scriptकिसके हाथ में होगी शहर की सरकार, ऐसे लगाया हिसाब | Nagar Nikay Chunav UP 2017 BJP SP BSP Congress candidates update | Patrika News
आगरा

किसके हाथ में होगी शहर की सरकार, ऐसे लगाया हिसाब

बसपा प्रत्याशी ने लगा लिया है हिसाब कि किसे कितने वोट मिलेंगे।

आगराNov 23, 2017 / 09:51 am

धीरेंद्र यादव

Nagar Nikay Chunav UP 2017

Nagar Nikay Chunav UP 2017

आगरा। उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव के मतदान के बाद ताजमहल के शहर की सरकार किसके हाथ में होगी, इसका खुलासा एक दिसम्बर, 2017 को होगा। अब चूंकि मतदान हो गया है, इसलिए जीत-हार का गणित लगाना लाजमी है। प्रत्याशी अपनी दृष्टि से हिसाब लगा रहे हैं। कितने वोट मिले हैं, किसके कितने वोट काटे हैं, इस गुंताड़े में लगे हुए हैं। आगरा में मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी नवीन जैन और बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी दिगम्बर सिंह धाकरे के बीच माना जा रहा है। समाजवादी पार्टी के राहुल चतुर्वेदी और कांग्रेस के प्रत्याशी विनोद बंसल इन दोनों का खेल बिगाड़ने में लगे रहे।
नगर निगम में 12,67,581 वोटर में से 5,03,978 ने वोट डाले। यानी कुल 39.66 फीसदी ने मतदान किया। माना जा रहा है कि जो 2.50 लाख वोट ले आएगा, वह जीत जाएगा। पत्रिका ने फोन पर प्रत्याशियों से संपर्क करने का प्रयास किया। बसपा के दिगम्बर सिंह धाकरे ने ही फोन रिसीव किया। आइए जानते हैं उनके पास जीत और हार का क्या आंकड़ा है-
ये है जीत का आंकड़ा
दिगम्बर सिंह धाकरे बताते हैं- 2.10 लाख वोट मुझे मिलने चाहिए। इनमें से 40 हजार वोट भाजपा समर्थकों के मिलेंगे। 1.85 लाख भाजपा के नवीन जैन को, 65-70 हजार वोट सपा के राहुल चतुर्वेदी को, 17-18 हजार कांग्रेस के विनोद बंसल को, 10-15 हजार निर्दलीय चौधरी बशीर को और करीब 3-4 हजार राष्ट्रीय लोकदल के लोचन चौधरी एडवोकेट को मिलने की संभावना है। भारतीय जनता पार्टी की हार इसलिए होगी क्योंकि कोई अंडर करंट नहीं था। पॉश कॉलोनी के लोगों ने वोट नहीं डाला है। भाजपा के वोट मैंने बहुत काटे हैं। मैंने काम भी बहुत किया है। अब लगता है कि अगर मुसलमान वोटों पर इतना काम करता, तो अधिक लाभ होता। मेरा उद्देश्य था कि इस चुनाव में मैं अपनी बात भापाइयों तक पहुंचाऊं और इसमें सफल रहा।
टिकट क्यों काटा
श्री धाकरे ने यह भी रहस्य खोला कि भारतीय जनता पार्टी ने पुरुषोत्तम खंडेलवाल, सुरेन्द्र गुप्ता एडवोकेट, प्रमोद गुप्ता का टिकट क्यों काटा। उन्होंने बताया कि इन प्रत्याशियों के पास पैसा नहीं था। भाजपा इस चुनाव को पैसे का चुनाव बना रही थी। दूसरी बात यह है कि भाजपा ने ठाकुर समाज के कुछ लोगों को खरीदने का प्रयास किया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में बूथ कैप्चरिंग कराई गई। कहीं वोटर लिस्ट से नाम गायब कराए गए, तो कहीं प्रत्यक्ष रूप से। उन्होंने कई विधायकों पर बूथ कब्जाने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि भाजपा ने तो हार उसी दिन मान ली थी, जिस दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चुनाव प्रचार के लिए बुलाया था। भाजपा ने चुनाव जीतने के लिए हर हथकंडा अपनाया, लेकिन सफलता नहीं मिलेगी।
मतदान प्रतिशत
आगरा नगर निगम में 39.66 प्रतिशत, नगर पालिका परिषद एत्मादपुर में 69.56 प्रतिशत, फतेहपुर सीकरी में 64.48 प्रतिशत, अछनेरा में 65.56 प्रतिशत, बाह में 63.43 प्रतिशत तथा शमसाबाद में 71.41 प्रतिशत मतदान हुआ। इसी प्रकार नगर पंचायत फतेहाबाद में 55.22 प्रतिशत, जगनेर में 81.59 प्रतिशत, स्वामीबाग में 62.33 प्रतिशत, पिनाहट में 60.84 प्रतिशत, खेरागढ़ 65 प्रतिशत तथा किरावली में 70.31 प्रतिशत मतदान हुआ। आगरा नगर निगम सहित समस्त नगर निकाय क्षेत्रों की मत संख्या 14 लाख 51 हजार 928 के सापेक्ष कुल 6 लाख 24 हजार 650 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिले में कुल मतदान 43.02 प्रतिशत रहा।

Home / Agra / किसके हाथ में होगी शहर की सरकार, ऐसे लगाया हिसाब

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो