आगरा में दो अप्रैल और छह सितम्बर को भारत बंद हुआ था। दो अप्रैल को आगरा शहर में जबरदस्त बवाल हुआ था। कई स्थानों पर आगजनी और हंगामा हुआ था। उपद्रवियों ने जिला मुख्यालय पर कब्जा तक कर लिया था। वहीं छह सितम्बर को देहात क्षेत्र में सवर्ण और दलितों के बीच संघर्ष हुआ था। एहतियातन आगरा पुलिस ने दस सितम्बर को भी भारत बंद के लिए सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद कर रखी है। शहर के हर हिस्से पर पुलिस का पहरा लगा रखा है।
भारत बंद के दौरान हुए बवाल को देखते हुए कई स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। हालांकि मिशनरी स्कूल खुले हुए हैं। दस सितम्बर का भारत बंद का असर सिर्फ कुछ एक ही हिस्सों में देखने को मिल रहा हैं
आगरा में पिछले 28 सालों से कांग्रेस पार्टी का विधायक विधानसभा से दूर है। कांग्रेस हर बार प्रयास करती है कि 28 साल का ये सूखा समाप्त हो जाए लेकिन, कांग्रेस को निराशा और हताशा हाथ लगती है। कांग्रेस पार्टी पेट्रोल डीजल और अन्य महंगाई के मुद्दों पर सरकार को घेरने का प्रयास कर रही है। लेकिन आगरा में भारत बंद बेअसर दिख रहा है।