scriptछह साल बाद फिर होगा मानसतंभ महामस्तकाभिषेक | Shri Shantinath Digambar Jain Temple Mahamastakabhishek in october | Patrika News
आगरा

छह साल बाद फिर होगा मानसतंभ महामस्तकाभिषेक

श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, एमडी जैन इंटर कॉलेज, हरीपर्वत पर चार दिन होगा आयोजन।

आगराAug 31, 2018 / 11:17 am

Bhanu Pratap

jain

jain

आगरा। श्री दिगंबर जैन शिक्षा समिति आगरा के अंतर्गत मानस्तंभ महामस्तकाभिषेक का आयोजन राष्ट्रीय संत ज्ञान सागर महाराज व मुनिश्री विशुद्ध सागर महाराज के सानिध्य में 13 से 16 अक्टूबर 2018 तक चलेगा। स्थान है- श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, एमडी जैन इंटर कॉलेज, हरीपर्वत आगरा।
छह कार्यक्रम

दिगंबर जैन शिक्षा समिति के अध्यक्ष श्री प्रदीप जैन (पीएनसी) ने बताया कि आगरा नगर के हृदय स्थल श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर हरीपर्वत पर 65 वर्ष पुराना व 45 फुट ऊंचा मानस्तंभ महामस्तकाभिषेक 6 वर्ष बाद राष्ट्रीय संत मुनिश्री ज्ञान सागर महाराज के सानिध्य में होने जा रहा है। इस महामस्तकाभिषेक के सभी धार्मिक क्रिया प्रतिष्ठाचार्य पंडित सनत कुमार विनोद कुमार जैन के निर्देशन में आयोजित की जा रही है। यह कार्यक्रम 13 अक्टूबर को घटयात्रा के साथ प्रारंभ होगा। इसके उपरांत ध्वजारोहण व दीप प्रज्ज्वलन होगा। विधि विधान व मंत्रों द्वारा मंडप शुद्धि व श्री भक्तामर विधान का आयोजन किया जाएगा।
ये है कार्यक्रम

समिति के महामंत्री डॉ जितेंद्र जैन ने बताया कि 14 अक्टूबर को प्रातः 8:00 बजे से मंत्र उच्चारण के साथ महामस्तकाभिषेक की क्रिया प्रारंभ होगी, जिसमें प्रथम दिन 2100 कलश से भगवान का अभिषेक होगा। उसी दिन शाम 7:30 से 1008 दीपों की महाआरती का आयोजन किया जाएगा। रात्रि में विभिन्न महिला मंडलों द्वारा भव्य भजन व नृत्य की भव्य प्रस्तुति आयोजित की जाएगी। 15 अक्टूबर को प्रातः पूजन के उपरांत पुनः अभिषेक प्रारंभ होगा। शाम 7:30 बजे महाआरती व रात्रि में 8:00 बजे अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन होगा। 13 अक्टूबर को प्रातः पूजन व हवन के साथ महामस्तकाभिषेक का समापन होगा।
बाहर से भी आते हैं भक्त

उन्होंने बताया कि इस महामस्तकाभिषेक का आयोजन प्रत्येक 6 वर्ष में एक बार आयोजित किया जाता है। जिसमें आगरा शहर के आसपास से भी काफी संख्या में भक्तगण उपस्थित रहते हैं। इस अवसर पर अध्यक्ष प्रदीप जैन महामंत्री, डॉ जितेंद्र जैन, भोलानाथ जैन,चंदा बाबू जैन, अखिल बारोलिया, सत्येंद्र पथिक, राकेश जैन (पार्षद),पारस जैन, रूपेश जैन, कमल गोदा, अशोक जैन, राजकुमार जैन (राजू), अनंत जैन, मनीष जैन, मीडिया प्रभारी प्रमेंद्र जैन आदि उपस्थित थे।

Home / Agra / छह साल बाद फिर होगा मानसतंभ महामस्तकाभिषेक

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो