईं लगभग 5 लाख भर्तियां
सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि वर्ष 2012 से अब तक विभिन्न विभागों में चार लाख 58 हजार 861 युवकों को विभिन्न वर्गो के पद पर भर्ती की गई है। मुख्य सचिव राहुल भटनागर ने जब सभी सरकारी विभागों में नौकरियों का ब्योरा तलब किया तो यह आंकड़े सामने आए। बताया गया कि अब तक सभी सरकारी विभागों में करीब 4 लाख 58 हजार से ज्यादा भर्तियां हो चुकी हैं। मुख्य सचिव ने सभी विभागों को 13 दिसंबर तक अपने यहां हुई भर्तियों का ब्योरा देने को कहा है। मुख्य सचिव ने यह भी कहा है कि किसी भी हाल में सभी नियुक्त अभ्यर्थियों का नियुक्ति पत्र जारी कर दें। जो विभाग नियुक्ति पत्र नहीं जारी करेंगे, उन अफसरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


  • बेसिक शिक्षा विभाग- 2,79,530
  • पुलिस विभाग- 48,967
  • अधीनस्थ चयन आयोग- 33,706
  • लोक सेवा आयोग- 26,721
  • माध्यमिक शिक्षा- 15,378
  • राजस्व विभाग- 14,126
  • चिकित्सा एवं स्वास्थ्य- 11,416
  • मा. शिक्षा चयन बोर्ड- 6,005
  • पावर कॉरपोरेशन- 5,207
  • चिकित्सा शिक्षा- 5,052
  • ऊर्जा विभाग- 4241
  • सहकारिता- 2353
  • विद्युत उत्पादन निगम- 1,971
  • पशुधन- 1,109
  • नगर विकास- 642
  • उच्च शिक्षा विभाग- 579
  • सिंचाई विभाग- 438
  • पंचायती राज विभाग- 203
  • आवास एवं शहरी नियोजन- 114
  • सहकारी चीनी मिल संघ- 29
  • राज्य सम्पत्ति- 22
  • समाज कल्याण- 332
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो